INTERVIEW: रणबीर कपूर, पहले क्रश और स्क्रिप्ट के चुनाव पर बोलीं श्रद्धा कपूर- 'कई बड़ी फिल्में रिजेक्ट की हैं'

Shraddha Kapoor: श्रद्धा कपूर तीन साल के अंतराल के बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं और अपनी आगामी फिल्म को लेकर काफी उत्साहित हैं। वह कहती हैं, "बीते 3 सालों में मैं इस बात को लेकर और स्पष्ट हो गई हूं कि मुझे अपने करियर में किस तरह की फिल्में करनी हैं। और जब आपकी सोच स्पष्ट हो जाती है तो आपमें कॉफिडेंस भी आ जाता है।"
लव रंजन के निर्देशन में बनी रोमांटिक- कॉमेडी फिल्म तू झूठी मैं मक्कार 8 मार्च 2023 को रिलीज होने वाली है, जिसमें श्रद्धा के साथ दिखेंगे रणबीर कपूर। पहली बार दोनों कलाकार साथ दिखाई देने वाले हैं, लिहाजा फिल्म को लेकर फैंस के बीच काफी एक्साइटमेंट है।
तू झूठी मैं मक्कार की रिलीज से पहले, श्रद्धा कपूर ने फिल्मीबीट के साथ बातचीत की है, जहां एक्ट्रेस ने आने वाली फिल्मों के अलावा रणबीर कपूर के साथ काम करने के अनुभव को भी शेयर किया है। साथ ही श्रद्धा ने खुलासा किया है कि ऋतिक रोशन उनके सबसे पहले क्रश रहे हैं।
यहां पढ़ें इंटरव्यू से कुछ प्रमुख अंश-

Q. फिल्म का ट्रेलर हो या गाने हों, आप इसमें काफी कॉफिडेंट दिख रही हैं। तू झूठी मैं मक्कार की किस बात ने आकर्षित किया?
A. सच बताऊं तो, मैं पर्दे पर इतनी कॉफिडेंट इसीलिए दिख रही हूं क्योंकि किरदार ही कुछ ऐसा है। जो किरदार मैं निभा रही हूं, वो बेबाक है। मैंने ऐसा किरदार पहले कभी नहीं निभाया है। बल्कि आज तक मैंने इससे अपोजिट किरदार ही किये हैं इसीलिए मुझे सिर्फ इतना लगा कि ये करने में मजा आएगा। मेरे कॉफिडेंस का पूरा क्रेडिट मैं लव रंजन को देना चाहूंगी। मुझे इस किरदार में डायरेक्ट करने के लिए वो भी बहुत उत्साहित थे। उन्होंने कहा था कि ये तुम्हारी पर्सनालिटी से बिल्कुल अलग है।
Q. लव रंजन के साथ काम करने का कैसा अनुभव रहा?
A. लव रंजन के फिल्मों की एक अलग ही दुनिया है। उनके कैरेक्टर्स, डायलॉग्स सब का अंदाज काफी अलग है, इसीलिए शूटिंग का अनुभव बहुत ही शानदार रहा। पहली बार मैं किसी ऐसी फिल्म का हिस्सा बनी हूं, जहां मुझे पूरी तरह से डायरेक्टर के विजन को सरेंडर करना था। जो डायरेक्टर ने कहा, मुझे बिल्कुल वही करना था। यहां तक की डायलॉग्स में पॉज कहां लेना है, कैसा फ्लो रखना है, ये सब बातों का खास ख्याल रखना था। लेकिन बहुत मजा आया क्योंकि लव को एंटरटेनमेंट का पल्स पता है। धीरे धीरे फिल्म करते हुए मुझे भी अहसास हुआ कि क्यों वो इतने सख्त हैं इस चीजों को लेकर। मुझे इसमें काम करने के दौरान बहुत कुछ सीखने को मिला।

Q. रणबीर और आपकी केमिस्ट्री की काफी बातें हो रही हैं। बतौर को-स्टार उनके साथ काम करना कैसा रहा?
A. मुझे रणबीर हमेशा से एक शानदार अभिनेता लगे हैं। उनकी पहली फिल्म से ही वो कमाल के रहे हैं। जब मैंने सावंरिया देखी तो मुझे लगा कि पहली फिल्म के हिसाब से तो इन्होंने बहुत अच्छा काम किया है, देखते हैं अगली फिल्म में कैसा करेंगे। फिर वेक अप सिड, ये जवानी है दिवानी, बर्फी, एक के बाद एक फिल्में आते गईं और सबमें उन्होंने कमाल किया। इसीलिए मैं उनके साथ काम करने को लेकर बहुत एक्साइडेट थी। मुझे ये जानने की उत्सुकता थी कि ये इतने बेहतरीन एक्टर हैं, तो इनका प्रोसेस तो काफी अलग होगा। मैंने हमेशा सुना था कि ये बहुत एफर्टलेस एक्टर हैं, सीधे सेट पर आते हैं और सीन कर लेते हैं। इस फिल्म को करने के दौरान मैंने महसूस किया कि वो कितनी आसानी से सेट का हिस्सा बन जाते हैं। वो बिल्कुल टाइम पर सेट पहुंच जाते थे और वहीं बैठे रहते थे। शॉट रेडी होता था और वो आकर शॉट दे देते थे। कैमरा ऑन होते ही वो पूरी तरह से ट्रांसफॉर्म हो जाते हैं। मुझे तो लगता है कि वो घर से पूरा रट्टा मारकर आते हैं.. (हंसते हुए)।
Q. बीते 13 सालों में आपने कई अलग अलग जॉनर की फिल्में की हैं। आज के समय में फिल्में साइन करने के दौरान किन बातों का ख्याल रखती हैं?
A. मेरे लिए हमेशा फिल्म की कहानी सबसे ज्यादा मायने रखती है। मैं ना एक्टर देखती हूं, ना डायरेक्टर। मुझे कई बड़े एक्टर्स के साथ कई फिल्में ऑफर हुईं, जिसे मैंने ना कर दिया क्योंकि वहां मेरे किरदार का कहानी में कोई खास योगदान ही नहीं था। मेरे लिए जरूरी है कि मैं कहानी से कनेक्ट कर पाऊं और मैं फिल्म की एक्टिव पार्ट रहूं। 'तू झूठी मैं मक्कार' में भी आप देखेंगे कि ये कि लड़के और लड़की दोनों की कहानी है। यहां दोनों अहम हैं और दोनों किरदार कहानी को आगे बढ़ाते हैं।

Q. आपकी फैन फॉलोइंग काफी जबरदस्त रही है। आज के दौर की अभिनेत्रियों में शायद सबसे ज्यादा.. इसे किस तरह से देखती हैं?
A. सच कहूं तो, बहुत अच्छा महसूस होता है। एक वैलिडेशन की तरह लगता है कि मैंने जो भी कदम लिए हैं, जो भी फैसले लिए हैं, वो सही रहे हैं। हर अभिनेता की कुछ फिल्में चलती हैं कुछ नहीं चलती, मेरे करियर में भी उतार- चढ़ाव रहे हैं.. लेकिन फिर भी यदि फैंस का प्यार बरकरार रहा है, तो कुछ ना कुछ कनेक्ट तो हुआ है लोगों के साथ। ये फैंस का प्यार ही तो हमें बनाता है। अभिनेताओं के रूप में यह हमें प्रोत्साहन देता है। इसलिए मैं अपने फैंस की बहुत आभारी हूं। मैं वास्तव में फोन पर ज्यादा रहना पसंद नहीं करती, लेकिन मैं अपने फैंस की वजह से इंस्टाग्राम पर रेगुलर रहने की कोशिश करती हूं। मैं अपने पूरे दिल से इंस्टाग्राम पर फुल एफर्ट देती हूं, सबके कमेंट्स पढ़ती हूं, मैसेज पढ़ती हूं। बता दूं कि मैं अपने सभी फैन क्लब से भी वाकिफ हूं। सभी मेरे लिए बहुत स्पेशल हैं।
Q. लॉकडाउन की वजह से लगभग 3 सालों के बाद बड़े पर्दे पर आ रही हैं। इस दौरान खुद के साथ कितना वक्त गुजारा और काम को लेकर क्या कुछ बदलाव आया?
A. हां, लॉकडाउन के दिनों में हम सभी ने खुद के साथ काफी वक्त गुजारा है और मुझे लगता है कि ये काफी जरूरी भी है। मुझे तो लगता है कि अब मैं एक नई शुरुआत कर रही हूं। फिल्मों के चुनाव को लेकर भी मेरा नजरिया बदला है। अब मुझे ये नहीं लगता है कि एक साल में मेरी दो- तीन फिल्में आ जाए, या बैक टू बैक रिलीज हो। साथ ही मुझे ये काफी क्लीयर हो चुका है कि मैं आगे कैसी फिल्में करना चाहती हूं। इस स्पष्टता के साथ आपमें कॉफिडेंस भी आ जाता है। तो फिलहाल मैं किसी रेस में नहीं हूं। मैं सिर्फ अपने काम में बेहतर और बेहतर होना चाहती हूं। और अच्छे लोगों के साथ काम करना चाहती हूं।

Q. 'तू झूठी मैं मक्कार' रोमांटिक- कॉमेडी है। क्या आप अपने पार्टनर या क्रश को लेकर कुछ शेयर करना चाहेंगी?
A. (हंसते हुए) मैं अपने सबसे पहले क्रश की बात करूं तो.. मेरा सबसे बड़ा क्रश ऋतिक रोशन रहे हैं, एकदम मर मिटने वाला क्रश। जब कहो ना प्यार है आई थी उसके बाद मैंने उनके फोटोज जमा किये थे, मेरे रूम में उनके पोस्टर्स लगे हुए थे, उस वक्त मैंने फैसला भी ले लिया था कि मैं ऋतिक के साथ ही शादी करने वाली हूं। बाद में, जब मैं फिल्मों में आई और उनसे मेरी मुलाकात हुई तो मैंने उन्हें बताया भी था। फिर उन्होंने कहा था कि कभी हमें साथ में फिल्में करनी चाहिए। उम्मीद है कोई मेकर हमें साथ में अप्रोच करे।
Q. आपकी फिल्म होली पर आ रही है। इस त्योहार को लेकर बचपन की कुछ यादें शेयर करना चाहेंगी?
A. बचपन से मैं इसी बिल्डिंग में रहती हूं, जहां अभी रह रही हूं। अपनी फैमिली के साथ रहती हूं। तो बिल्डिंग में मैं बहुत होली खेलती थी, ऊपर से अंडे भी फेकती थीं.. बड़ा मजा आता था, लेकिन फिर डांट भी पड़ती थी। अभी तो बहुत ज्यादा नहीं खेलती, लेकिन बचपन में बहुत धमाल किया है।
Q. जाते जाते आने वाली फिल्मों के बारे में कुछ बताएं?
A. फिलहाल 'तू झूठी मैं मक्कार' के बाद, 'स्त्री 2' में आ रही हूं सबको फिर से डराने। इसके अलावा नागिन और कुछ स्क्रिप्ट पर फिलहाल काम चल रहा है, तो उसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दे सकती।


Click it and Unblock the Notifications











