अक्षय एक आदत है: साजिद खान
एंकर से निर्देशक बनें सजिद इन दिनों एक्टर बनने की फिराक में है यही वजह है इन दिनों वह काफी स्लिम और ट्रीम नज़र आ रहे हैं. यही नहीं शाहरुख खान के नक्शे कदम पर चलते हुए बहुत जल्द वह भी अपने सिक्स पैक एब्स के साथ नज़र आएंगे. वैसे इसके अलावा अपने निर्देशन में वह एक और फिल्म भी बनाने की तैयारी में लगे हुए हैं.
इन दिनों आपमें काफी बदलाव नज़र आ रहा है कोई खास वजह ?
मैं उम्मीद करता हूं कि आप यह बदलाव शारीरिक रूप से देख रही हों क्योंकि आज भी मैं वही साजिद हूं जो पहले था. दरअसल एक निर्देशक होने के बाद मैंने जाना कि कैमरे के आगे खडे होने वाले शख्स का खूबसूरत होना कितना ज़रूरी है. पहले जब मैं होस्ट था तो मुझे यही लगता था कि लोग मेरा ह्यूमर देखते हैं उन्हें मेरे लुक्स में कोई दिलचस्पी नहीं है. साथ ही शाहरुख खान और अक्षय कुमार से भी मैं काफी प्रभावित हूं जिन्होंने अपनी उम्र को खुद पर हावी होने नहीं दिया है.
क्या शाहरुख खान और अक्षय कुमार ही असली वजह है ?
ज़्यादा नहीं तो कम भी नहीं. फिल्म 'हे बेबी" के दौरान मैं अपने शरीर की तरफ से थोडा लापरवाह हो गया था. पहली फिल्म होने के कारण मैं इतना परेशान था कि दिन में सौ से डेढ सौ के करीब सिगरेट पी जाता था. शराब मैं पीता नहीं हूं सो सारा टेंशन खाने पर उतरता था. दिन में तीन बार जमकर खाता था. इतना सब होने के बाद सबसे बडी परेशानी नींद थी. मैं चौबीस घंटे में सिर्फ चार घंटा सोता था. मुझे याद है शाहरुख खान ने मेरी हालत देखकर मुझसे कहा था कि फराह प्रेग्नेंट है या मैं. उसके बाद से मैंने ठान लिया कि चाहे जो भी हो मुझे अपना वजन घटाना है और मैंने शाहरुख खान के कहे अनुसार अपने शरीर पर ध्यान देना शुरू किया.
अपने वज़न को काबू में करने के लिए किस तरह से तैयारी की ?
देखिए सबसे पहले तो मैंने एक ट्रेनर भाडॆ पर लिया, जिसने सहारा वन के शो 'बिगेस्ट लूज़र जीतेगा" में मोटे प्रतियोगियों को पतला कर करिश्मा दिखाया था. उसके बाद संतुलित आहार के तौर पर पूरे दिन का मेरा भोजन है एक तंदूरी चिकन, तीन गिलास वे प्रोटिन और छ: सात हल्के प्रोटिन युक्त बिस्किट. पूरे तीन महीने से मैं इनके सहारे जी रहा हूं और पिछले तीन महीनों तक इन्हीं पर रहना है. 19 किलो वज़न कम करने के बाद मुझे और वज़न कम करते हुए 71 पर आना है.
क्या शाहरुख खान की तरह आपका भी सिक्स पैक एब्स बनाने का इरादा है ?
जी हां. मैंने अपनी संतुष्टि के लिए एक फिल्म साइन की है जो 'भेजा फ्राय" की तरह ज़बर्दस्त कॉमेडी है. इस फिल्म में मैं शीर्ष भूमिका में हूं. यह एक छोटे बजट की फिल्म है जिसके निर्देशक और निर्माता का नाम मैं अभी नहीं बता सकता. प्लीज़ आप पूछिएगा भी मत.
मगर अपनी पहली फिल्म 'झूठ बोले कौवा काटे" के बाद आपने दुबारा कभी फिल्म में काम न करने की कसम खाई थी ?
कसम तो नहीं खाई थी मगर हां न करने का इरादा ज़रूर किया था. दरअसल जैसी फिल्म मैं करना चाहता था वैसी फिल्म मुझे मिल नहीं रही थी. उस वक़्त कोई सोच भी नहीं सकता था कि कभी भेजा फ्राय जैसी फिल्म भी बनेगी और करोडों कमाएगी. मुझे याद है उन दिनों मुझे एक बहुत बडॆ बैनर ने एक फिल्म ऑफर की थी जिसमें मुझे हीरो के दोस्त की भूमिका ऑफर हुई थी मैंने उससे इंकार कर दिया हालांकि वह मुझे काफी पैसे दे रहे थे. मैंने कभी पैसों के लिए काम नहीं किया. मुझे लगता है जो भी किया जाए स्टाइल से किया जाए और ऐसा करें जो लोग हमेशा याद रखें. अगर आपमें एटिट्यूड है तो वह बस से नीचे उतरने पर भी दिखेगा उसके लिए ज़रूरी नहीं है कि आप मर्सिडीज़ से ही नीचे उतरें.
आपके निर्देशन की बात करना चाहेंगे. क्या वजह है कि एक फिल्म के बाद बिना ब्रेक लिए तुरंत आपने दूसरी फिल्म पर काम करना शुरू कर दिया ?
ब्रेक वो लोग लेते हैं जो थक जाते हैं और उम्रदराज़ होते हैं. मैं अभी महज़ 37 साल का हूं. अभी तो मेरी शादी भी नहीं हुई है. मेरी चाहत है मैं जो भी करूं सबसे बेस्ट हो, सुपरहिट हो. अगर ऐसा होता है तो इससे मेरी ब्रांड वैल्यू ही बढेगी.
अपनी नई फिल्म के बारे में बताइए ?
मेरी नई फिल्म के बारे में मैं सिर्फ इतना बता सकता हूं कि इस फिल्म में तीन हीरोइन और दो हीरो हैं. अक्षय कुमार और रितेश देशमुख के अलावा तीनों हीरोइन का नाम निश्चित करना अभी बाकि है. हां इतना ज़रूर बता सकता हूं कि यह तीन हीरोइन हमारी फिल्म इंडस्ट्री की टॉप 3 हीरोइन हैं. यह एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है जिसकी अधिकतर शूटिंग न्यू यॉर्क, में होगी. इस फिल्म की शूटिंग सितंबर माह से होगी. इस फिल्म के लेखक मिलाप झवेरी और विभाकर हैं. फिलहाल इस कहानी के तीसरे ड्राफ्ट पर काम चल रहा है. इस फिल्म की पूरी शूटिंग साठ दिन में पूरी हो जाएगी और यह रिलीज़ होगी वर्ष 2009 के अप्रैल मई माह में.
पिछली फिल्म 'हे बेबी" पर यह आरोप था कि वह कॉपी थी. इस बार भी कॉपी होगी या किसी की प्रेरणा होगी ?
दरअसल वह फिल्म मेरे एक दोस्त की आप बीती थी और इस फिल्म में भी मैं अपने दोस्त की एक आप बीती कहानी लेने वाला हूं. अब अगर वह किसी और के जीवन से मिलती हो तो मैं कुछ नहीं कर सकता. मेरा मानना है कि मेरी ज़िंदगी काफी रंगीन है सो अपने कुछ रंग, अपने किरदारों में भरना मुझे बहुत पसंद है.
क्या इस फिल्म में भी शाहरुख खान आपकी फिल्म का हिस्सा होंगे ?
जी नहीं. अभी तक तो ऐसी कोई योजना नहीं है. मैं चाहता हूं शाहरुख खान को लेकर मैं एक पूरी फिल्म बनाऊं और उसका निर्देशन भी मैं ही करूं. जिस दिन कोई अच्छी कहानी मेरे हाथ आएगी मैं ज़रूर उस पर काम शुरू कर दूंगा.
साजिद नाडियाडवाला के बारे में क्या कहना चाहेंगे ?
साजिद मेरे भाई मेरे दोस्त की तरह है. मैं दिल और दिमाग दोनों तरफ से साजिद से जुडा हुआ हूं. वह पहला शख्स है जिसने मेरी काबिलियत पर विश्वास किया और मेरी पहली फिल्म के लिए इतना पैसा लगाया. 'हे बेबी" हिट होने के बाद कई बडे बडे फिल्मकारों ने अपनी फिल्म निर्देशित करने के लिए मुझसे कहा। उन्होंने मुझे काफी बडी रकम का भी लालच दिया मगर मैंने उन्हें ठुकरा दिया. मेरे लिए पहली और आखिरी प्राथमिकता साजिद हैं.
आपकी पिछली फिल्म 'हे बेबी" से यह कितनी अलग होगी ?
यह उससे भी बहुत बडी और ब्लॉकबस्टर फिल्म होगी. मैं उन निर्देशकों में शामिल होना चाहता हूं जिनकी पहली के बाद दूसरी फिल्म भी हिट हुई है. हलांकि अगर आप थोडा पीछे जाएं तो पाएंगे कि बडे से बडॆ निर्देशकों की भी दूसरी फिल्म फ्लॉप साबित हुई है.
अक्षय कुमार आपके पसंदीदा हीरो हैं. क्या कहना चाहेंगे उनके बारे में ?
अक्षय एक आदत है जो किसी से नहीं छूटती. मेरे अनुसार दो अक्षय है एक प्रोफेशनल अक्षय है और एक सुपरस्टार अक्षय है. प्रोफेशनल अक्षय, सुपरस्टार बना है ना कि सुपरस्टार अक्षय प्रोफेशनल. हमारी इंडस्ट्री में चार सुपरस्टार है शाहरुख, सलमान, आमिर और ह्रितिक. इनमें अक्षय पांचवा सुपरस्टार है. ये चारों अपनी पहली फिल्म से सुपरस्टार बने है मगर अक्षय को सुपरस्टार बनने में पूरे चौदह साल लग गए और मुझे यकीन है कि वह अगले 15 सालों तक सुपरस्टार रहेंगे. इसका कारण है अक्षय का दर्शकों के साथ कनेक्शन. सुपरस्टार बनने के लिए इस तरह का कनेक्शन बहुत ज़रूरी है. अब जैसे शाहरुख का कनेक्शन परिवार के साथ है और आमिर का कनेक्शन अच्छी फिल्मों के साथ है. ठीक उसी तरह अक्षय का दर्शकों के साथ है. उनकी सफलता के पीछे उनका वक़्त पर आने का बहुत बडा हाथ है. अक्षय पर हमेशा यह इल्ज़ाम लगते रहते हैं कि वह दूसरों के सीन कटवा देते हैं जो बिल्कुल गलत है. मैं स्वयं उनका निर्देशक रह चुका हूं और मैं जानता हूं कि अपने को स्टार के प्रति उनका रवैया कैसा रहता है.
फराह और आप दोनों निर्देशक हैं क्या कभी दोनों साथ मिलकर कोई फिल्म निर्देशित करेंगे ?
कौरव और पांडव एक साथ मिलकर काम नहीं कर सकते. हम एक दूसरे को प्यार बहुत करते हैं मगर काम नहीं कर सकते. काम एक ही सूरत में होगा यदि फराह पीछे बैठी हो या मैं पीछे बैठा रहूं. हम 'अब्बास मस्तान" नहीं हो सकते.
क्या फिल्म के साथ साथ टेलीविजन पर भी नज़र आते रहेंगे ?
जी हां बिल्कुल. टेलीविजन मेरी जान है मैं उसे छोडने की सोच भी नहीं सकता. मुझे मुझे जब भी वक़्त मिलता रहेगा मैं टेलीविजन पर नज़र आता रहूंगा.


Click it and Unblock the Notifications