Exclusive: "बॉलीवुड ने मुझे खुद को साबित करने का मौका ही नहीं दिया", शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव का छलका दर्द

Luv Sinha Exclusive Interview: "मेरे पिताजी ने फिल्म इंडस्ट्री में बहुत मेहनत से, अपनी काबिलियत के दम पर पहचान बनाई है, मैं उनसे ये कभी नहीं कह सकता कि किसी को कॉल करके अपने बेटे को काम दिलवाइए," ये कहना है शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा का। लव 'गदर 2' में एक विशेष भूमिका में नजर आने वाले हैं।
सुपरस्टार पिता शत्रुघ्न सिन्हा की छाया से निकलकर लव सिन्हा धीरे-धीरे ही सही, लेकिन बॉलीवुड में अपने लिए जगह बना रहे हैं। फिल्मीबीट के साथ एक खास बातचीत में, अभिनेता ने नेपोटिज्म, स्टारडम और बॉलीवुड में अपने संघर्ष पर खुलकर बातें कीं। साथ ही उन्होंने गदर 2 का हिस्सा बनने को लेकर उत्साह भी जताया।
गदर 2 का हिस्सा बनने पर लव सिन्हा
लव सिन्हा ने बताया कि 'गदर 2' में वो एक गेस्ट अपीयरेंस निभा रहे हैं। उन्होंने कहा, "ये बहुत लंबा रोल नहीं है, लेकिन मैं इसी में खुश हूं कि मुझे गदर 2 का हिस्सा बनने का मौका मिला। मैं हमेशा से अनिल (शर्मा) सर, सनी सर के साथ काम करना चाहता था। मुझे याद है मैं सिंगल स्क्रीन में 'गदर' देखने गया था। जब फिल्म में सनी देओल और अमरीश पुरी आमने सामने आते हैं और फुल डायलॉगबाजी होती है, उसके बाद कुछ समय के लिए आपको कुछ और सुनाई नहीं देता है, आपके कानों में सिर्फ हिंदुस्तान जिंदाबाद गूंजता रहता है। ये फिल्म पूरे भारत के लिए बनाई गई थी, सिर्फ मुंबई या दिल्ली के लिए नहीं।"
सनी देओल कमाल के एक्टर हैं, और कमाल के इंसान हैं
सनी देओल के साथ काम करने के अनुभव को शेयर करते हुए लव ने कहा, "मैं कभी किसी सीनियर स्टार के सामने घबराता नहीं हूं क्योंकि मुझे पता है कि वो लीजेंड्स हैं। मेरे लिए तो मेरे सामने एक और नए गुरु आए। मुझे तो उनसे सीखना है। घबराते वो लोग हैं, जो इनसिक्योर होते हैं। मैं सनी सर के सामने नहीं घबराया क्योंकि मुझे पता है कि वो "तारा सिंह" हैं। गदर या गदर 2 उनके बिना असंभव है। सनी देओल की जो फैन फॉलोइंग है, वो बिल्कुल रियल है, ये इंस्टाग्राम का फैन बेस नहीं है। मुझे पता था कि मेरे सामने कौन है.. वो बहुत कमाल के एक्टर हैं, बहुत कमाल के इंसान हैं। मैं खुद को खुशनसीब मानता हूं कि मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिला।"
पिताजी से कभी नहीं कहूंगा कि मुझे काम दिलवाइए
फिल्मी परिवार से होते हुए भी लव सिन्हा के लिए बॉलीवुड का सफर आसान नहीं रहा है। ऐसे में क्या वो मेकर्स को खुद अप्रोच करना पसंद करते हैं? जवाब में अभिनेता ने कहा, "हां, मुझे काम मांगने में कोई शर्म नहीं है। चूंकि आप एक फिल्म परिवार में पैदा हुए हैं, इसीलिए आप काम नहीं मानेंगे? ये सोच गलत होगी। बाकी एक्टर्स भी जो कहते हैं कि वो काम नहीं मांगते, मैं बताता हूं, उनके लिए कोई और काम मांगता है। मैं अपने पिताजी से ये कभी नहीं कहूंगा कि मेरे लिए काम मांगिए। जब वो इस इंडस्ट्री में आए थे, तो उन्होंने खुद यहां अपना नाम कमाया, बहुत मेहनत की और सफल हुए। मैं एक सेल्फ मेड इंसान से ये नहीं कह सकता कि किसी को कॉल करके अपने बेटे को काम दिलवाइए। 13 सालों के बाद, मैं आज भी इंडस्ट्री में खुद को न्यूकमर ही मानता हूं क्योंकि मुझे मौका ही नहीं मिला।"
नेपोटिज्म डिबेट पर बोले लव सिन्हा
नेपोटिज्म डिबेट पर आगे बात करते हुए उन्होंने कहा, "मैं कई स्टारकिड्स को जानता हूं, जिनके हाथों में स्क्रिप्ट होती है बिना किसी स्क्रीन टेस्ट दिये। उन्हें सिर्फ अपने फिल्म फैमिली के दम पर काम मिल जाता है। इसीलिए लोगों को गुस्सा भी जायज है। लेकिन मैंने एफटीआईआई (FTII) में एडमिशन लिया, वहां पढ़ाई की, बहुत कुछ सीखा, मैं इतना भरोसे के साथ कह सकता हूं कि मुझे काम आता है। लोग मुझे आज पूछते हैं कि तुम इतने सेलेक्टिव क्यों हो? मैं यही कहना चाहता हूं कि मैं अपनी मर्जी ने 5 सालों तक क्यों इंतजार करना चाहूंगा! मेरे लिए भी वक्त बहुत महत्वपूर्ण है। मैं पैसे के लिए काम नहीं करता हूं, मुझ सच में एक्टिंग से प्यार है। इसीलिए मैं इस इंडस्ट्री से सिर्फ इतना चाहता हूं कि मुझे खुद को साबित करने का मौका दें।"
एक्टिंग नहीं, सिर्फ लुक्स देखकर मिल रही हैं कुछ लोगों को फिल्में
अभिनेता ने आगे कहा, "आजकल इंडस्ट्री में हमलोग इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं कि आपको भाषा आती है या नहीं, आपको एक्टिंग आती है कि नहीं.. हम इस पर ध्यान दे रहे हैं कि आप सर्जरी के बाद कितने अच्छे दिख रहे हैं। हां, स्क्रीन पर एक्टर को अच्छा दिखना चाहिए, लेकिन हर एक्टर को एक जैसे ही नहीं दिखना चाहिए। ये कोई हीमैन का एक्शन फीगर कलेक्शन नहीं है.. कि हम सब वहां एक जैसे दिख रहे हैं। ये कहीं ना कहीं हमारी इंडस्ट्री में ज्यादा है। उम्मीद है कि कुछ सालों में ये भी बदल जाएगा।"
शत्रुघ्न सिन्हा के साथ आने वाली है वेब सीरीज
लव सिन्हा ने बताया कि वो स्ट्रान्ग निगेटिव रोल करना चाहता हैं, साथ ही सपोर्टिंग रोल के लिए भी ओपन हैं। जल्द ही वो अपने पिता शत्रुघ्न सिन्हा ने साथ वेब सीरीज 'गैंगस्टर' में नजर आने वाले हैं। जिस पर बात करते हुए लव ने कहा, "इस सीरीज में हम रील लाइफ पिता और बेटे का रोल निभा रहे हैं, और दोनों राजनेता हैं। उनके साथ काम करने का अनुभव बहुत ही शानदार रहा है, जिसे मैं जिंदगी भर याद रखूंगा.."


Click it and Unblock the Notifications

