EXCLUSIVE INTERVIEW: अपनी फिल्म 'वध' के सीक्वल और पठान की सफलता पर बोले डायरेक्टर जसपाल सिंह संधू

Jaspal Singh Sandhu Interview: संजय मिश्रा और नीना गुप्ता अभिनीत फिल्म वध, 9 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई और अब नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीमिंग कर रही है। ओटीटी पर फिल्म को मिल रही प्रतिक्रिया देखकर निर्देशक जसपाल सिंह संधू बेहद उत्साहित हैं और अब फिल्म के सीक्वल को लेकर भी सकारात्मक हैं। उन्होंने कहा, वध को लेकर मुझे थोड़ा सब्र रखना पड़ा क्योंकि बीच में कोविड आ गया, लेकिन अंत भला तो सब भला। फिल्म लोगों को पसंद आ रही है, हमें इससे ज्यादा क्या चाहिए।
ओटीटी ने घर बैठकर कंटेंट देखने की आदत डाल दी है
'वध' को ओटीटी पर दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है, लेकिन दर्शकों ने फिल्म देखने के लिए थियेटर की ओर रूख नहीं किया था, इस बारे में बात करते हुए निर्देशक ने कहा, "कहीं ना कहीं लोगों ने अपना मन बना लिया है कि उन्हें घर से निकलकर क्या देखना है। यह सच्चाई है कि ओटीटी ने घर बैठकर कंटेंट देखने की आदत डाल दी है। पहले सिनेमा देखने के लिए लोग या तो थियेटर जाते थे, या इंतजार करते थे कि कब वो टेलीविजन पर आएगी। लेकिन अब ओटीटी ने वो दीवार तोड़ दी है। लोग अब थोड़ा इंतजार भी कर लेते हैं कि ओटीटी पर आएगी फिल्म तो देख लेंगे। जबकि पता सबको होता है कि कौन सी फिल्म कब आ रही है। बहरहाल, मुझे उम्मीद थी कि ओटीटी पर 'वध' अच्छा करेगी। जितना प्यार मिला है, उसे देखकर बहुत खुशी हो रही है। लेकिन मुझे पता था कि ओटीटी से ही ये ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचेगी।"
पता था कि 'वध' को इसका हक मिलेगा
निर्देशक ने आगे कहा, "सच कहूं तो, जितना मैं इंडस्ट्री को समझता हूं, तो एक अंदाजा था मुझे। लेकिन निराशा तो थी। आपको लगता है कि फिल्म अच्छी है, लोगों को देखनी चाहिए। हालांकि, निराशा में भी एक आशा ये थी कि जो भी फिल्म देखकर आ रहा है, वो बहुत तारीफ कर रहा है। मैंने कुछ रिव्यू पढ़े, सोशल मीडिया पर आम जनता के रिएक्शन देखे.. और मैं वो देखकर काफी खुश हुआ। साथ ही मुझे पता था कि ये दो महीने के बाद ओटीटी पर आ जाएगी, वो भी नेटफ्लिक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर। मुझे पता था कि इस फिल्म को इसका हक मिलेगा।"
संजय मिश्रा और नीना गुप्ता बेहतरीन कलाकार ही नहीं बेहतरीन इंसान भी हैं
वहीं, संजय मिश्रा और नीना गुप्ता जैसे कलाकार के साथ काम करने के अनुभव को निर्देशक ने शानदार कहा। उन्होंने कहा, "इतना शानदार अनुभव था कि मैं शब्दों में बयान नहीं कर सकता हूं। सबसे पहली बात ये कि मैं थोड़ा सा डरा हुआ था। मुझे लग रहा था कि यदि मुझे कोई शॉट नहीं अच्छी लगी तो मैं इनसे बोलूंगा कैसे कि 'ऐसे नहीं सर, ऐसे कर लो, ये मेरे दिमाग में है।' लेकिन वो डर पहले दिन ही खत्म हो गया। शूटिंग से पहले भी हमने कई रीडिंग्स की थी, लेकिन सेट पर जाने का अनुभव अलग ही होता है। सच कहूं तो दोनों कलाकारों ने मेरा काम बहुत आसान कर दिया था। मैं थोड़ा सा भी अगर उन्हें बता देता था कि कैरेक्टर में मुझे ये चाहिए, तो वो पूरे शूट के दौरान इस बात का ख्याल रखते थे। मुझे दोबारा बोलने की जरूरत तक नहीं पड़ती थी। वो दोनों बेहतरीन कलाकार होने के साथ साथ बेहतरीन इंसान भी हैं।"
वध का सीक्वल
वध के सीक्वल बनाने की संभावना पर बात करते हुए निर्देशक कहते हैं, "एक कहानी है आगे की, जो दिमाग में है। और एक सीन भी है, जो पहले इस फिल्म के लिए शूट करने वाला था, लेकिन फिर नहीं किया और जानबूझकर इस कहानी को ओपन एंड के साथ छोड़ दिया। मैं लकी हूं कि मैं राइटर हूं तो मुझे पता है कि वो कहां गए हैं। उम्मीद है कि सेकेंड पार्ट में दर्शकों के साथ भी शेयर करूंगा।"
पठान की सफलता पर बोले निर्देशक
2023 की शुरुआत पठान की बॉक्स ऑफिस सफलता के साथ हुई है। जसपाल सिंह संधू मानते हैं कि इससे पूरी फिल्म को लाभ मिलेगा। वह कहते हैं, "सिनेमा एक इमोशन है, यदि लोग किसी चीज को लेकर इमोशनल हो गए, तो वो चीज हिट हो ही जानी है, किसी भी तरह। पठान के लिए लोग इमोशनल थे इसीलिए वो घरों से निकलकर गए हैं। मैं बहुत खुश हूं कि फिल्म इतना शानदार प्रदर्शन कर रही है। लॉकडाउन की वजह से दर्शकों को सिनेमाघर तक आने की आदत जो छूट गई थी, वो आदत अगर किसी भी तरह से टूटती है तो हम सबके लिए अच्छा है। वो अनुभव वापस जिंदा करना जरूरी है, और मुझे लगता है कि ये करने में पठान की एक बहुत बड़ी भूमिका रहेगी।"


Click it and Unblock the Notifications













