जॉन अब्राहम की निर्देशक बनने की ख्वाहिश
देखें - जॉन अब्राहम की गैलरी
जॉन ने कहा, "मेरे इर्द-गिर्द अच्छे मित्र हैं जो निर्देशक और लेखक हैं। वे मेरे साथ बैठना, मेरी मदद करना और पटकथाएं लिखना चाहते हैं। मेरे दिमाग में कहानियां हैं और मैं जल्दी ही निर्देशक बनना चाहता हूं और जब ऐसा होगा तो मैं इस क्षेत्र में अच्छा करूंगा।" 38 साल के जॉन ने कहा, "5 साल बाद मैं एक फिल्म का निर्देशन करूंगा। मैं अभी मनोरंजन उद्योग में केवल 7 साल पुराना हूं। इसलिए मैं सबसे पहले खुद को स्थापित और साबित करना चाहता हूं और उसके बाद में निर्देशन के क्षेत्र में जाऊंगा।"
जॉन कहते हैं कि उनमें बदलाव नहीं हुआ है, वह अब भी केवल अपने निर्देशक के निर्देशों का पालन करते हैं लेकिन उनके प्रति लोगों की समझ बदली है। उन्होंने कहा, "इन सालों के दौरान मुझे लगता है कि मैं सिनेमा माध्यम के प्रति ज्यादा सहज हो गया हूं लेकिन मैं खुद से ज्यादा दर्शकों की मेरे प्रति समझ में बदलाव देख रहा हूं।"
इन दिनों वह तमिल फिल्म 'काखा काखा' के हिंदी संस्करण में काम करने में व्यस्त हैं। निशिकांत कामत के निर्देशन में विपुल शाह इस फिल्म का निर्माण कर रहे हैं। जॉन के साथ अभिनेत्री जेनीलिया डी'सूजा भी इसमें अभिनय कर रही हैं। फिल्म का 20 प्रतिशत हिस्सा शूट हो चुका है और जनवरी के अंतिम दिनों तक इसकी शूटिंग पूरी हो जाएगी।
जॉन ने सभी शैलियों की फिल्मों में काम किया है। उन्होंने ऑस्कर के लिए नामांकित हुई 'वाटर' से लेकर 'गरम मसाला', 'दोस्ताना' और 'न्यूयार्क' जैसी फिल्मों में भी काम किया है।


Click it and Unblock the Notifications












