INTERVIEW: मैं पहले नर्वस थी, लेकिन बॉलीवुड से मुझे जो प्यार और अपनापन मिला, वो अद्भुत है- रश्मिका मंदाना

Rashmika Mandanna: पुष्पा की अपार सफलता के बाद रश्मिका मंदाना पॉपुलैरिटी की नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। साउथ में कई हिट फिल्में देने के बाद, 2022 में अभिनेत्री ने गुडबॉय के साथ हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में भी कदम रखा है। वहीं अब रश्मिका अपनी दूसरी हिंदी फिल्म मिशन मजनू को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
शांतनु बागची के निर्देशन में बनी फिल्म मिशन मजनू में सिद्धार्थ मल्होत्रा और रश्मिका मंदाना मुख्य किरदारों में दिखेंगे। फिल्म 20 जनवरी से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध हो जाएगी। इस फिल्म में रश्मिका एक पाकिस्तानी लड़की की भूमिका निभा रही हैं, जो एक रॉ एजेंट से प्यार करने लगती है।
मिशन मजनू की रिलीज से पहले, रश्मिका मंदाना ने फिल्मीबीट के साथ खास बातचीत की है, जहां एक्ट्रेस ने आने वाली फिल्मों के अलावा बॉलीवुड में काम करने के अनुभव को शेयर किया। रश्मिका ने कहा कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री और साउथ की फिल्म इंडस्ट्रीज में ज्यादा फर्क नहीं है, बल्कि आप कैसी टीम के साथ काम करते हैं, इससे फर्क पड़ता है।
यहां पढ़ें इंटरव्यू से कुछ प्रमुख अंश-

Q. दो फिल्मों की रिलीज के साथ आपने साल 2023 की शुरुआत की है। इस साल और क्या उम्मीदें रखती हैं?
A. मैं साल 2023 को लेकर बहुत उत्साहित हूं। इस साल मेरी चार फिल्में रिलीज होने वाली हैं। इसके साथ मैं तीन और नई फिल्में शुरु करने वाली हूं, जिसके बारे में फिलहाल मैं ज्यादा बात नहीं कर सकती क्योंकि कुछ की घोषणा भी नहीं हुई है। हाल ही वारिसु रिलीज हुई है, अब 20 जनवरी को मिशन मजनू आ रही है, फिर 11 अगस्त को एनिमल और एक फिल्म साल के अंत में आने वाली है।
Q. मिशन मजनू पहली हिंदी फिल्म थी, जिसकी आपने शूटिंग की। कैसा अनुभव रहा?
A. शुरुआत में मैं थोड़ा डरी हुई थी क्योंकि नई टीम थी, नए लोग थे, नई फिल्म थी। लेकिन दो- तीन दिनों की शूट के बाद मैं सेट पर पूरी टीम के साथ बहुत ही कंफर्टेबल हो गई थी। सिद्धार्थ के साथ मेरी बॉण्डिंग फिटनेस और खाने को लेकर बनी। हमारी शूटिंग का शेड्यूल इतना टाइट था कि हम सिर्फ खाने के समय ही साथ में बैठ पाते थे।

Q. फैंस आपकी जोड़ी को काफी पसंद कर रहे हैं।
A. हां, मैं फैंस के पोस्ट्स, टीट्स वैगेरह देखती रहती हूं और मेरे दिल में उनके लिए बहुत प्यार है। हम जो भी करते हैं उनके लिए ही करते हैं और जब वो ऐसे पॉजिटिव रिएक्शन देते हैं और हमारी पेयरिंग को पसंद करते हैं, तो खुशी होती है।
Q. मिशन मजनू में 70 के दशक को दिखाया गया। उस वक्त को जीना कितना एक्साइटिंग रहा?
A. एक तरह से देखा जाए तो फिल्म में जो वक्त दिखाया गया है, वो डायरेक्टर का विजन है। हमें जितना भी बताया गया, हम सिर्फ उतनी ही बातें जानते हैं। हम वास्तव में नहीं जानते कि 70 का दशक कैसा होगा। जो बातें दर्ज नहीं हैं या जिनके बारे में नहीं कहा गया है, वो कोई नहीं जानता। फिर भी जहां तक मैंने समझा है, वह काफी मासूमियत का दौर था। लोगों के लिए परिवार मायने रखते थे, वो दोस्त मायने रखते थे जिनके साथ वो बड़े हुए हैं और वो परिवार जहां आपकी शादी होती है। लेकिन अब हम तकनीकी स्तर पर बहुत आगे पहुंच चुके हैं। हमारे पास बहुत ज्यादा इंफॉर्मेशन है, जो वास्तव में अच्छा है, लेकिन साथ ही यह हानिकारक भी है। 5 साल के बच्चे भी इन दिनों 50 साल के लोगों की तरह बात करते हैं, जो बहुत अलग है। जब मैं छोटी थी तो अपनी मां से पिटाई भी खाती थी।

Q. बॉलीवुड में अब तक का सफर कैसा रहा?
A. मैं बहुत खुश हूं, शुरुआत में मैं थोड़ी नर्वस थी लेकिन बॉलीवुड से मुझे जो प्यार और गर्मजोशी मिली है, वह बिल्कुल अद्भुत है और मैं वास्तव में आभारी हूं।
Q. आपने अलग अलग फिल्म इंडस्ट्रीज में काम किया है। कुछ फर्क महसूस होता है?
A. सच कहूं तो, कुछ खास नहीं। मेरा मानना है कि इंडस्ट्रीज के बीच कोई अंतर नहीं है, बल्कि अंतर उस टीम से आता है, जिनके साथ आप काम कर रहे हैं। मैंने कन्नड़ में शुरुआत की और फिर उसके बाद मैं आज 5 अलग-अलग इंडस्ट्रीज में काम कर चुकी हूं। इसीलिए, मुझे नहीं लगता है हिंदी फिल्म इंडस्ट्री या बाकी इंडस्ट्रीज में कुछ अलग है। आप जो कैरेक्टर कर रहे हैं, जो कहानी कह रहे हैं और जिस टीम के साथ आप काम कर रहे हैं, उससे फर्क पड़ता है।

Q. आपके एयरपोर्ट लुक्स काफी खबरों में रहती हैं। हर वक्त परफेक्ट दिखने का तनाव रहता है?
A. (हंसते हुए) नहीं, नहीं। यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप कैसा बनना चाहते हैं.. क्योंकि अंत में, कोई भी इंसान परफेक्ट नहीं होता है। एक एक्टर के तौर पर मैं भी 9-5 या 9-9 की नौकरी करती हूं। बाकी के वक्त में मैं बिल्कुल रिलैक्स रहती हूं। और मैंने शुरुआत से ही पैप्स के साथ ऐसा रिलेशन बनाए रखा है, इसलिए मुझे नहीं लगता कि यह कोई समस्या होगी। वो भी अपना काम कर रहे हैं, इसलिए उनके साथ कुछ सेकंड या कुछ मिनट की बातचीत करने से और पॉजिटिविटी देने में कोई हर्ज नहीं है।
Q. पुष्पा की श्रीवल्ली से आपको देश- दुनियाभर में पहचान मिली। बतौर कलाकार कितना रोमांचक होता है कि लोग आपको आपके किरदार के नाम से जानें?
A. करियर की शुरुआत से ही मैंने बिल्कुल अलग-अलग तरह के किरदार किये हैं जिनसे लोगों ने मुझे पहचाना है। सान्वी है, गीता है, और अब श्रीवल्ली है। बेशक पुष्पा 2 फिर से श्रीवल्ली को एक नई पहचान देगी, जो और भी बड़ी होगी। लेकिन मुझे ऐसा लगता है कि अगर मेरा अगला किरदार भी इतना ही मजबूत रहे कि दर्शक मुझे उस नाम से जानने लगें, तो वो मेरे लिए सही मायने में जीत होगी। मेरी पूरी प्रेरणा और मेरे करियर का लक्ष्य इन बेहद शानदार किरदारों को निभाना और इन किरदारों के नाम से पुकारा जाना है।


Click it and Unblock the Notifications











