Exclusive: कंगना रनौत को अनदेखा नहीं कर सकते हैं, कौन कंगना यह नहीं कह सकते- चांदनी शर्मा
टीवी की दुनिया में फिर से एक बार चांदनी की वापसी हो गई है। इश्क में मरजावां 2 से लोकप्रियता हासिल करने के बाद चांदनी शर्मा छोटे पर्दे पर आकांक्षा की भूमिका में वापसी कर चुकी हैं। 'कामना' टीवी शो में चांदनी शर्मा को देख श्रीदेवी की 'जुदाई' फिल्म की याद जरूर आती है।

जहां पर पत्नी बड़े सपने देखती हैं और पति आम जिंदगी जीते हुए सच के सहारे आगे बढ़ना चाहता है। Filmibeat Hindi फिल्मीबीट हिंदी से खास बातचीत में चांदनी शर्मा ने साफ तौर पर बताया कि आकांक्षा की तरह वह भी असल जिंदगी में ऊंंची उड़ान भरने का ख्वाब देखती हैं। बड़े ही आत्मविश्वास के साथ चांदनी शर्मा कहती हैं कि उन्हें शाहरुख खान की हीरोइन बनना है। चांदनी शर्मा को स्टार बनना है।

मैं लोगों को याद रह जाती हूं
बकौल चांदनी शर्मा, टीवी पर महिला प्रधान कहानियां हैं। यह सब कलाकार के व्यक्तित्व पर निर्भर करता है। कई बार आपका किरदार भी इतना नहीं होता और लोग पहचानने लगते हैं। असली जिंदगी में भी कई बार ऐसा होता है कि एक साथ कई लोग बैठे होते हैं। उन 15 लोगों में से भी कोई एक होता है जो सबको याद रह जाता है। मुझे खुद पर विश्वास है कि मैं लोगों को याद रह जाती हूं। एक एनर्जी होती है। खूबसूरती और प्रतिभा की कोई सीमा नहीं है। आप में प्रतिभा है तो आपके से कोई प्रतिभाशाली बैठा हुआ है। आपसे खूबसूरत भी कोई है। आपको अलग क्या बनाता है वो आपकी एनर्जी है। वो आपसे कोई छीन नहीं सकता है। यही मेरा प्लस पाइंट है।

फिटनेस जरूरी है लेकिन शादी या काम के लिए नहीं
फिटनेस को लेकर जो दबाव एक्ट्रेसेस पर रहा है उस पर अपनी राय जाहिर करते हुए चांदनी ने कहा कि मुझे लगता है कि फिटनेस जरूरी है। इंडस्ट्री का दबाव है शादी का दबाव है वो मायने नहीं रखता। फिटनेस जरूरी है। इसका मतलब नहीं कि एब्स हो और पेट जरा सा भी बाहर ना हो। कई बार स्लिम दिखने वाले लोगों को भी बीमारी होती है। मेरे ख्याल से सेहतमंद रहना जरूरी है।
सोशल मीडिया पर लोग ऐसे बेकार बैठे हैं कि वो आप पर टिप्पणी करेंगे ही। आप पतली होंगी तो बोलेंगे कि ये खाती नहीं है। मोटे होने पर भैस बुला देंगे। यह चलता रहेगा इससे दुखी होने की जरूरत नहीं है। आपको सेहतमंद होना जरूरी है।

आपने कंगना रनौत को देखा होगा
मैं हिमाचल से हूं तो बेखोफ बोलना अपनी बात रखना मेरे खून में बहता है। आपने कंगना रनौत को देखा होगा। प्रीति जिंटा भी अपने समय पर बोलने में बोल्ड थीं। हम सभी एक फिल्टर नहीं किए गए जगह से आते हैं। मुझ पर किसी भी तरह का भार नहीं है। मैं कोई फिल्म खानदान से नहीं हूं कि एक ही तरह से बात करूंगी। मेरी बात किसी को अच्छी लगेगी किसी को बुरी। मैं किसी को बुरा महसूस करवाने के लिए नहीं बोलती हूं।शायद कोई मेरी राय से सहमत ना हो। मुझे मौका मिला है मंच मिला है बात करने के लिए मैं अपनी बात रखूंगी। जो मैं हूं वो दुनिया को जानना चाहिए। जो नहीं हूं वो स्क्रीन पर दिख ही रहा है।

कंगना रनौत को अनदेखा नहीं कर सकते हैं
कंगना रनौत मुझे काफी प्रभावित करती हैं। कंगना रनौत ने काफी कुछ पाया है। कंगना रनौत को पद्मश्री मिला यह गर्व की बात है। जिस चीज के लिए बोलती है वो सही है या गलत, मैं नहीं बता सकती। इतना तो तय है कि कंगना को सुनना अच्छा लगता है। आप कंगना को नफरत कर सकते हैं पसंद कर सकते हैं लेकिन अनदेखा नहीं कर सकते हैं। आप यह नहीं कह सकते हैं कौन कंगना? वो एक प्रतिभाशाली महिला हैं। हर चीज में उन्होंने अपना लोहा मनवाया है।


Click it and Unblock the Notifications