डाकू 'पान सिंह तोमर' पर है मेरी फिल्म : तिगमांशु धूलिया
तिगमांशु की यह फिल्म पान सिंह को उनकी श्रद्धांजलि है। इरफान ने इसमें बेहतरीन अभिनय किया है। तिगमांशु ने बताया, "जब मैं 'बैंडिट क्वीन' में शेखर कपूर के सहायक के बतौर काम कर रहा था, तभी मैंने पान सिंह तोमर के विषय में एक लेख पढ़ा था। तब मैंने निर्णय लिया था कि मैं जब भी निर्देशक बनूंगा तब उन पर फिल्म बनाऊंगा।" तिगमांशु ने 'हासिल' और 'चरस' जैसी फिल्मों से अपने करियर की शुरुआत की थी।
फिल्म बताती है कि पान सिंह पर निजी परेशानियों के चलते सेना छोड़ देने का दबाव बन गया था और जब वह मध्य प्रदेश में अपने घर लौटे तो कुछ ऐसी स्थितियां निर्मित हुईं कि उन्हें बागी हो जाना पड़ा और उन्होंने हाथ में बंदूक उठा ली। तिगमांशु ने बताया, "जब हमने इसके लिए शोध किया तो पाया कि किसी समय राष्ट्र का गौरव रहे पान सिंह तोमर पर कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। हमने उनकी पत्नी, उनके बेटे और उनके कोच से बात की। इसके बाद हमने उस समय सक्रिय रहे डाकुओं से उनके जीवन के विषय में जानने की कोशिश की।"
इरफान का सशक्त अभिनय इस फिल्म की आत्मा है। रुड़की छावनी और चम्बल घाटी में आठ करोड़ रुपयों का लागत से इस फिल्म की शूटिंग हुई है। माही गिल ने पान सिंह की पत्नी की भूमिका निभाई है। बुधवार को अबू धाबी फिल्म महोत्सव में 'पान सिंह तोमर' का विश्व प्रीमियर हुआ, जहां इसे दर्शकों की खूब तारीफें मिलीं। भारत में इसका प्रदर्शन अगले साल होगा।


Click it and Unblock the Notifications












