Exclusive Interview- शादी, MeToo और कास्टिंग काउच पर खुलकर बोलीं एक्ट्रेस Kritika Kamra

Kritika Kamra Exclusive Interview - मशहूर अभिनेत्री कृतिका कामरा इस वक्त अपनी वेब सीरीज ग्यारह ग्यारह को लेकर खबरों का हिस्सा हैं। काफी समय के बाद धमाकेदार वापसी करने वाली कृतिका ने पुलिस ऑफिसर के किरदार में लोगों को इंप्रेस किया है।
टीवी से अपने करियर की शुरुआत करने वाली कृतिका को इस सीरीज में काफी पसंद किया जा रहा है। फिल्मीबीट से एक्सक्लूसिव बातचीत के दौरान कृतिका ने कई दिलचस्प खुलासे किए हैं और अपने किरदार को लेकर भी बात की है।
पढ़िए इंटरव्यू के प्रमुख अंश:
Q. सबसे पहले इस सीरीज ग्यारह ग्यारह के बारे में कुछ बताइए, किस तरह की सीरीज है?
A. ये सीरीज एक क्राइम ड्रामा है जिसमें एक ट्विस्ट है। ग्यारह बजने पर दो पुलिसवालों के वॉकी टॉकी कनेकक्ट होते हैं। एक वॉकी टॉकी है 1990 में और दूसरा है 2016 में। ये वॉकी टॉकी जादुई तरीके से एक दूसरे से कनेक्ट होते हैं। जब ये कनेक्ट होते हैं तो कुछ केस भी सामने आते हैं और इसके थ्रू हम उन केसेस को सॉल्व कर पाते हैं।
Q. पोस्टर से पता चल रहा है कि आप पुलिस ऑफिसर का किरदार निभा रही हैं, कितनी चैलेंजिंग रोल था? इसकी तैयारी कैसे की?
A. मैने कभी पुलिस ऑफिसर का किरदार नहीं निभाया तो एक बॉडी लैंग्वेज पर काम करने की जरूरत थी। हम जब भी पुलिसवालों को देखते हैं तो एक तरीका होता है, चलने का बोलने का, एक ढंग से वो यूनिफॉर्म पहनते हैं। उस चीज पर काम किया गया, बंदूकों के साथ कुछ ट्रेनिंग की। सीरीज में मैं पुलिस की गाड़ी बोलेरो चलाती हूं तो उसकी भी मैने प्रैक्टिस की। कश्मीर में हम पहाड़ों पर शूट कर रहे थे तो उसके लिए तैयारी की, कि सही से चला पाऊं। इस किरदार में मैं पास्ट के कैरेक्टर में भी हूं और प्रजेंट के कैरेक्टर में भी हूं। मेरे लिए ये दो किरदार निभाने जैसा है।
Q. ग्यारह ग्यारह के लिए किसने अप्रोच किया, कैसे मिली ये सीरीज?
A. कास्टिंग डायरेक्टर के जरिए ये सीरीज मुझे मिली। मैने स्क्रिप्ट पढ़ी और ऑडिशन दिया तो मुझे मेरे डायरेक्टर का कॉल आया था। मेरे प्रोड्यूसर जो हैं गुनीत मोंगा उनको मेरा ऑडिशन पसंद आया था।
Q. आपने अपने करियर की शुरुआत 'यहां के हम सिकंदर' से की थी, कैसे हुई एक्टिंग करियर की शुरुआत?
A. मैं मध्य प्रदेश से हूं और दिल्ली में पढ़ाई कर रही थी। इसके बाद नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन एंड टेक्नॉलजी जॉइन की। मेरा इंस्ट्रेस्ट था डांस और एक्टिंग में लेकिन कभी मैने प्रोफेशनल तरीके से इसको नहीं देखा। कॉलेज जॉइन करने के कुछ महीनों के बाद वहां पर ऑडिशन चल रहे थे, कुछ कास्टिंग डायरेक्टर्स आए हुए थे। तो उन्होने मुझसे पूछा कि क्या आप ऑडिशन देना चाहती हैं, मैने पूछा ऑडिशन क्या होता है? मुझे उसके बारे में कुछ पता नहीं था। उन्होने बताया हम आपको एक स्क्रिप्ट देंगे और आपको अंदर आकर एक्टिंग करनी हैं। मुझे ये भी नहीं पता था कि अंदर कैमरा भी होता है। मैने जाकर परफॉर्म किया और करीब 2 महीने बाद उनका कॉल आया कि हमें आपको ऑडिशन अच्छा लगा, क्या आप मुंबई शिफ्ट हो सकती हैं? उस वक्त मैं 18 साल की थी और मां से बात की और उनके लेकर मुंबई आ गई और कॉंट्रैक्ट साइन कर लिया।
Q. बतौर एक्टर फिल्म, वेब सीरीज या टीवी.. किसमें काम करने में ज्यादा मजा आता है, और अंतर क्या है?
A. एक एक्टर के लिए कोई अंतर नहीं है। ऐसा नहीं है कि हम टीवी पर अलग एक्टिंग करते हैं और सीरीज में अलग करते हैं। जैसा कि सभी जानते हैं कि टीवी सीरियल्स रोज आते हैं तो हम शूटिंग भी रोज करते हैँ। फिल्में दो घंटे की होतीं हैं तो वो कुछ ही शेड्यूल में खत्म हो जाती हैं। सीरीज जो है वो कम से कम 3 फिल्में शूट करने के बराबर होती है। थोड़ा समय का ही अंतर होता है, फिल्में और सीरीज शूट करने का तरीका एक ही तरह का है। टीवी सीरियल में थोड़ा जल्दबाजी होती है क्योंकि आपको शाम के टेलीकास्ट करना होता है, कई बार तुरंत स्क्रिप्ट लिखी जाती है।
Q. किस बॉलीवुड अभिनेता के साथ काम करने की इच्छा है? कैसी फिल्में करना चाहती हैं?
A. मुझे कई लोगों का काम बहुत अच्छा लगता है। मुझे जयदीप अहलावत का काम अच्छा लगता है, मुझे रणवीर सिंह बहुत अच्छे लगते हैं। रॉकी और रानी में उनको आखिरी बार देखा और उन्होने उस किरदार को जबरदस्त बनाया है। वो बहुत ही वॉचेबल है। तो मुझे लगता है कि उनके साथ काम करने में बहुत मजा आएगा।
Q. इंड्स्ट्री में एक शब्द अक्सर सुनाई देता है, कास्टिंग काउच.. क्या कोई अनुभव है जो आप शेयर करना चाहेंगी?
A. मीटू मोमेंट का शुरुआत जब हुई थी, उसके बाद से कुछ भी सुनाई नहीं दिया। ना सिर्फ हमारी इंडस्ट्री में बल्कि बाकी जगह भी। एक डर लोगों के दिल में बैठ गया है। अब लोग ऐसा नहीं करते हैं क्योंकि सभी जानते हैं कि लोगों के पास स्मार्ट फोन है, लोग इंटरनेट पर हैं। अब ऐसा नहीं है कि आप कुछ कर देंगे और बच के निकल जाएंगे। अब लोग इसपर आवाज उठा सकते हैं और लड़कियों ने उठाई भी है। अब कई रूल्स बन गए हैं और उनको कंपनियों को फॉलो करना होता है। अब ये घटनाएं सुनने में नहीं आती हैं।
Q. कृतिका कामरा शादी कब करने वाली हैं? पर्सनल लाइफ में क्या चल रहा है?
A. (हंसते हुए) ये किसने कहा है कि शादी नेक्स्ट इनिंग होती है। मैं अपनी अच्छी इनिंग खेल रही हूं। मैं शतक के पास हूं इस वक्त और मेरी इनिंग चल रही है ये बहुत बड़ी बात है। मैं बिलीव करती हूं शादी में, लेकिन जो हमारी जॉब होती है उसमें हमें काफी टाइमिंग का इश्यू होता है। काफी सारी इंसिक्योरिटी भी होती है। मैं उस चीज में भरोसा नहीं करती कि आप शादी करके सेटल हो जाओ। पहले सेटल हो जाना चाहिए फिर शादी करना चाहिए। जब तक आप मेंटली और फाइनेंसली स्ट्रॉंग ना हो जाएं, खासकर लड़कियों तो शादी नहीं करना चाहिए। मेरे हिसाब से शादी की कोई डेडलाइन नहीं होती। जब मुझे लगेगा कि मैं सेटल हूं लाइफ में तब मैं अगली इनिंग की शुरुआत करूंगी।
Q. जाते जाते अगर अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स के बारे में कुछ बताना चाहें तो?
A. मैं इस वक्त दो वेब सीरीज शूट कर रही हूं। एक का नाम है 'मटका किंग' जो कि अमेजन प्राइम वीडियो पर आने वाला है। दूसरा है 'फॉर योर आइज ओनली' ये नेटफ्लिक्स का शो है। दोनों ही मजेदार शो हैं और कास्टिंग भी मजेदार है। एक में विजय वर्मा हैं और दूसरे में प्रतीक गांधी हैं। दोनों ने पिछले साल काफी अच्छा काम किया है और मुझे लगता है दोनों की सीरीज अगले साल रिलीज होंगी।


Click it and Unblock the Notifications















