Exclusive मुंबई ने बहुत किक दी है- जैकलीन फर्नांडीज
सलमान खान के साथ काम करने की तमन्ना आजकल की हर एक एक्ट्रेस रखती है। जाहिर है कि सलमान जो कि बॉलीवुड के सुपरस्टार हैं के साथ काम करना किसी भी स्टार के करियर को किक देता है। ये किक हाल ही में मिली है जैकलीन फर्नांडीज को जिन्होने अभी तक अपने करियर में करीब 5 फिल्में की हैं जिनमें से कई मल्टीस्टारर हैं। लेकिन जैकलीन को अपने अब तक करियर को लेकर किसी चीज का अफसोस नहीं है। सलमान खान को करीब से जानने के बाद, उनके साथ काम करने के बाद जैकलीन का कहना है कि सलमान अभी तक के उनके बेस्ट को-स्टार हैं। आइये जानते हैं सलमान के साथ काम करने का जैकलीन का अनुभव कैसा रहा-
सलमान खान के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा, क्या खास बात लगी सलमान खान के अंदर?
सलमान खान के साथ काम करने के दौरान मुझे बहुत ही कंफरटेबल महसूस हुआ। वो एक ऐसे कलाकार हैं जिन्हें पता है कि कब उन्हें मजाक करना है, मस्ती करनी है और कब सीरियस होकर काम करना है। बतौर एक्टर वो अपने को-स्टार को बहुत ही कंफरटेबल महसूस कराने की कोशिश करते हैं। वो एक सेट पर या सेट के बाद भी एक बेहतरीन इंसान हैं। मैं पहले भी उनके साथ काम करना चाहती थी और अब उनके साथ काम करने के बाद और उन्हें जानने के बाद मैं कह सकती हूं कि वो एक बहुत ही प्यारे इंसान हैं।
सलमान खान ने कई सारे नये एक्टर व एक्ट्रेसेस को चांस दिया है और उनके साथ काम करने के बाद इन एक्टर्स के करियर ने काफी ऊंचाईंया छुई हैं। सलमान के साथ काम करने के बाद आप अपने भविष्य को लेकर कितना ज्यादा सुरक्षित महसूस करती हैं?
सलमान खान हमेशा से ही नये एक्टर्स के लिए काफी सपोर्टिव रहे हैं। उन्होंने एक्ट्रेसेस ही नहीं बल्कि एक्टर्स को भी चांस दिया है। सलमान खान ने मुझे अपने साथ किक फिल्म में काम करने का मौका देकर मेरे लिए और भी कई दरवाजे खोल दिये हैं। बतौर एक्ट्रेस मैं इस बात को हल्के में नहीं लूंगी। मैं अब और भी ज्यादा मेहनत और लगन के साथ काम करुंगी। क्योंकि सलमान खान तो हर वक्त मेरे आस पास नहीं रह सकते। अब मुझे अपना खुद का करियर बनाने के लिए खुद ही मेहनत करनी होगी।
सलमान के साथ काम करने के बाद आपकी हिंदी में कितना फर्क आया है?
मेरे अंदर जो एक चीज है जिसपर मुझे काफी काम करने की जरुरत है तो वो है मेरी हिंदी। पिछले कई सालों से मैं अपनी इस कमी को दूर करने की कोशिश खर रहा हूं। सलमान ने किक के दौरान मेरी काफी मदद की। उन्होंने शूटिंग के दौरान और उसके बाद फिल्म की डबिंग भी खुद ही करने के लिए काफी प्रोत्साहित किया है। किक के प्रमोशन्स के दौरान जब भी हम किसी इंटरव्यू में गये तो सलमान ने मुझे हिंदी में बोलने में मदद की। हालांकि ये सब करने के लिए उन्हें किसी ने कहा नहीं और वो अगर नहीं चाहते तो वो ये ना करते। लेकिन मुझे लगता है कि सलमान को लोगों की मदद करना बहुत अच्छा लगता है।
किक से पहले आपने कई मल्टीस्टारर फिल्में की हैं। क्या दिल में कोई अफसोस है किसी फिल्म को करने का?
मुझे किसी तरह का कोई अफसोस नहीं है। अभी तक मैंने कुछ 5 फिल्में की हैं और उन पाचों फिल्मों के दौरान मैंने काफी कुछ सीखा है, जिसे मैंने किक फिल्म के दौरान यूज किया है। इसलिए मैं ये नहीं कह सकती कि किसी भी फिल्म को करके मैंने कुछ गलत किया। मुझे लगता है कि किसी फिल्म को करने के बाद अगर आप ये कहते हैं कि आपने कोई गलती की फिल्म करके तो ये बहुत शर्म की बात होगी।
किक को लेकर कितना एक्साटेड हैं?
बहुत, पहले से मैं बहुत एक्साइटेड थी लेकिन अब मैं बहुत नर्वस महसूस कर रही हूं। पूरी उम्मीद है कि लोगों को किक फिल्म पसंद आए।
हर इंसान को उसके जीवन में कई सारी किक लगती हैं। जैकलीन के जीवन की वो कौन सी किक है जिसने उन्हें आज यहां तक पहुंचाया?
जब मैं मुंबई आई थी तो बहुत किक मिली। क्योंकि मैं अकेली थी, किसी को जानती नहीं थी। मेरे पास घर तक नहीं था, मैं गेस्ट हाउस में रहती थी और किसी को नहीं जानती थी। कोई मुझे नहीं जानता था। और इस सच ने, कि मैं अकेली हूं और अकेले ही मुझे अपना करियर शुरु करना है कुछ करके दिखाना है, मुझे काफी किक दी। मुझे थोड़ा डर भी था लेकिन फिर मुझे महसूस हुआ कि मैं बड़ी हो गयी हूं और मैं खुद अपने पैरों पर खड़ी हूं। मुझे बहुत गर्व था अपने ऊपर।


Click it and Unblock the Notifications











