इच्छामृत्यु पर बॉलीवुड की पहली फिल्म 'गुजारिश' : भंसाली
उनकी फिल्म 'गुजारिश' एक ऐसे व्यक्ति की कहानी पेश करती है जिसके शरीर का निचला हिस्सा लकवाग्रस्त है और वह इच्छामृत्यु चाहता है, जिसकी कानूनन इजाजत नहीं है। फिल्म में अभिनेता ऋतिक रोशन ने मरीज की भूमिका निभाई है तो ऐश्वर्या राय उनकी नर्स बनी हैं।संजय ने कहा कि इस चर्चा का जवाब बहुत जल्दी नहीं मिल सकता, इसमें कुछ और समय लगेगा लेकिन हमें विषय को ध्यान में रखकर यह समझना चाहिए कि पीड़ा भोग रहे कुछ लोग इच्छामृत्यु क्यों चाहते हैं।
भंसाली ने कहा, "यह बहुत अनूठा विषय है। इसे बहुत संवेदनशीलता के साथ पेश किया गया है, खासकर कलाकारों ने उनके अभिनय में यह संवेदनशीलता दिखाई है। हमने इस बात का ध्यान रखा कि इसे सही ढंग से पेश किया जाए क्योंकि यह बहुत महत्वपूर्ण चर्चा है।"
भंसाली ने कहा, "भारतीय सिनेमा में इस विषय पर अब से पहले कोई फिल्म नहीं बनी है। यकीनन इस फिल्म में बहुत सा मनोरंजन भी है जो इसके विषय को बोझिल नहीं बनने देता। मैं कह सकता हूं कि जिस तरह से 'आनंद' फिल्म को पेश किया गया उसी तरह इसे भी प्रस्तुत करने की कोशिश की गई है।" भंसाली ने इससे पहले 'खामोशी: द म्यूजिकल', 'हम दिल दे चुके सनम', 'ब्लैक' और 'सांवरिया' जैसी फिल्में बनाई हैं।


Click it and Unblock the Notifications
