समय तो समय है हर समय ठीक होता है

आप एक सेंसिबल कलाकार माने जाते हैं फिल्म 'भ्रम" को चुनने की कोई खास वजह ?
देखिए मैं जब भी कोई फिल्म साइन करता हूं तो दो चीज़ों पर बहुत गौर करता हूं. पहली चीज़ है 'कहानी", जो फ्रेश होनी चाहिए साथ ही मेरे लिए दिलचस्प होनी चाहिए. दूसरी चीज़ है 'निर्देशक का नज़रिया" उसमें कुछ नया करने की चाह होनी चाहिए. दर्शकों को कुछ नया देना हर निर्देशक का कर्तव्य होता है. फिल्म 'भ्रम" कुछ ऐसी ही फिल्म है जिसमें सारी बातों का काफी खूबसूरती से समंवय किया गया है. 'भ्रम" थ्रिलर फिल्म होने के बावजूद मनोरंजन तथा रोमांस से भरपूर है. 'भ्रम" कहानी है भ्रम की, जिसमें हम सब जीते हैं. कई बार मुझे लेकर आप कोई भ्रम पाले रहते हैं और कई बार मेरे मन में अपने आपको लेकर कोई भ्रम रहता है. यानी कि इस तरह से हम दोनों कहीं न कहीं भ्रमित हैं.
आपके जीवन में कोई ऐसी बात जिससे आप भ्रमित हों ?
(हंसते हुए) मेरे जीवन में हर रोज़ कई भ्रम पैदा होता है और टूट जाता है. किसी एक का ज़िक्र कर पाना मेरे लिए काफी मुश्किल है. दरअसल हर रोज़ हमारा वास्ता भ्रम से पडता है. इसे आप किसी से अपेक्षा करना भी कह सकती हैं. कई बार कुछ भ्रम हमें काफी सुकून देते हैं, उनमें रहना हमें बहुत अच्छा लगता है. कई बार कुछ रिश्तों को जीवित रखने के लिए भी हमें भ्रम में रहना पडता है.
फिल्म 'भ्रम" में अपने किरदार के बारे में बताइए ?
इस फिल्म में मैं डिनो के बडे भाई की भूमिका में हूं. हम तीनों इस फिल्म की कहानी का मूलाधार हैं. सभी की ज़िंदगी ठीक से चलती रहती है मगर अचानक कुछ ऐसा घटित होता है कि सभी भ्रमित हो जाते हैं और कहानी आगे बढती है.
फिल्म 'भ्रम" में आप तीनों फैशन इंडस्ट्री से जुडे हैं साथ काम करने में कितनी सहजता रही ?
ऐसी कोई बात नहीं है कि हम फैशन इंडस्ट्री से थे इसलिए काम करने में सहजता थी. दोस्तों के साथ काम करने में हमेशा सहजता रहती है. डिनो को मैं काफी अर्से से जानता हूं. शीतल नई लडकी थी मगर उसके साथ काम करके भी काफी अच्छा लगा. मुझे लगता है नए लोगों के साथ काम करना हमेशा अच्छा होता है क्योंकि उनमें न सिर्फ सीखने का जज़्बा होता है बल्कि उनके पास कई फ्रेश आइडियास होते हैं.
आज भी आपकी पहचान भारत तथा दूसरे देशों में एक सुपर मॉडल की है. अभिनेता न बन पाने का कितना मलाल है ?
मुझे कोई फर्क नहीं पडता लोग मेरी पहचान किस रूप में करते हैं. मैंने अब तक वही चीज़ें की जो मुझे अच्छी लगती हैं. अगर लोग मुझे जानते ही नहीं तब मुझे ज़रूर दुख होता. मगर यहां तो बात कुछ और ही है. कई निर्देशक ऐसे हैं जो मुझे ध्यान में रखकर किरदार बनाते हैं. मैं हीरो बारह साल से हूं और मॉडल बीस साल से.
क्या वजह है कि मेल मॉडल की बजाय फिमेल मॉडल बॉलीवुड में अधिक सफल हो पाईं है ?
दरअसल मैं समझता हूं उनके कंधों पर फिल्म का भार नहीं होता है और ना ही उनसे अधिक अपेक्षा की जाती है. ऐसा नहीं है कि मेल मॉडल बॉलीवुड में जगह नहीं बना पाएं है डिनो, अर्जुन और जॉह्न अब्राह्म इसके बेहतरीन उदाहरण है.
क्या आपको नहीं लगता कि शायद हो सकता है जब आपने फिल्मों में कदम रखा था वह समय ठीक नहीं था ?
समय तो समय है हर समय ठीक होता है.
क्या वजह है कि फिल्म 'रुल्स प्यार का सुपरहिट फार्मूला" के बाद आपने कोई फिल्म नहीं बनाई ?
उसके बाद मैं 'फिर ज़िंदगी" बना रहा हूं. उस फिल्म की तरह यह भी एक हल्की फुल्की प्रेम कहानी है. जहां तक किरदारों की बात है इसके किरदार भी उस फिल्म के किरदारों की तरह काफी दिलचस्प है. यह सच है कि 'रुल्स" से दर्शकों की अपेक्षाएं मुझसे बढ चुकी है.
क्या वजह है 2006 में 'भेजा फ्राय" के बाद 2007 में आपकी यह फिल्म आ रही है ?
ऐसी कोई बात नहीं है. 'भेजा फ्राय" के बाद मैं एक हॉलीवुड फिल्म 'आर्न" में व्यस्त हो गया था. वह फिल्म मेरे लिए काफी विशेष है क्योंकि उसमें मैं न सिर्फ लीड कर रहा हूं बल्कि वह काफी दिलचस्प फिल्म है. इसके अलावा कई और फिल्में हैं जो हिंदी सिनेमा में मैंने की हैं.
अपनी पिछली फिल्म 'भेजा फ्राय" में आप काफी हंसते हुए नज़र आए थे तो भविष्य में हंसाने का भी इरादा है ?
'भेजा फ्राय" मेरी पहली कॉमेडी फिल्म थी और इसे मैंने काफी इंजॉय भी किया. जहां तक हंसाने की बात है इस बारे में अभी मैंने कुछ सोचा नहीं है. मैं हर तरह की फिल्में करना चाहूंगा मगर शर्त यह है कि उस फिल्म में मेरा किरदार श्रेष्ठ होना चाहिए.
आप एक एक्टर है, निर्देशक है, मॉडल हैं. अपने आपको किस तरह से याद किया जाना पसंद करेंगे ?
यह बहुत दिलचस्प बात है कि लोग मुझे किस तरह से याद करेंगे. मेरे लिए यह महत्वपूर्ण है कि मेरी बीवी और मेरा परिवार मुझे किस तरह से याद करेंगे. मैं हमेशा कुछ नया करना चाहता हूं फिर वह चाहे टेलीविजन हो या फिल्म हो. मैं हमेशा चुनौतियों से घिरा रहना पसंद करता हूं.
आपकी आने वाली फिल्मों के बारे में बताइए ?
'भ्रम" के अलावा आने वाली फिल्मों में अंग्रेज़ी फिल्म 'आर्न" के अलावा 'द फ्लैग", 'फिर ज़िंदगी" और 'कांच - द ब्रोकन ग्लास" कुछ फिल्में हैं.


Click it and Unblock the Notifications











