'मेरे लिए हर दिन वैलेंटाइन-डे हो गया है'
पिछली फिल्म 'धोखा" में सुसाइड बॉम्बर के रूप में नज़र आ चुकी ट्यूलिप फिलहाल तीन साल बाद रोहित जुगराज की कमर्शियल फिल्म 'सुपरस्टार" में एक पत्रकार के रूप में नज़र आने वाली हैं. अपनी इस फिल्म के लिए वह काफी उत्साहित है. उनकी फिल्मों के साथ उनके प्यार कैप्टन विनोद के बारे में भी हमनें उनसे चर्चा की.
फिल्म 'सुपरस्टार" रिलीज़ होने में बहुत ही कम वक़्त हैं कैसा अनुभव कर रही है ?
सच कहूं तो मैं ज़रा भी नर्वस नहीं हूं बल्कि मैं बहुत उत्साहित हूं. बहुत दिनों बाद मेरी ऐसी फिल्म रिलीज़ हो रही है जिसमें मैं टोटली कमर्शियल नायिका के तौर पर नज़र आने वाली हूं. यह एक अलग सा किरदार है जिसे मैं रुपहले पर्दे पर देखने के लिए बेताब हूं.
इस फिल्म में मौसम, जो मुख्य रूप से पत्रकार है, का किरदार निभाने के लिए आपने किन बातों का खास ख्याल रखा है ?
दरअसल मेरे काफी पत्रकार दोस्त हैं जिन्हें मैं काफी नज़दिक से जानती हूं. अब जब कि यह फिल्म पत्रकारों पर आधारित नहीं है सो मुझे अधिक भी ध्यान देने की ज़रूरत नहीं पडी. मेरे किरदार को पारिभाषित करने के लिए जितने की ज़रूरत थी मैंने उन पर गौर किया है. इसके लिए मेरी कुछ मदद रोहित (फिल्म के निर्देशक रोहित जुगराज) ने भी की है.
इस फिल्म के किरदार 'मौसम" और आपमें कितनी समानताएं है और कितना अंतर है ?
(हंसते हुए) मौसम को ज़िंदगी से जो भी मिला है उससे वह बहुत खुश है. ज़िंदगी के प्रति उसका काफी सकारात्मक नज़रिया है. ठीक उसी तरह मैं भी अपनी ज़िंदगी से बहुत खुश हूं. ज़िंदगी से मुझे जो भी मिला है उसके लिए मैं उसकी शुक्रगुज़ार हूं. इससे अधिक समानताएं मैं कुछ नहीं बता सकती. जहां तक फर्क की बात है तो मुख्य फर्क यही है कि मौसम पत्रकार है और मैं हीरोइन हूं.
निर्देशक रोहित जुगराज और को स्टार कुणाल खेमू के बारे में क्या कहना चाहेंगी ?
रोहित जुगराज काफी टैलेंटॆड और स्टायलिश इंसान हैं. जिस तरह उन्होंने मुझे फिल्म में दर्शाया है वह काफी बेहतरीन रहा. इस फिल्म में मेरा किरदार काफी साधारण लडकी का है मगर उसे भी उन्होंने इतने स्टायलिश तरीके से फिल्माया है जिसका जवाब नहीं है. हालांकि यह काफी मुश्किल भरा काम होता है मगर जिस खूबसूरती से उन्होंने किया है वह सराहनीय है. मेरे को स्टार कुणाल कितने टैलेंटेड है वह तो सभी जानते हैं क्योंकि बचपन से वह दर्शकों से काफी नज़दिक रहे हैं. यही वजह है कि वह कैमरे से काफी फ्रेंडली है. मुझे लगता है जब इतना अनुभवी एक्टर के साथ काम करना हो तो हमें अधिक मेहनत नहीं करनी पडती. यह मेरे लिए भी काफी अच्छा रहा. सबसे अच्छी बात यह रही कि हम चारों (रोहित, अशिमा, कुणाल और तुलिप) काफी यंग होने के कारण सेट का माहौल हमेशा खुशनुमा हुआ करता था.
हमनें सुना है शूटिंग के दौरान कुणाल ने आशिमा की नाक घायल कर दी थी. क्या कुछ ऐसा आपके साथ हुआ था ?
(हंसते हुए) जी हां एक सीन है जिसमें कुणाल को मुझे चांटा मारना था और मैंने ज़बर्दस्त कसकर चांटा मारा. अब यह कितना ज़ोर से लगा यह तो कुणाल ही बता सकते हैं. आप इसे अशिमा का बदला भी कह सकती हैं. और हो भी क्यों न मैं उसके साथ 'धोखा" में भी पहले काम कर चुकी है अत: वह मेरी दोस्त बन गई थी. अब उसका बदला मैं नहीं लेती तो और कौन लेता. है ना.
फिल्म 'दिल मांगे मोर" के तीन साल बाद आप खुद को नाचते गाते हुए रुपहलेपर्दे पर देखने वाली है कैसा लग रहा है ?
मुझे बहुत खुशी हो रही है कि मैं खुद को ऐसे किरदार में देखने वाली हूं. मैंने खुद भी यह देखा कि पिछले कुछ सालों से मैं काफी गंभीर किरदार में नज़र आ रही थी. सो मैंने जान बूझकर इस फिल्म के लिए हामी भरी जिससे मैं कमर्शियल फिल्मों में भी अपनी छाप छोड सकूं. मुझे लगता है मेरा चेहरा कमर्शियल है, मेरे पास उम्र है तो मैं क्यों अपना वक़्त ऐसी फिल्मों में बर्बाद करूं जिनके दर्शक काफी सीमित हैं. कमर्शियल फिल्मों से जो पहचान मिलती है वह इन फिल्मों से मिल पाना असंभव है.
इस फिल्म की टैगलाइन के अनुसार यदि आपका भी कोई हमशक्ल हो जाए तो आपको कैसा लगेगा ?
सच कहूं तो यदि मेरा कोई हमशक्ल हो तो मुझे बिल्कुल अच्छा नहीं लगेगा क्योंकि मैं नहीं चाहती मेरा कोई हमशक्ल हो. हम सबकी यह चाहत होती है कि हम यूनिक हों सो मैं भी चाहूंगी कि मैं एक हूं और एक ही रहूं.
शुरूआत आपने बडे बैनर की फिल्मों से की मगर अफसोस आज भी आपका संघर्ष जारी है. आपके अनुसार कहां कमी हो गई ?
दरअसल मुझसे यह गलती हो गई कि शुरूआत में ही मैंने कमर्शियल फिल्मों की बजाय मेन स्ट्रीम सिनेमा पर ध्यान दिया. मगर अब मुझे लगता है मैंने अपनी गलती पहचान ली है और पूरे प्राण पण से अब मैं कमर्शियल सिनेमा पर ध्यान दे रही हूं. मुझे पूरा यकीन है कि बहुत जल्द मैं अपनी पहचान बनाने में कामयाब हो जाउंगी.
पिछली फिल्म 'धोखा" के बाद क्या भट्ट कैंप से कोई ऑफर आया है ?
अभी कोई कहानी तो नहीं है मगर उन्होंने मुझसे वादा ज़रूर किया है कि बहुत जल्द वह मेरे साथ एक फिल्म शुरू करने वाले हैं. मुझे खुशी है मेरा संबंध उनसे काफी अच्छा है सो उनके ऑफर आने तक मैं इंतज़ार करूंगी.
आप कुछ तेलुगू फिल्म भी कर रही थी उसके बारे में बताइए ?
इस महीने आठ फरवरी को मेरी दो फिल्म रिलीज़ हो रही है. एक है 'सुपर स्टार" और दूसरी तेलुगू फिल्म 'कोंचम कोडगा". मैं अपनी दोनों फिल्मों के लिए काफी आशांवित है. तेलुगू फिल्म में मेरा किरदार अब तक के मेरे सारे किरदार से काफी अलग है. इसमें दिखाया गया है कि चार आदमी जो एक दूसरे के लिए अजनबी हैं, एक घर में बंद हो जाते है और कहानी आगे बढती है. यह एक मर्डर मिस्ट्री फिल्म है जिसमें मेरा काफी ग्लैमरस लुक है.
आपकी आने वाली फिल्मों के बारे में बताइए ?
देखिए अभी तो मैं 'सुपरस्टार" के रिलीज़ होने का इंतज़ार कर रही हूं. इसके बाद ही मैं आपको अपनी आने वाली फिल्मों के बारे में बताऊंगी.
आखिरी सवाल, कैप्टन विनोद नायर के बारे में क्या कहना चाहेंगी ?
(हंसते हुए) आप क्या सुनना चाहती हैं.
मैं तो बहुत कुछ सुनना चाहती हूं महत्वपूर्ण बात यह है कि आप क्या कहना चाहती है ?
मैं बहुत खुश हूं. मुझे लगता है ज़िंदगी के लिए प्यार बहुत ज़रूरी है. कैप्टन विनोद से मिलने के बाद जीवन की तरफ देखने का मेरा नज़रिया काफी बदल गया है. अब मेरे लिए हर दिन वैलेंटाइन डे हो गया है. जब हम मिलते हैं और जो साथ में हम वक़्त बीताते हैं वही मेरा वैलेंटाइन डे है.


Click it and Unblock the Notifications