Exclusive Interview: ''सलमान-शाहरुख भी शक्तिमान नहीं बन सकते क्योंकि इनकी एक इमेज है''- मुकेश खन्ना

Mukesh Khanna Interview- शक्तिमान (Shaktimaan) फिल्म को लेकर लगातार चर्चा में चल रहे मुकेश खन्ना ने दमदार वापसी की है। फिल्म तो नहीं बल्कि शक्तिमान रिटर्न्स के साथ उन्होने यूट्यूब पर एक गाने के साथ धमाका किया है।
रणवीर सिंह को शक्तिमान फिल्म ना देने के बाद से चर्चा में चल रहे थे मुकेश खन्ना ने फिल्मीबीट से बात की है। इस दौरान उन्होने कई खुलासे किए और शक्तिमान को लेकर कई चौकाने वाली बातें बताईं।
पढ़िए इंटरव्यू के प्रमुख अंश:
Q- सबका प्यारा शक्तिमान लौटकर आ रहा है, इस बार ये सुपरहीरो कितना अलग होगा?
A- राम अलग नहीं हो सकता, कृष्ण अलग नहीं हो सकता। वैसे ही शक्तिमान भी अलग नहीं हो सकता, वो कितनी बार भी क्यों ना आए। लेकिन अगर आप उसको अलग बोलेंगे तो टेक्निकली इंप्रूवमेंट हो सकती है लेकिन राम के मूंछ नहीं लग सकती आदिपुरुष की तरह। शक्तिमान को हम बिगड़ने नहीं देंगे। कहानी बदल जाएगी, विलेन्स बदल जाएंगे, आत्मा वही रहेगी।
Q- आजादी के वीर सपूतों को लेकर जो गाना रिलीज हुआ है, इसका आईडिया कैसे आया?
A- ये तीन महीने की प्रोसेस है ये अचानक नहीं आया है। मैने तीन गाने रिकॉर्ड किए थे एक साल पहले और ये तीन गाने हमारे देश के आइकॉनिक सॉन्ग्स हैं। जिसमें से एक सबसे बड़ा सॉन्ग है वंदेमातरम, उसका मैं इंतजार कर रहा हूं। आनंद जी भाई ने इसको रिकॉर्ड किया है और ये गाने बहुत अच्छा बन गए हैं। लेकिन इसको बनाना बहुत बड़ा लेवल है तो ये तीसरा गाना मेरे पास पड़ा था 'आजादी के वीरों की' तो ये गाना जब लिखा गया तो मैने कहा कि इसको पहेली के फॉर्म में रखिए। इसमें हम क्रांतिकारियों के नाम पूछेंगे और बच्चे बताएंगे। दीपक त्रिपाठी जी ने ये गाना लिखा है और जो गाना आया है वो आधा है। इसमें हमने चार क्रांतिकारियों का ही जिक्र किया है। मैने सोचा फिर इसको शान से क्यों गंवाना मैं ही गा लेता हूं, क्योंकि मैं बाथरूम में गा लेता हूं। बेशुरा हूं लेकिन आप सब मुझे जानते हो। अगर मैं सुर से भटक भी गया तो मेरे लोग मुझे संभाल लेंगे। पहले मैं इसको सूट पहनकर करने वाला था लेकिन मैने सोचा इसको शक्तिमान के ड्रेस में करें तो। लोगों से तारतम्य बन जाएगा और लोगों को 1997 याद आ जाएगा। 'छोटी छोटी मगर मोटी बातें' याद आ जाएगा। इसीलिए कॉस्ट्यूम एड किया गया। इसमें एक गलत चीज भी निकल आई है और आपके चैनल के माध्यम से मैं बताना चाहता हूं। लोगों को लगता है कि मैं ये बताने आया हूं कि मैं शक्तिमान हूं। तो मैं लोगों को बोलता हूं कि मैं क्यों बताऊं लोगों कि मैं शक्तिमान हूं। क्योंकि मैं हूं भाई।
रणवीर सिंह और नए शक्तिमान पर क्या बोले मुकेश खन्ना..
कौन शक्तिमान बनेगा मैं आपको अभी नहीं बता सकता क्योंकि मुझे खुद नहीं मालूम और अभी भी वो चल रहा है। मैं सिर्फ इतना बोल सकता हूं कि अगर सिखाने की आवश्यकता पड़ी तो नया शक्तिमान उतना नहीं सिखा सकता जितना पुराना शक्तिमान सिखा सकता है क्योंकि आप सब मुझे जानते हैं। मैं अगर बोलूंगा और पूछूंगा और एक नया शक्तिमान बनकर पूछेगा उसमें फर्क होगा है। तो मैने ये लिबर्टी ली की चलिए मैं 19 साल के बाद कॉस्ट्यूम पहनकर फिर से आता हूं। मेरा ये कहने का बिल्कुल मकसद नहीं था, उदाहरण के लिए आपको नाम तो मालूम ही पड़ गया है कि रणवीर सिंह या कोई और है। मैं ये बताने को नहीं आया हूं कि मैं उनसे बेटर हूं, मैं सिर्फ ये बताने को आया हूं कि सुपर टीचर अगर कोई है तो वही पुराना शक्तिमान है। तो मैं सुपर टीचर बनकर आया हूं। मैं सिर्फ ये बताना चाह रहा हूं कि आज जब बच्चों के ऊपर अंधेरा छा रहा है तो ये वक्त है शक्तिमान के आने का। लोगों को लग रहा था कि अरे हम तो समझ रहे थे कि आप शक्तिमान फिल्म लेकर आ रहे हैं। लेकिन वो अलग है।
Q- 27 मार्च 2005 को शक्तिमान का आखिरी एपिसोड रिलीज हुआ था, इसको लौटकर आने में इतना वक्त क्यों लग गया?
A- देखिए साहब हमने इंतजार नहीं कराया। हमने एक और सुपरहीरो बनाया था आर्यमान। जब मैने शक्तिमान बंद किया था तो बंद करने की कहानी मैं आप लोगों को बता चुका हूं। क्योंकि दूरदर्शन ने फीस बढ़ा दी थी और हमें दिक्कत हो रही थी। आज भी लोग पूछते हैं कि उसके आगे क्या हुआ बताओ ना साहब। सच में मैने उसको रोका क्योंकि मैने कहा कि अभी मैं ये नहीं कर सकता। अचानक अब शक्तिमान की आवश्यकता पड़ी जब सोनी इंटरनेशनल से मेरा करार हुआ कि हम तीन फिल्में बनाएंगे बैक टू बैक। मैं मान गया और अब सोनी पर काम चल रहा है, कास्टिंग पर काम चल रहा है।
Q- शक्तिमान फिल्म को लेकर जब से चर्चा शुरु हुई कंट्रोवर्सीज सामने आ रही हैं, रणवीर सिंह को ये रोल नहीं मिला, क्या कारण है?
A- मैं ये बात कड़क शब्दों में बोल चुका हूं। कितने एक्टर्स भरे पड़े हैं, सिर्फ रणवीर सिंह की बात क्यों करते हो। सलमान खान भी है, शाहरुख खान भी, अजय देवगन भी है, क्रिष भी है। क्यों नहीं बन सकते हैं ये? यहां तक की जैकी श्रॉफ का लड़का टाइगर श्रॉफ.. क्यों नहीं बन सकता? क्योंकि मैने जवाब यही दिया था कि शक्तिमान के पीछे किसी एक्टर की इमेज नहीं चाहिए। सलमान के पीछे सलमान है। हमको चाहिए कि किसी चीज की इमेज ना हो। अब आप जिस एक्टर की बात कर रहे हैं तो मुझे उसके कैलिबर पर कोई शक नहीं है, कोई शक नहीं है कि वो शक्तिमान के सब रिएक्शन कर पाएगा लेकिन सर वो शक्तिमान का फेस नहीं हो सकता। क्योंकि उसकी अपनी इमेज है और वो अच्छे एक्टर हैं। अच्छा एक्टर होने से शक्तिमान नहीं बन सकते। मैं कोई अच्छा एक्टर नहीं था, लेकिन शक्तिमान बनने से पहले एक फेस चाहिए, पर्सनैलिटी चाहिए, लुक्स चाहिए। मुझे लगा कि इनके फेस के ऊपर थोड़ी निगेटिविटी है। लोग बोलेंगे कि छोड़िए इसको दूसरा एक्टर भी कर सकता है लेकिन मैं कहूंगा कि ये एक ऐसी लेगेसी है जिसको मैं बिगाड़ूंगा नहीं। मैं चाहता हूं कि पूरे इंडिया में एक टैंलेंट प्रतियोगिता कर दिया जाए। सब तैयार बैठे हैं। 200-300 करोड़ रुपए लग रहे हैं तो मंथन तो होगा।
Q- शक्तिमान रिटर्न में किलविश, डॉक्टर जैकाल जैसे किरदार होंगे या ये बिल्कुल अलग होगा?
A- देखिए सबकुछ कहानी पर निर्भर करता है। ये देखना होगा कि हम कहानी का कौन सा हिस्सा पकड़ेंगे। उनके विलेन्स अलग होंगे। उस जमाने में कपाला, इलेक्ट्रिक मैन, किलविश और डॉक्टर जैकाल थे। आज का सबसे बड़ा विलेन मोबाइल फोन है। हो सकता है हमारी कहानी का विलेन मोबाइल फोन हो। ये डिपेंड करता है कि कौन सी स्टोरी हम लेकर आ रहे हैं। किलविश के खिलाफ होगा तो पक्का किलविश आएगा। सब राइटर पर डिपेंड करता है। क्योंकि अगर हम कुछ बदल सकते हैं तो विलेन को बदल सकते हैं, शक्तिमान को नहीं बदल सकते।
Q- 90 के दशक का टीवी और आज का हाईटेक टीवी काफी अलग है, आपकी नजर में टीवी में क्या बदलाव आया है?
A- जमीन आसमान का फर्क हुआ है। उस जमाने में हम बड़ी बात कर गए थे। हमको गर्व होना चाहिेए कि 1997 में जब स्पेशल इफेक्ट्स उभर रहा था, ऑफकोर्स बॉलीवुड में तो 20 पहले से था। उस दौर में भी हम ग्रीन कर्टन के ऊपर रखकर इतना कुछ करके गए हैं। आज पूरी की पूरी फिल्म जैसे आदिपुरुष बन जाती है। आज आप अगर सेट पर जाएंगे तो आप कहेंगे कि अरे यहां तो कोई सेट भी नहीं है पूरा ब्लू-ग्रीन कर्टन ही है। ऑलमोस्ट पूरी फिल्म अब ग्रीन कर्टन पर बनती है क्योंकि वीएफएक्स इतने तगड़े हैं। तो आज बनाना टेक्निकली आसान है।
Q- जाते जाते शक्तिमान के अलावा कोई ऐसा प्रोजेक्ट है जिसमें आप नजर आने वाले हैं?
A- मैं शक्तिमान में इतना उलझा हूं क्योंकि मैं बहुत चूजी हूं। आपने सुना भी होगा कि मेरे किंतु परंतु बहुत हैं। दाढ़ी नहीं लगाऊंगा, विलेन नहीं बनूंगा, रोमांटिक सीन नहीं करूंगा। अब इन सबके बीच में मुकेश खन्ना चाहिेए तो मैं आने को तैयार हूं। अभी फिलहाल शक्तिमान फिल्म का ही मसला इतना बड़ा हो गया है कि आएगी या नहीं आएगी। इसके बीच में मैं एक सीरियल लाने वाला हूं जिसका नाम मार्शल है और इस सीरियल में मैं मार्शल का रोल करने वाला हूं। मैं फिल्में कम साइन करता हूं। मैं हमेशा बोलता हूं कि मैने अपने 40 साल के करियर में सिर्फ 60 फिल्में की हैं। आज लोग 25 साल के करियर में 500 फिल्में कर जाते हैं। कारण सिर्फ इतना है कि मैं पूछता हूं कि मैं क्या कर रहा हूं। इसीलिए आप इंतजार कीजिए क्योंकि मेरे कई और प्रोजेक्ट्स आ रहे हैँ।


Click it and Unblock the Notifications















