यशराज फिल्म्स ने प्रियंका को बिगाडा

By Super

Priyanka and Uday Chopra
वर्ष 2009 में 'फैशन", 'कमीने" और 'दोस्ताना" के ज़रिए हिट फिल्मों की हैट्रिक मारनेवाली प्रियंका चोपडा फिलहाल नए वर्ष में उदय चोपडा के साथ 'प्यार इंपॉसिबल" के ज़रिए अपने प्यार को पॉसिबल बनाने आ रही हैं। नया वर्ष उनके लिए खुशियों की क्या क्या सौगात लेकर आएगा आइए उन्हीं से जानते हैं।

प्रश्न -'प्यार इम्पॉसिबल" का सबसे इंपॉसिबल पार्ट क्या था ?

उत्तर - (हंसते हुए) मेरे अनुसार इस फिल्म के किरदार अलिशा और अभय इस फिल्म के सबसे इंपॉसिबल पार्ट हैं। जब आप यह फिल्म देखेंगे तो आपको पता चलेगा कि प्यार इंपॉसिबल क्यों हैं। यकीन कीजिए इस फिल्म को साइन करने की सबसे बडी वजह यही है कि हर इंसान की ज़िन्दगी में उसे ऐसे शख्स से प्यार ज़रूर होता है जिसे वह चाहकर भी हासिल नहीं कर सकता और यह बात वह शख्स भी जानता है मगर फिर भी वह कोशिश करता है। इस फिल्म में अलिशा को पाने की अभय की चाहत सात साल बाद अलिशा को पता चलती है, जब कॉलेज खत्म होने के सात साल बाद वह एक बार फिर अलिशा को नए सिरे से मिलता है।

प्रश्न - फिल्म में आपका लुक काफी अच्छा लग रहा है, क्या आपने इस फिल्म के लिए पहली बार बाल काटे हैं ?

उत्तर - जी हां मैंने पहली बार इस फिल्म के लिए अपने बाल काटे हैं क्योंकि यह किरदार की मांग थी। सच कहूं तो जिस किरदार में मेरी बहुत आस्था होती है उस किरदार में मैं पूरी तरह रम जाती हूं।

प्रश्न - थोडे से में अपने किरदार के बारे में भी बता दीजिए ?

उत्तर - इस फिल्म में मैं अलिशा मर्चेंट का किरदार निभा रही हूं जो एक सॉफ़्टवेयर कंपनी में पी आर मार्केटिंग एजेंट है। अलिशा ज़िन्दगी को पूरी ज़िन्दादिली से जीने में यकीन करती है मगर छोटी सी उम्र में ही इतना कुछ हो जाता है कि उसे ना चाहते हुए भी अपनी उम्र से बडा होना पडता है। छोटी उम्र में इतनी सारी ज़िम्मेदारियां निभाना अलिशा के लिए काफी मुश्किल हो जाता है और तभी अभय उसकी ज़िन्दगी में आता है। अभय के आने के बाद अलिशा की ज़िन्दगी में ताज़गी आ जाती है। वह अभय से कहती है कि तुम मेरी ज़िन्दगी में पहले क्यों नहीं आए लेकिन अभय को इस बात का एहसास रहता है कि वह तो कॉलेज से ही अलिशा को चाहता है।

प्रश्न - अगर वास्तविक ज़िंदगी में ऐसा कोई शख्स आपको आकर कहे कि वह आपको कॉलेज के दिनों से चाहता है तो आपकी क्या प्रतिक्रिया होगी ?

उत्तर - दरअसल अलिशा, अभय से सिर्फ इसलिए प्यार नहीं करती कि वह उससे प्यार करता है बल्कि अलिशा को उसका साथ बहुत भाता है। अगर मेरी ज़िन्दगी में ऐसा कोई शख्स आ जाए तो मैं उसका स्वागत करूंगी मगर हां वह कोई पागल दिलफेंक आशिक ना हो।

प्रश्न - अपने को स्टार उदय चोपडा के बारे में क्या कहना चाहेंगी ?

उत्तर - शुरू शुरू में मुझे वह काफी शांत और शर्मीले लगे मगर जब मैंने उनसे बात की तो पता चला कि बात करने में वह मुझे भी कॉम्प्टिशन दे सकते हैं। उदय काफी अच्छे इंसान है और मुझे खुशी है कि इस फिल्म के बहाने ही सही मगर उनसे मेरी दोस्ती तो हुई। जिस खूबसूरती से उन्होंने इस किरदार को लिखा है यकीन मानिए मैं उनकी मुरीद हो गई।

प्रश्न - जब आपको यह किरदार ऑफर हुई तो आपकी प्रतिक्रिया क्या थी ?

उत्तर - जब यह फिल्म मेरे पास आई तब वह बहुत ही मुश्किल वक़्त था मेरी ज़िन्दगी का क्योंकि मैं विशाल भारद्वाज की फिल्म 'कमीने" की शूटिंग में व्यस्त थी। वह फिल्म मेरे कैरियर की सबसे मुश्किल फिल्म थी। एक मध्यमवर्गीय मराठी लडकी का किरदार निभाना मेरे लिए सबसे ज़्यादा चुनौती पूर्ण था क्योंकि मैं उसकी तरह ज़रा भी नहीं हूं। उसपर भी मराठी बोलना और वह भी सही उच्चारण के साथ मेरे लिए बहुत मुश्किल था। साथ ही मैं 'फैशन" और 'दोस्ताना" के प्रोमोशन में व्यस्त थी। जब यह फिल्म मेरे पास आई तो मैंने उनसे यही कहा कि अभी मेरे पास कहानी पढने का वक़्त नहीं है। इस कहानी को मैंने तीन महीने बाद पढा और जब मैंने यह कहानी पढी तो मैंने तय कर लिया कि मैं यह फिल्म ज़रूर करूंगी। सच कहूं तो वह कहानी मुझे बहुत सुखद और दिलचस्प लगी। जब मैं यह कहानी पढ रही थी तो मुझे ऐसा लगा कि मैं कोई प्रेम कहानी या उपन्यास पढ रही हूं।

प्रश्न - यशराज में आपकी यह पहली फिल्म है सो उसका अनुभव कैसा रहा ?

उत्तर - अनुभव बहुत अच्छा रहा और सच पूछिए तो मुझे लगता है उन्होंने मुझे बिगाडा है और इसके दो कारण हो सकते हैं। पहली बात तो यह है कि मैं भी उनकी तरह चोपडी (चोपडा) हूं। उन्हें लगा होगा कि अरे यह तो अपनी ही बिरादरी की है तो चलो आ जाओ। या फिर उन्हें मेरा काम पसंद आ गया होगा। लेकिन सच उन्होंने मुझे बहुत बिगाडा है, जैसे खिलाया पिलाया, मेरे सारे नखरे उठाए। शूटिंग के बहाने ही सही मगर मुझे सारा विश्व घुमाया। जहां अक्सर हर रोज़ पन्द्रह सोलह घंटों की शूटिंग करके हम मर जाते थे वहीं इस फिल्म में ज़्यादा से ज़्यादा सात घंटे की शूटिंग रोज़ होती थी। उसके बाद हम गप्पे मारते थे, घूमते थे और बहुत मज़े करते थे। अब बताइए यह बिगाडना नहीं तो और क्या है।

प्रश्न - हमनें सुना है इस फिल्म में आपने एक जूनियर आर्टिस्ट को अपने कपडे भी दिए थे ?

उत्तर - जी हां क्योंकि अगर हम दोनों एक साथ एक कॉलेज में पढ रहे हैं तो हमें दोस्त नज़र आना चाहिए वर्ना मैं दिख रही हूं हूर और वह जैसे कुलाबा की फिरंगी, तो नहीं चलता है ना। दरअसल यह सब बहुत छोटी बातें हैं जो मैंने अपने को स्टार, शाहरुख खान और बिग बी से ही सीखी है।

प्रश्न - रियल लाइफ में आपका प्यार कब पॉसिबल हो रहा है हालांकि अखबारों में कई पन्ने आपकी प्रेम कहानियों पर बर्बाद हो रहे हैं ?

उत्तर - मुझे समझ नहीं आ रहा कि बेवजह क्यों मेरी प्रेम कहानियों को बेचने की कोशिश की जा रही हैं हालांकि ऐसी कोई बात नहीं है। जब मैं इस तरह की खबरें पढती हूं तो वाकई बहुत परेशान हो जाती हूं, आखिरकार मैं भी एक लडकी हूं। दरअसल खबरों से अधिक यह बात बुरी लगती है कि अगर पापा यह सब पढेंगे तो उन्हें कैसा लगेगा सो जब इस तरह की कोई वाहियात खबर होती है तो मैं अखबार छुपा देती हूं।

प्रश्न - फिल्म 'अनजाना अनजानी" में आप रणबीर के साथ एक गाना गानेवाली थी उसका क्या हुआ ?

उत्तर - हां एक गाना गाने के लिए कहा गया है, देखते हैं। अगर यह गाना अच्छा हुआ तो ही मैं यह गाऊंगी क्योंकि मैं सोच रही हूं मैं अपनी गायकी की शुरूआत किसी धमाकेदार गीत से करूं। अभी फिलहाल इसकी शूटिंग जारी है। फरवरी तक इसकी शूटिंग खत्म हो जाएगी।

प्रश्न - आपने विशाल भारद्वाज की जो फिल्म साइन की है उसके बारे में भी बताइए ?

उत्तर - 'अनजाना अनजानी" के बाद मैं उसकी शूटिंग करनेवाली हूं। अभी फिलहाल उसका नाम तय नहीं है सो उसे फिलहाल 'सेवन हस्बैंड" का नाम दिया गया है। यह एक ज़िन्दादिल लडकी की कहानी है जो मैं निभा रही हूं। सच कहूं तो मुझे लगता है 'कमीने" के बाद एक बार फिर विशाल जी ने मुझे काफी चुनौतीपूर्ण किरदार दिया है।

प्रश्न - इस साल आपकी कई फिल्में हिट गई तो क्या अब आपको यह लगता है कि आप नंबर वन हो गई हैं ?

उत्तर - मैं नंबर वन इमेज पर ज़रा भी विश्वास नहीं करती क्योंकि हर शुक्रवार को यह इमेज फिल्म के साथ बदल जाती है। जब फिल्म चलती है तो नंबर वन हो जाते हैं और नहीं चलती तो नंबर तीन पर आ जाते हैं तो यह सब नंबरों का खेल है।

प्रश्न - टेलीविजन पर शुरू होनेवाले नए गेम शो 'लिफ्ट करा दे" का अनुभव कैसा रहा, जिसमें आप अपने कई फैन से मिलीं ?

उत्तर - वह अनुभव मेरी ज़िन्दगी का सबसे यादगार लम्हा था। मैंने सोचा भी नहीं था कि मुझे इतने लोग चाहते होंगे। मैं फिल्म इंडस्ट्री से नहीं हूं सो मेरे लिए यह सब बातें बहुत बडी रही। जब मैंने उनकी बातें सुनी, उनसे मिली तो मैं काफी विचलित हो गई। एक बार तो यह ख्याल भी आया कि क्या वाकई यह सब मेरे लिए है।

प्रश्न - अभी हाल ही में आपने 'सबसे फेवरिट कौन" में अपनी तीन फिल्मों की मिमिक्री की थी सो भविष्य में कोई आउट एंड आउट कॉमेडी फिल्म साइन करने की योजना है ?

उत्तर - अभी तो बहुत वक़्त है सो वह भी साइन कर लेंगे। दरअसल मैं स्लैप स्टिक कॉमेडी में विश्वास नहीं करती। मुझे 'जाने भी दो यारों" की तरह कॉमेडी फिल्में पसंद है। हाल ही में मुझे रणबीर की 'अजब प्रेम की गजब कहानी" बहुत पसंद आई।

प्रश्न - 'अनजाना अनजानी" और 'सेवन हस्बैंड" के अलावा और कोई फिल्म साइन की है ?

उत्तर - फिलहाल तो यही दो फिल्में साइन की हैं। इसके अलावा यू टीवी की 'साहिब बीबी और गुलाम" साइन की थी मगर उसका पता नहीं क्या हुआ सो उसके बारे में ना पूछें तो बेहतर होगा।

More from Filmibeat

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+
X