सुपरस्टार का हर दिन मेरे लिए यादगार दिन

By Super

बाल कलाकार से फिल्मों में नज़र आने वाले कुणाल खेमू अब कलाकार के रूप में रोशन हो चुके हैं. अपनी पहली फिल्म 'कलयुग" से ही उन्होंने यह बात साबित कर दी कि वह एक दिन 'सुपरस्टार" बनकर रहेंगे. सुपरस्टार बनने की डगर पर निकले कुणाल वास्तविकता में सुपरस्टार बनते हैं या नहीं यह तो अभी बता पाना मुश्किल है. मगर रोहित जुगराज ज़रूर कुणाल को 'सुपरस्टार" बनाकर दर्शकों के सामने लेकर आ रहे है, जिनसे दर्शक बहुत जल्द रु ब रु होंगे.

'सुपरस्टार" में पहली बार डबल रोल में नज़र आने वाले हैं उसके बारे में बताइए ?

'सुपरस्टार" मेरी पहली डबल रोल फिल्म ही नहीं यह मेरी पहली कमर्शियल मसाला फिल्म है क्योंकि इसमें डांस के साथ साथ इमोशन है, ड्रामा है, ट्रेजेडी है. इस फिल्म की कहानी मुख्यत: सपनों की कहानी है. यह फिल्म कुणाल और करण इन दो किरदारों पर आधारित है. मुख्य रूप से यह कहानी कुणाल की है जिसका सपना है कि एक दिन वह सुपरस्टार बन जाए और उसकी फिल्म भी 70 mm के पर्दे पर दिखाई जाए. वह सिर्फ सपने ही नहीं देखता इसके लिए वह काफी प्रयत्नशील भी है. वह डांसर के साथ साथ स्टंट मैन है और फिल्मों में नायकों के बॉडी डबल के रूप में नज़र आता है. वह एक मध्यमवर्गीय लडका है जो फिल्मों में आने के लिए बहुत कुछ करता है. इसी दौरान उसकी मुलाकात एक ऐसे शख्स करण से होती है जिसकी शक्ल उससे हुबहू मिलती है. उसकी किस्मत में सुपरस्टार बनना लिखा है क्योंकि वह एक बहुत बडे निर्माता का बेटा है. उसके पिता उसके लिए साल की सबसे बडी फिल्म बनाने वाले हैं. मगर करण को इन सबमें ज़रा भी दिलचस्पी नहीं है. दोनों की मुलाकात होती है और फिल्म किस तरह से मोड लेती है यह कहानी है.

मुख्यत: डबल रोल फिल्मों में काफी मेहनत करनी पडती है. आपको कितनी मेहनत करनी पडी ?

सच कहूं तो मुझे अधिक मेहनत नहीं करनी पडी. इसका श्रेय जाता है मेरे निर्माता और निर्देशक को जिन्होंने मुझ पर यह भरोसा किया कि मैं डबल रोल वाली फिल्म का भार अकेले अपने कंधे पर रख सकता हूं. अब जब उन्होंने मुझ पर इतना भरोसा किया है तो इस फिल्म के प्रति मेरी भी ज़िम्मेदारी बढ जाती है. इस फिल्म के प्रति उत्साहित होने की एक और वजह है कि यह फिल्म डबल रोल होने के बावजूद न तो जुडवा भाइयों की कहानी है और न ही किसी के पुनर्जन्म पर आधारित है. मुझे खुशी है कि मैंने दोनों किरदार के साथ न्याय किया है. अब यह दर्शकों पर आधारित है कि उन्हें कैसा लगता है.

जिनमें द्वय व्यक्तित्व होता है वह जैसा अनुभव करते हैं क्या आपने भी वैसा कुछ अनुभव किया है ?

दोनों किरदार एक दूसरे से काफी अलग है. कुणाल से मैं अपने आपको काफी रिलेट करता हूं क्योंकि उसके सपने, उसकी आकांक्षा मुझसे काफी मिलती जुलती है. वह भी मेरी तरह काफी मेहनती है. मेरे ख्याल से हम सबमें कुछ ऐसी बात होती है जो हमें दूसरी चीज़ों के लिए प्रेरित करती है. हम सब अक्सर सोचते रहते हैं कि अगर मैं ऐसा नहीं होता तो शायद ऐसा होता. मुझे वही करने को मिला जो मैं कभी नहीं कर सकता था जैसे करन और मैं. करन में और मुझमें बहुत अंतर है. उसका किरदार निभाने में मुझे सबसे ज़्यादा मज़ा आया क्योंकि वह जैसा करता है वैसा मैं कभी नहीं करूंगा.

सीधे बालों से कर्ली बाल और शूटिंग के दौरान अशिमा की नाक घायल करने के अलावा सेट पर कोई यादगार घटना, जो दिलचस्प हो ?

सेट पर गुज़ारा गया हर दिन मेरे लिए यादगार दिन रहा है. मैं ऑन सेट ही अपने लुक्स बदला करता था जिसके लिए मुझे एक किरदार से दूसरे किरदार में जाने के लिए करीब एक घंटे से डेढ घंटॆ लगते थे. इसके अलावा मैंने आज तक डबल रोल फिल्में देखी हैं. मगर पहली बार बनते हुए देख रहा हूं कि किस तरह से कैमरा घूमता है. कभी कभी एक्सप्रेशन कैमरे से काम लिया जाता है. यह सब चीज़ें मेरे लिए काफी नई थी. स्पेशल इफेक्ट्स के समय मैं सारा दिन सेट पर रहता था और देखता था कि किस तरह से कंप्यूटर के ज़रिए एडिटिंग की जाती है.

तुलिप से जब हमारी बात हुई थी तो उन्होंने हमें बताया था कि एक सीन में उन्होंने आपको बहुत ज़बर्दस्त चांटा मारा था. दरअसल वह अशिमा की नाक घायल करने का बदला था. आप क्या कहना चाहेंगे ?

(हंसते हुए) उन्होंने अशिमा का बदला कैसे लिया यह तो मुझे नहीं पता क्योंकि चांटे वाला सीन बहुत पहले फिल्माया गया था. जी हां एक सीन था जिसमें तुलिप, मुझे चांटा मारने वाली थी. आम तौर पर ऐसे सीन में हल्के से गाल पर हाथ रखा जाता है बाद में उसमें आवाज के ज़रिए चांटे की गूंज़ पैदा की जाती है. मगर उन्होंने पूरे इमोशन में आकर मुझे ज़बर्दस्त चांटा मार दिया. उसके बाद वह इतनी नर्वस हो गई कि सारा दिन मुझे सॉरी बोलती रहीं.

पिछली फिल्म 'ढोल" बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही थी. इस फिल्म से कितनी उम्मीदें हैं ?

देखिए कलाकार हर फिल्म में अपनी पूरी जान डाल देता है. उसकी उम्मीद हर फिल्म से अधिक होती हैं. ठीक उसी तरह मेरी उम्मीद भी इस फिल्म से है और थोडी अधिक है क्योंकि यह मेरी पहली डबल रोल फिल्म होने के साथ साथ यह मेरी पहली कमर्शियल मसाला फिल्म भी है. इस फिल्म को बनाने में हम सबने बहुत मेहनत की है. मैं तो यही उम्मीद करता हूं कि लोग एक बार ज़रूर सिनेमाघर में आकर यह फिल्म देखें. यह मेरा वादा है कि यह फिल्म उन्हें ज़रा भी उबाऊ नहीं लगेगी बल्कि पूरा मनोरंजन करेगी.

अगर इस फिल्म की तरह आपको पता चले कि आपका भी कोई हमशक्ल है तो आपको कैसा लगेगा ?

(हंसते हुए) यह तो मुझे पता नहीं और फिल्म बनने के बावजूद मैंने इस पर कभी कोई विचार नहीं किया. देखेंगे क्या होगा. अगर मुझे पता चले कि मेरा भी कोई हमशक्ल है तो पहले थोडा सा झटका ज़रूर लगेगा कि अरे यार मेरी शक्ल का एक और आदमी है. उसके बाद मेरी पूरी कोशिश होगी कि मैं उससे मिलूं.

गंभीर किरदार निभाने के बाद 'ढोल" में आपने कॉमेडी की. भविष्य में किस किरदार पर अपनी अच्छी पकड बनाए रखेंगे ?

ऐसा नहीं है कि मैं अपना लगाव किसी एक तरह की फिल्मों के प्रति अधिक रखूंगा. जैसे जैसे मुझे फिल्में मिलती रहेंगी कहानी और किरदार के आधार पर मैं उन्हें चुनूंगा. अब वह कॉमेडी हो या फिर गंभीर हों.

अपनी आने वाली फिल्मों के बारे में बताइए ?

मैंने अभी हाल ही में यू टी वी की एक कॉमेडी फिल्म साइन की है. इसके अलावा 'जय वीरु" एक फिल्म है जो एक्शन कॉमेडी है क्योंकि इसमें एक्शन और कॉमेडी का ज़बर्दस्त संगम है. इस फिल्म में मेरे साथ फरदीन खान हैं. इसकी शूटिंग अभी जारी है. यू टी वी की फिल्म अभी मैंने साइन की है मगर अभी इसकी शूटिंग शुरू होने में वक़्त है सो इस बारे में मैं अधिक कुछ नहीं बता सकता. इसके अलावा और भी कुछ फिल्में हैं जिनके बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाज़ी होगी.

इसके अलावा नयन की एक इंग्लिश फिल्म 'व्हेन हैरि ट्राइड टू मैरि" भी है उसके बारे में बताइए ?

यह फिल्म 'कलयुग" से पहले की है जो अब बंद हो चुकी है. दरअसल यह फिल्म नयन, जो मेरे दोस्त हैं और अमेरिका में रहते हैं, उन्होंने लिखी थी. उसे मैंने उस समय सुना ज़रूर था मगर तब ऐसा कुछ तय नहीं हुआ था कि वह फिल्म मैं ही करूंगा. हालांकि उस फिल्म की कहानी के लिए उन्होंने अमेरिका में काफी पुरस्कार जीते हैं. फिलहाल उस पर कोई फिल्म नहीं बनी है अगर वह फिल्म अभी मेरे पास आए और मुझे उसकी कहानी अच्छी लगे तो मैं ज़रूर करुंगा. इसके अलावा मैं और कुछ नहीं कह सकता.

More from Filmibeat

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+
X