मैं अर्जुन रामपाल रहना चाहूंगा!

प्रश्न - 'नच बलिए 4" के द्वारा टेलीविज़न पर नज़र आने की वजह ?
उत्तर - इसकी एक नहीं कई वजह है। पहली वजह तो यह है कि भारत में दर्शकों के बहुत बडे क्षेत्र से अपना परिचय करवाने के लिए टेलीविज़न से अच्छा माध्यम कोई और नहीं हो सकता। दुसरी वजह है मेरी प्रोडक्शन कंपनी, जो बहुत जल्द टेलीविज़न के लिए शो बनानेवाली है सो इसके द्वारा मुझे टेलीविज़न के साथ साथ दर्शकों की पसंद और नापसंद जानने का भी मौका मिलेगा। तीसरी और अहम वजह है समय। यह शो मेरा उतना समय नहीं ले रहा जिसके लिए मुझे अपनी फिल्मों के साथ समझौता करना पडे, जो मेरी पहली पसंद है। फिलहाल इसे मैं प्रयोग भी कह सकता हूं। हो सकता है मैं इससे नफरत करने लगूं या यह भी हो सकता है कि मुझे इससे मोहब्बत हो जाए।
प्रश्न - क्या इससे पहले भी आपको रिएलिटी शो के ऑफर आए थे ? किस तरह के थे वह ?
उत्तर - मुझे 'बिग बॉस 1" होस्ट करने के लिए ऑफर आया था जिसे मैंने ठुकरा दिया।
प्रश्न - अभी आपने अपने प्रोडक्शन कंपनी का ज़िक्र किया था। थोडा सा बताएंगे किस तरह के शो यह कंपनी बनाएगी ?
उत्तर - विशेष रूप से शो बनाते वक़्त दर्शकों के मनोरंजन का ख्याल रखा जाएगा। इनमें रिएलिटी और फिक्शनल दोनों हो सकते हैं। मगर फिलहाल हम 'नच बलिए" की बात करेंगे।
प्रश्न - आपको लगता है आपके टेलीविज़न पर आने के लिए यह सही समय है ?
उत्तर - देखिए यह मैं नहीं सोचता कि यह मेरे लिए सही समय है या गलत क्योंकि मैं ज़िन्दगी में कैल्क्यूलेशन नहीं करता। अगर मैं करूं तो वह गलत भी हो सकता है और सही भी। मेरा मानना है जो चीज़ें हम दिल से करते हैं उसके गलत होने की गुंजाइश ही नहीं होती। मैं उसी के तहत टेलीविज़न पर नज़र आने जा रहा हूं। मैं फिलहाल यह बिल्कुल नहीं सोच रहा कि इससे मेरे कैरियर को फायदा होगा या नुकसान होगा क्योंकि जब भी मैंने दुसरों को साबित करने के लिए काम किया उसमें मुझे नाकामयाबी मिली मगर जब मैंने खुद को साबित करने के लिए कुछ किया तो उसमें मुझे कामयाबी मिली।
प्रश्न - अमिताभ बच्चन के बाद आज तक काफी कलाकारों ने टेलीविज़न पर अपनी जगह बनाने की कोशिश की मगर वह नाकामयाब रहें। आपको लगता है दर्शक आपको अपनाएंगे ?
उत्तर - देखिए फिल्म और टेलीविज़न में बहुत फर्क है। अगर मैं फिल्म से थियेटर में जाकर काम करूं तो वह मेरे लिए नया अनुभव होगा। यही बात टेलीविज़न के साथ भी साबित होती है। मगर जिस शो के साथ मैं हूं उसके साथ यह बात साबित नहीं होती क्योंकि यह शो पहले से ही काफी पॉप्यूलर है। किसी भी डांस शो ने इतनी लोकप्रियता नहीं पाई जितनी इस शो ने पाई। मुझे लगता है मैं बिल्कुल सही शो के साथ टेलीविज़न पर आ रहा हूं सो दर्शकों के मुझे नकारने का सवाल ही नहीं उठता।
प्रश्न - 'नच बलिए 4" में आप क्या जज करेंगे ?
उत्तर - हर इंसान की पसंद अलग होती है। उसी तरह हम तीन जजों की भी राय अलग होगी। हो सकता है जो चीज़ मुझे अच्छी लगे वह फराह या करिश्मा को ना अच्छी लगे या जो चीज़ें उन्हें अच्छी लगे वह मुझे अच्छी ना लगे। लेकिन एक चीज़ जो हम तीनों जज देखेंगे वह होगा प्रतियोगी का विकास।
प्रश्न - कई बार एस एम एस के कारण जजेस काफी निराश हो जाते हैं। क्या आप इसके लिए तैयार हैं ?
उत्तर - यह एक लोकप्रिय शो है और मैं मानता हूं कि दर्शक इसके फाइनल जज हैं। जिस तरह क्रिटिक्स हमारी फिल्मों को रेट देती है उसी तरह हम प्रतियोगियों को रेटिंग देंगे मगर असली फैसला दर्शक ही करेगी।
प्रश्न - कुछ लोगों का मानना है कि रिएलिटी शो के जज अनु मलिक की तरह घमंडी हों तो कुछ मानते हैं वह उदित नारायण की तरह शांत और मृदु भाषी हों। आप किस तरह रहना चाहेंगे ?
उत्तर - मैं अर्जुन रामपाल रहना चाहूंगा।
प्रश्न - आपको नहीं लगता डांस रिएलिटी शो की बजाय आपको मॉडलिंग रिएलिटी शो का जज होना चाहिए था क्योंकि मॉडलिंग की दुनिया में आज भी आपका नाम काफी सम्मान से लिया जाता है ?
उत्तर - शायद आपको यह नहीं पता कि मैं उसमें बिल्कुल बुरा हूं। यह बात बहुत अच्छी है कि मॉडलिंग की दुनिया में लोग मुझे इतना सम्मान देते हैं मगर क्यों यह बात आज भी मेरी समझ से परे है। मुझे लगता है मॉडलिंग की दुनिया खूबसूरती की दुनिया है, काफी झूठी दुनिया है जो मैं नहीं हूं। मैं चीज़ों को काफी गहराई से देखता हूं। मेरी बातों को सुनकर आप यह मत सोचिए कि मैं इस इंडस्ट्री का अपमान कर रहा हूं मगर यह सच है। मैं सिर्फ तीन साल इस इंडस्ट्री का हिस्सा रहा, उसके बाद मैंने इससे संयास ले लिया। जब मैं इसका हिस्सा था तब इसमें मुझे काफी क्रिएटिविटी नज़र आती थी मगर आज काफी कुछ बदल गया है। इसलिए मैंने आपसे कहा कि मैं उन चीज़ों को जज करने में काफी बुरा हूं क्योंकि मुझे वह चीज़ें अब नहीं लुभाती। मुझे वही चीज़ें और इंसान अच्छे लगते हैं जो असली हों। नकली चीज़ें और लोगों से मुझे नफरत है।
प्रश्न - पर्सनली आप खुद को कितना अच्छा डांसर मानते हैं ?
उत्तर - मुझे लगता है मेरे डांस डाइरेक्टर जितने अच्छे होते हैं मैं भी उतना अच्छा डांसर साबित होता हूं। मुझे फ्री स्टाइल डांसिंग बहुत पसंद है।
प्रश्न - आपके अनुसार बॉलीवुड में सबसे अच्छा डांसर कौन है ?
उत्तर - नायकों में हृतिक रोशन। अंतरर्राष्ट्रीय स्तर पर भी मैं उन्हें सबसे आगे समझता हूं। नायिकाओं में मुझे ऐश्वर्या राय, श्री देवी और माधुरी दीक्षित बेहतरीन डांसर लगती हैं।
प्रश्न - फराह के अनुसार इस शो में आपको लाने के लिए उनका बहुत बडा हाथ है तो उन्होंने कितना कंविंस किया ?
उत्तर - जी नहीं उन्होंने कंविंस नहीं किया क्योंकि मैं पहले से ही इस शो से काफी कंविंस था। फराह ने मुझसे सिर्फ यह कहा कि स्टार वाले चाहते हैं कि मैं उनके इस शो का हिस्सा बनूं। सो हमनें एक मीटिंग की। इनके टिम मेंबर को मिलकर मैं काफी आश्वस्त हो गया और मैंने हां कह दिया।
प्रश्न - टेलीविज़न पर आप सबसे अधिक क्या देखना पसंद करते हैं ?
उत्तर - मुझे पता नहीं स्टार वाले क्या सोचेंगे मगर मैं अधिकतर डिस्कवरी चैनल देखना पसंद करता हूं। रिएलिटी शो में मैंने 'बिग बॉस" देखने की कोशिश की थी मगर थोडे ही दिनों में मुझे ऐसा लगा यह मेरे बस की बात नहीं है।
प्रश्न - 'नच बलिए" के बाद क्या किसी दुसरे रिएलिटी शो में बतौर जज आना पसंद करेंगे ?
उत्तर - अभी इस बारे में मैंने बिल्कुल नहीं सोचा है। मेरी ज़िन्दगी का ध्येय सिर्फ जज बनना नहीं है। मैं उस शो का हिस्सा बनना पसंद करूंगा जिस शो में मेरी आस्था हो। यही वजह है कि आज मैं यहां हूं। जो चीज़ें मुझे अपील नहीं करती वह मैं नहीं करता। कुछ काम मैं कमर्शियल लेवल से ऊपर उठकर भी करता हूं।


Click it and Unblock the Notifications











