छोटे शहरों की प्रतिभाओं को मंच मिले: मल्लिका

मल्लिका यह भी महसूस करती हैं कि छोटे शहरों की प्रतिभाओं को मंच मिलना चाहिए। मल्लिका कलर्स चैनल पर प्रसारित होने वाले डांस रिएलिटी शो 'चक धूम धूम' में जज के बतौर शामिल हुई हैं।
उन्होंने आईएएनएस से एक साक्षात्कार में कहा, "टीवी की पहुंच बहुत ज्यादा है और मेरी फिल्में केवल 18 वर्ष से अधिक उम्र के दर्शकों के लिए होती हैं। इसलिए मुझे लगता है कि यह एक बहुत अच्छा अवसर है। अब इतना इंतजार कौन करेगा कि वे 18 साल के हों और मेरी फिल्में देखें।"
उन्होंने कहा, "कुछ अलग क्यों नहीं करना चाहिए। मैंने हमेशा अपने करियर में कुछ अलग करने की कोशिश की है। यदि हर कोई बाईं ओर जाता है तो मैं दाईं ओर जाती हूं। मैंने बहुत से अनोखे प्रयोग किए हैं, उनमें से कुछ सफल रहे तो कुछ असफल भी हुए लेकिन मैं तय रास्तों पर नहीं चलती और इस बार भी ऐसा ही है।"
इस शो में दुनियाभर के नृत्य समूहों ने हिस्सा लिया है और शुक्रवार से इसका प्रसारण भी शुरू हो गया है। मल्लिका ने कहा, "मेरी कोई फिल्मी पृष्ठभूमि नहीं रही जिसके चलते मुझे संघर्ष करना पड़ा, बॉलीवुड में वंशवाद है, यहां के स्थापित लोग अपने ही लोगों को प्रोत्साहित करते हैं। मेरे लिए यह बहुत महत्वपूर्ण है कि छोटे शहरों के लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच मिले।"
वैसे मल्लिका हरियाणा के रोहतक शहर से हैं। मल्लिका को 'ख्वाहिश', 'मर्डर' और 'हिस्स' जैसी फिल्मों में अभिनय के लिए जाना जाता है।


Click it and Unblock the Notifications











