Exclusive Interview- फिल्म, टीवी और ओटीटी अलग अलग नशे की तरह है- ज़ाकिर हुसैन
सरकार, रईस, जॉनी गद्दार और ना जाने कितनी दमदार फिल्मों में शानदार अभिनय करने वाले अभिनेता जाकिर हुसैन इस समय अपनी अपकमिंग फिल्म फ्लाइट को लेकर काफी चर्चा में चल रहे हैं। सूरज जोशी द्वारा निर्देशित इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और फैंस को ये काफी ज्यादा पसंद आया है। ऐसा माना जा रहा है कि ये फिल्म काफी अलग होने वाली है। इस फिल्म के स्टारकास्ट की बात करें जाकिर हुसैन के साथ पवन मल्होत्रा, विवेक वाशवानी, शिबानी बेदी और प्रीतम सिंह जैसे कलाकार नजर आने वाले है।
इस फिल्म के बारे में अभिनेता जाकिर हुसैन का कहना है ये एक संस्पेंस मूवी है जिसके बारे वो ज्यादा खुलासा नहीं कर सकते हैं। अपने किरदार के बारे में भी वो कुछ भी बताने से परहेज करते हुए नजर आए और फिल्म में सबकुछ देखने की बात कही है।

एक एक्टर के तौर पर फिल्म 'एक हसीना थी' से अपने करियर की शुरुआत करने वाले जाकिर हुसैन ने हाल ही में फिल्मीबीट से एक्सक्लूसिव बात की है।
आने वाली फिल्म फ्लाइट और अपने करियर को लेकर कई दिलचस्प बातें उन्होने बताई हैं। फिलहाल आप पढ़िए फिल्मीबीट से हुई अभिनेता जाकिर हुसैन की खास बातचीत के मुख्य अंश...

आने वाली फिल्म Flight में आप किस तरह का किरदार निभा रहे हैं ? कुछ डीटेल्स यदि आप शेयर करना चाहें तो..
अभी हमें मना किया गया है कि कैरेक्टर क्या है इस बारे में अभी आप कुछ ना बताएं। इस फिल्म में संस्पेंस रखा गया है और ये कितना ज्यादा अलग साबित होगा ये तो फिल्म देखने के बाद ही पता चलेगा।

आज कोरोना के दौर में फिल्म रिलीज को लेकर कितना प्रेशर महसूस करते हैं?
हम फिल्म का हिस्सा हैं तो ये चाहेंगे की ज्यादा से ज्यादा लोगों तक ये फिल्म पहुंचनी चाहिए। लेकिन इस वक्त थिएटर्स बंद हैं, ये एक विडंबना है कि महामारी आई है तो इसके साथ ही हमें जीना है। लेकिन ये है कि कुछ और भी दूसरे प्लेटफॉर्म्स हैं। कहीं ना कहीं चीजें दर्शकों तक पहुंच ही जाती हैं। लेकिन थिएटर्स का मजा कुछ और था, चीजें सही हो जाएंगी तो खुल जाएंगे। मेरा ये मानना है कि बदलाव अगर आता है तो अच्छे के लिए ही आता है। जो होगा वो अच्छा होगा और हमें भी वक्त के साथ बदलना चाहिए, ऐसा भी नहीं है कि फिल्में बनना बंद हो जाएंगी। बंद कुछ भी नहीं होगा ऐसा मेरा मानना है। बस उसका प्रारूप बदल सकता है, प्लेटफॉर्म बदल सकते हैं, जैसे धीरे धीरे सभी चीजें ओटीटी पर आने लगी हैं। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी फिल्मों की तरह की शूटिंग्स होती हैं, यहां 2 घंटे फिल्में बनती हैं तो वहीं ओटीटी पर 15 घंटे की फिल्में बनती हैं।

बतौर एक्टर, किस तरह के रोल या किरदार आपको attract करते हैं?
मैं ऐसा अपने आपको समझता हूं कि मैं एक वर्कर हूं, जैसे घर में काम हो रहा है और हर घर अलग होता है, इसी तरह हर स्क्रिप्ट भी अलग होती है। हर कैरेक्टर को किस तरह से अलग बना लिया जाए ये हमारी कोशिश होती है। हम हर तरह के रोल करना पसंद करते हैं, पहले भी किए हैँ। थिएटर्स में किए, फिल्मों में किए हैं और टीवी में भी किए हैं। अलग अलग तरह के रोल करते रहें हैं, उसमें मजा भी आता है।

लगभग दो दशकों से आप फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा रहे हैं, कुछ यादगार अनुभवों को बांटना चाहेंगे?
यादगार ऐसे क्या बताऊं, बड़ी अच्छी अच्छी यादें हैं। जैसे मैने एक फिल्म की थी सरकार। मैने वो एक सीन किया और बाद में मुझे बुलाया गया और काफी तारीफ की गई थी। ऊपर वाले का शुक्रगुजार हूं कि मुझे इन चीजों के लिए चुना गया और मैं उसके चुनाव में खरा उतर पाया।

तब से अब तक में फिल्मों में काफी बदलाव देखे जा रहे हैं, आज सह कलाकारों के लिए भी काफी मजबूत किरदार लिखे जा रहे हैं, कंटेंट में काफी चेंज आया है.. इन बदलाव से खुश हैं?
हां बिल्कुल खुश हैं, बदलाव तो होना चाहिए। सबसे अच्छी चीजें मेकर्स को लेकर होती हैं कि वो नए नए लोगों के साथ काम करते हैं और उनको मौका देते हैं, और पुराने लोगों से भी अच्छा काम करवाने की कोशिश करते हैं। मुझे ऐसे डायरेक्टर्स काफी पसंद हैं जो आपसे डिमांड करते हैं कि वो इस सीन पर और मेहनत करें। एक एक्टर के तौर पर और भी ज्यादा वो सीन निखरकर आए। ये हमारा काम होता है कि हम अपना काम और अच्छे से करें और उनकी उम्मीदों पर खरे उतरें।

आपने NSD से ग्रेजुएशन किया है.. थियेटर, टीवी, फिल्में.. हर मीडियम पर काम किया है.. किसमें खुद को ज्यादा कंफर्टेबल पाते हैं?
कंफर्टेबल तो मैं हर जगह महसूस करता हूं, डिस्कंफर्टेबल की तो बात ही नहीं है। जो चीज में आप डिस्कंफर्ट होंगे वो तो खत्म ही हो जाएगी ना। टीवी के अंदर एक अलग रूल्स हैं उनके हिसाब से आप काम करिए, फिल्मों में थोड़ा अलग है और थिएटर का अपना एक अलग मजा है। तो ये एक अलग अलग नशा है, एक रम है, एक व्हिस्की, एक वॉडका और एक भांग है.. हैं तो नशे लेकिन अलग अलग हैं।

आपका अपना कौन सा किरदार सबसे फेवरिट रहा है? जिसे करने में आपको सबसे ज्यादा मजा आया हो?
मुझे जॉनी गद्दार का किरदार करने में काफी मजा आया था, सरकार का किरदार करने में बहुत मजा आया, अब क्या कहूं क्योंकि सारे अपने ही बच्चे हैं। छोटे बड़ों को प्यार देते हैं। सारे ही किरदार अपने आप में संजीदा हैं।

आपके आने वाले प्रोजेक्ट्स ? फिल्में , वेब सीरिज....
आने वाले समय में कुछ ओटीटी पर फिल्म आने वाली हैं। सत्यमेव जयते पार्ट 2 है, तीन से चार फिल्म ओटीटी पर आएंगी उनकी शूटिंग चल रही है। कुछ वेब सीरीज भी हैं जो चल रही हैं। कुछ सीरीज के नाम भी मुझे बाद में ही पता लगते हैं।


Click it and Unblock the Notifications











