Exclusive Interview- ''यूपी के कच्छा बनियान गैंग से इंस्पायर होकर निभाया खतरनाक किरदार''- राघव जुयाल

Exclusive Interview Raghav Juyal- राघव जुयाल टैलेंट का खजाना है। लोग उनके स्लो मोशन डांस के दीवाने तो थे ही, अब एक्टिंग से भी वो भी अपना लोहा मनवा रहे हैं। हाल ही में रिलीज हुई धर्मा प्रोडक्शन की फिल्म Kill में उन्होने जिस तरह का किरदार निभाया है वो कमाल का है। लक्ष्य लालवानी के साथ राघव ने इस फिल्म को अलग लेवल पर पहुंचाया है।
वो जब जब स्क्रीन पर आते हैं तो आपको उनके किरदार से नफरत होगी और डर भी लगेगा। ये बताता है कि एक्टर ने अपने किरदार के साथ इंसाफ किया है। सलमान खान के साथ 'किसी का भाई किसी की जान' करने के बाद किल में राघव एक अभिनेता के तौर पर निखरकर सामने आए हैं।
फिल्मीबीट के साथ बातचीत में राघव जुयाल ने 'किल' में मुख्य विलेन की भूमिका निभाने को लेकर खुशी व्यक्त की। साथ ही एक्टर ने अपने करियर की जर्नी को लेकर कुछ अनसुने खुलासे किए।
यहां पढ़ें इंटरव्यू के प्रमुख अंश:
Q. 'किल' को इंडिया और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर काफी तारीफें मिल रही हैं, आपके करियर के लिए बिल्कुल नया स्टेज है तो आपको कैसा लग रहा है?
A. इस फिल्म ने मेरा करियर पूरी तरह से बदल दिया है। जो वर्ड ऑफ माउथ इस फिल्म को मिल रहा है मैं तुम्हे क्या बताऊं। इतने छोटे बजट की फिल्म है। हम उस फिल्म के साथ थिएटर्स में जिसमें बच्चन साहब, दीपिका पादुकोण और प्रभास हैं, मल्टीस्टारर फिल्म है, ना जाने कितने का 200-300 करोड़ का बजट है। फिर भी हम ऑडियंस को हॉल तक खींचकर ला पा रहे हैं। मुझे लगता है मेरे लिए ये लाइफ का सबसे बड़ा अचीवमेंट है।
Q. धर्मा प्रोडक्शन के साथ काम करने का सबका ड्रीम होता है, इस फिल्म के लिए आपसे कैसे संपर्क किया गया?
A. मैं ऑडिशंस देता था और एक कास्टिंग बे करके है.. अनमोल, उनका कॉल आया था। उस वक्त में काशी में संजय मिश्रा और रणवीर शौरी जी के साथ शूट कर रहा था। मैने अनमोल से कहा कि स्क्रिप्ट मुझे दे दे और कैरेक्टर ब्रीफ कर दे। मैने ऑडिशन दिया और फिर निखिल सर का कॉल आया जो कि मेरे डायरेक्टर थे उन्होने कहा, भाई मजा आ गया बहुत बढ़िया किया तुमने। एक और सीन करके दे दे। मैं फिर मुंबई गया और ऑडिशन दिया जो कि गुनीत, करण को बहुत पसंद आया था। गुनीत ने एक इंटरव्यू में कहा भी है कि, 'हमने करीब 100 ऑडिशंस लिए हैं और राघव शानदार लगा।' फिर में ऋषिकेश में था तो मुझे खबर आई थी कि तुम सेलेक्ट हो गए हो।
Q. किल एक हिंसक फिल्म हैं, आप और लक्ष्य इस फिल्म की आत्मा हैं। तो इसके कैरेक्टर को कैसे ब्रीफ किया गया था?
A. मैने तो स्क्रिप्ट पढ़ी था घर में अकेले। मैने कैरेक्टर पढ़ा तो सोचा कि अगर ये क्लिक हो गया, तो एक एक्टर के तौर पर मेरी जर्नी ये शुरु करवा देगा। 9 महीने की फिजिकल ट्रेनिंग थी और 2 महीने कैरेक्टर की तैयारी की। बहुत काम किया है कैरेक्टर पर, भाषा पर और बॉडी लैंग्वेज पर। आपने फिल्म देख ली है तो आपको पता चल गया होगा। डायरेक्टर के साथ बैठना, सवाल जवाब रोज होना। यूपी में एक कच्छा बनियान गैंग होता था, मैने उनको काफी पढ़ा। वो कच्छे पहनते थे, शरीर पर तेल लगाते थे। इसके बाद वो डकैती करते थे, मारते थे और चले जाते थे। उनके लिए वो काम था, ऐसा नहीं था कि वो विलेन थे या उनको एक्टिंग करनी थी। मैने इस कैरेक्टर को ऐसा ही बनाया कि मैं बिल्कुल नॉर्मल लगूं की मेरा वो काम है, ऐसा नहीं है कि मुझे विलेन लगना है। मैने पहले सीन में अपना खुद का नंबर दिया है, अच्छा हुआ पूरा नंबर नहीं दिया वरना मेरी वाट लग जाती।
Q. फिल्म में आपकी एक्टिंग देखने के बाद आप अनुराग कश्यप की नजर में आ सकते हैं?
A. अरे.. उनका मैसेज आया मुझे। पूरी इंडस्ट्री ने मुझे मैसेज किए लेकिन सबसे प्यारा मैसेज अनुराग सर का आया है। उन्होने कहा, ''मैने फिल्म देखी है और तूने फोड़ दिया है।'' उन्होने कहा कि, ''मैं लखनऊ में शूटिंग कर रहा हूं और मुंबई आकर तुझसे मिलता हूं।'' मैने कहा, ''सर मेरी लाइफ धन्य हो जाएगी अगर ऐसा हो गया तो।''
Q. डांस, एक्टिंग और एंकरिंग.. इन तीनों में से कोई एक चुनना पड़ेगा तो क्या चुनेंगे?
A. मैं सब कुछ करूंगा, मैं वैसे भी सबकुछ अच्छी तरह से करता हूं। फिल्मों में डांस करूंगा जैसे ऋतिक सर करते हैं और अवॉर्ड्स शो में एंकरिंग करूंगा। जैसे किशोर कुमार सब करते थे, एक्टिंग, सिंगिंग और बकैती.. तो सब करना चाहिए।
Q. आपने अपना एक्टिंग डेब्यू 'सोनाली केबल' से किया था, आपको इसके लिए कैसे अप्रोच किया गया?
A. इसके लिए मुझे मेरे डायरेक्टर ने अप्रोच किया था। मैने इसके लिए ऑडिशन किया था रोहन सिप्पी जी के ऑफिस में। मैं काफी छोटा था, इस फिल्म में अली फजल भाई थे और रिया चक्रवर्ती थीं। इसके बाद मैने ऑडिशन दिया और मैने कहा मुझे नहीं लगता कि एक्टिंग कर पाऊंगा तो उन्होने कहा कि, भरोसा रखो। फिर मैं सेलेक्ट हो गया। ऑडिशन का सिलसिला मेरी लाइफ से खत्म ही नहीं होता।
Q. सलमान खान के साथ आपने 'किसी का भाई किसी की जान' की थी.. सेट पर और सेट के बाहर आपके साथ कैसे हैं भाईजान?
A. बहुत ज्यादा खातिरदारी, दावतें, पार्टियां.. मतलब ऐसा लगता है कि आप एक रोलर कोस्टर राइड पर हैं। मैं उनके फार्म पे भी रहा हूं दो दिन, खूब एंजॉय करवाया उन्होने। ऑन सेट से ज्यादा मुझे भाई के साथ ऑफ सेट मजा आता था।
Q. पद्मावत में अपने किरदार की तैयारी करने के लिए रणवीर सिंह ने खुद को कमरे में बंद लिया था, आपने खतरनाक राघव बनने के लिए कैसे तैयारी की?
A. (हंसते हुए) ये तैयारी काफी लंबी रही है, मैने ये स्क्रिप्ट करीब 70-80 बार पढ़ी। हर बार मुझे इस कैरेक्टर को लेकर नई जानकारी मिली। मेरे पापा क्रिमिनल लॉयर हैं, तो मैने उनसे पूछा कि कोर्ट कचहरी में बैठकर कैसा लगता है, क्रिमिनल दिखता है क्या कि वो क्रिमिनल है? तो उन्होने बताया कि, वो नॉर्मल दिखता है जब तक कि वो दोषी ना साबित हो जाए। इसको लेकर मैने अपने डायरेक्टर से काफी सवाल किए, जैसे कि.. क्या ये कैरेक्टर धार्मिक होगा? ऐसे ऐसे सवाल किए। अगर ये मजहबी होगा तो कितना होगा? इस तरह से कैरेक्टर तैयार किया। मैने खुद को कमरे में बंद नहीं किया बल्कि मैने 40 लौंडों के साथ खूब मस्ती की जो इस फिल्म में हैं। कोई चंपारण मटन बना रहा है तो कोई लिट्टी चोखा बना रहा है, तो कई बाटी बना रहा है, तो ये सब किया मैने।
Q. इस फिल्म में एक दिग्गज एक्टर भी हैं आशीष विद्यार्थी, उनसे क्या सीखा आपने?
A. वो बेहद प्यारे इंसान हैं और उन्होने मुझे एक गुरुज्ञान दिया। मुझे और उनको दोनों लोगों को खाने का बहुत शौक है तो हमारी अक्सर बातें होती थीँ। मैने उनसे पूछा, सर एक्टिंग में क्या होता है? मैं कब समझूंगा ये सब। उन्होने कहा, राघव No one knows Everyone is figuring it out, no one knows. वो मुझे बहुत कुछ सिखा के गए हैं। सीन्स में भी वो बहुत हेल्पफुल रहे हैं। वो मुझसे कहते थे कि तू इसको ऐसे कर सकता है तो मैं कहता था कि सर क्या बात है। तो ये होती है एक अच्छे एक्टर की पहचान की वो हेल्पफुल हों तो वो सीन ऊपर जाएगा और फिल्म ऊपर जाएगी। गुरु हैं वो।
Q. जाते जाते बताइए कि आपके आने वाले प्रोजेक्टस कौन कौन से हैं?
A. एक प्रोजेक्ट मैं बता सकता हूं जिसका नाम 'ग्यारह ग्यारह' है। ये भी धर्मा का ही प्रोजेक्ट है। इसमें मैं अच्छा आदमी बना हूं, पुलिस वाला बना हूं। इसके बाद एक एक्सल की फिल्म है 'युधरा' जिसमें सिद्धांत चतुर्वेदी और मालविका हैं।


Click it and Unblock the Notifications















