100 करोड़ के दबाव में नहीं बनी कॉकटेल : होमी
इस हफ्ते रिलीज होने जा रही फिल्म 'कॉकटेल' ने रिलीज होने से पहले ही अपने आकर्षक संगीत और नये कलेवर से धूम मचा दी है। इस फिल्म के निर्देशक होमी अदजानिया ने सौ करोड़ी क्लब में शामिल होने की बात पर कहा कि उनपर ऐसा कोई दबाव नहीं है कि इस फिल्म को भी सौ करोड़ में शामिल होना ही है।
सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और नयी अभिनेत्री डायना प्लेंटी जैसे बेहतरीन कलाकारों से सजी यह फिल्म एक रोमांटिक कॉमेडी है। मई में इसके पहले प्रोमो के जारी होने के बाद यू ट्यूब पर तीन दिन के अंदर लगभग एक लाख लोगों ने इसे देखा था। फिल्म के गाने पहले ही लोकप्रिय हो चुके हैं।
होमी ने पीटीआई को बताया "सौ करोड़ी क्लब का कोई मतलब नहीं है, और मुझ पर इस क्लब में शामिल होने का कोई दवाब नहीं है। किसी और का पैसा दांव पर लगे होने की वजह से दबाव सिर्फ एक अच्छी फिल्म बनाने का होता है। हर व्यक्ति की मेहनत का फल उसे मिलता ही है। जब आपको फायदा होता है तो निश्चित तौर पर आपको संतुष्टि मिलती ही है।"
उन्होंने कहा "मैंने इस फिल्म को बनाने में अपनी पूरी मेहनत की है। और मैं ऐसे किसी दबाव को महसूस नहीं करता हूं जिसे मैं नियंत्रित नहीं कर सकता। मुझे उम्मीद है कि दर्शक फिल्म का मजा लेंगे।"
यह पूछने पर कि वह आधी लड़ाई पहले ही जीत चुके हैं उन्होंने कहा "फिल्म कितनी सफल हुई है यह रविवार या शनिवार को नहीं बल्कि सोमवार को पता चलता है। सोमवार तक ही दर्शकों की प्रतिक्रिया का पता लगता है।"
कॉकटेल फिल्म का निर्माण सैफ अली खान के बैनर इलुमिनाटी फिल्म्स द्वारा किया गया है और यह फिल्म आगामी 13 तारीख को रिलीज होगी।


Click it and Unblock the Notifications











