प्यार अंधा होता है: मेघा गुप्ता

इस शो को लेकर मेघा काफी उत्साहित हैं. जब हमनें उनसे जानना चाहा कि कैसा चल रहा है तो उन्होंने हमसे ही सवाल करते हुए पूछा कि हमें कैसा लग रहा है. खैर इस शो के अलावा समय मिलने पर वह 'सी आई डी" में भी अभिनय कर लेती हैं. टेलीविजन इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाए रखने के लिए कॉन्ट्रैक्ट काफी आम बात है. अब यह और बात है कि कुछ लोगों के लिए यह मुसीबत साबित हो जाती है.
क्या मेघा ने भी राजश्री के साथ कोई कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है ?
“जी हां उनके साथ मैंने एक साल का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है" इस विषय पर मेघा ने अधिक जानकारी देने से यह कहकर इंकार कर दिया कि यह सवाल काफी व्यक्तिगत है. साथ ही मेघा ने यह भी बताया कि उनके कॉन्ट्रैक्ट में किसी भी प्रोडक्शन हाउस के साथ काम करने की मनाई नहीं है. यही वजह है कि वह 'सी आई डी" में भी काम कर रही है.
क्या राजश्री प्रोडक्शन के साथ कोई फिल्म करने का इरादा है ?
“अगर वह मुझे ऑफर करेंगे तो मैं ज़रूर करूंगी. उनके साथ जितना काम किया जाए उतना कम है.“ टेलीविजन इंडस्ट्री का जाना माना नाम बालाजी प्रोडक्शन जहां से स्वयं मेघा ने अपना कैरियर शुरू किया.
क्या उनकी तरफ से कोई ऑफर है या भविष्य में यदि आए तो क्या करेंगी ?
“मैंने उनके साथ अपना कैरियर शुरू किया है सो मैं समझती हूं मुझ पर पहला हक उनका ही है. जहां तक ओफ़र की बात है तो उनकी तरफ से मुझे काफी ऑफर आए थे मगर कभी हालात और कभी किरदार दिलचस्प न होने के कारण मैंने उन सबसे इंकार कर दिया. मगर हां यदि अब कभी उनकी तरफ से कोई ऑफर आया तो मैं उसे ज़रूर स्वीकार कर लूंगी.“ मेघा ने कहा.
'नायिका नहीं होती तो मैं कुक या फिर इवेंट मैनेजर होती" कहने वाली मेघा की ज़िंदगी का टर्निग पॉइंट प्रोजेक्ट के सिलसिले में बालाजी जाना रहा. वहां जाने के बाद उन्हें यह एहसास दिलाया गया कि वह एक बेहतरीन नायिका हो सकती हैं.
'मैं तेरी परछाई हूं" में किसी और की ज़िंदगी जीने वाली आंचल का किरदार निभा रही मेघा से जब हमनें यह पूछा कि अगर वास्तविकता में उनके साथ ऐसा हो जाए तो वह क्या करेंगी ?
इस सवाल के जवाब में मेघा का कहना है “अगर ऐसा कुछ वास्तविकता में हो जाए तो मैं वह नहीं करूंगी जो आंचल ने किया. मेरी कोशिश रहेगी कि उनके बच्चों के लिए एक अच्छी टीचर और एक अच्छी आया का इंतज़ाम करके मैं अमेरिका चली जाऊं जो उसके मामा मामी चाहते हैं.“ इस किरदार के बारे में मेघा का यह भी कहना है कि “जो काम हम वास्तविकता में नहीं कर सकते हैं वही किरदार हम टेलीविजन पर निभाते हैं.“
क्या वास्तविकता में कुछ ऐसे लोगों से मिली हैं आप, जिन्होंने दूसरों के लिए अपनी पूरी ज़िंदगी कुर्बान कर दी ?
“जी हां मैंने ऐसे कुछ लोगों के बारे में सुना है जिन्होंने दूसरों के लिए अपनी पूरी ज़िंदगी कुर्बान कर दी. मैं ऐसे लोगों से मिली नहीं हूं मगर उनके बारे में काफी कुछ सुन रखा है. यही वजह है कि मुझे मेरी कहानी काल्पनिक नहीं लगती. कई बार भावुकता में बहकर हम कुछ ऐसे काम करने के लिए तैयार हो जाते हैं जिसका कोई भविष्य नहीं होता. शायद इसलिए कहा जाता है कि प्यार अंधा होता है.“ मेघा ने मुस्कुराते हुए कहा.


Click it and Unblock the Notifications