अमोल पालेकर से प्रभावित हूं: अभिजीत

प्रश्न - सिंगिंग़ में खुद को साबित करने के लिए आपने काफी मेहनत की सो अब एक्टिंग में खुद को साबित करने के लिए क्या करेंगे ?
उत्तर - देखिए फिलहाल तो मैं यही कोशिश कर रहा हूं कि एक कलाकार के रूप में दर्शकों की नज़रों में बस जाऊं। इस फिल्म की खासियत यही है कि इसमें मेरा किरदार मुझसे काफी मिलता जुलता है। और वह मेरे लिए प्लस पॉइंट है।
प्रश्न - एक्टिंग में आने के लिए कोई तैयारी की ?
उत्तर - आज तक मैंने जो भी एक्टिंग की ट्यूशन ली वह सब कहानी के साथ ही लिए। यही वजह है कि सारी बातें मुझे अच्छी तरह से कंठस्थ हो गई। सेट पर जब मैं पहुंचा तो पूरी तरह से तैयार था सो किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई।
प्रश्न - एक्टिंग की ट्यूशन आपने किससे ली ?
उत्तर - मैंने अपने निर्देशक हेमंत प्रभु से ही सारी चीज़ें सीखीं।
प्रश्न - क्या आपको ऐसा नहीं लगता कि बॉलीवुड में प्रवेश लेने के लिए आपको एक्टिंग की प्रोफेशनल ट्रेनिंग लेनी चाहिए ?
उत्तर - दरअसल मैं हमेशा से चाहता था कि एक्टिंग की प्रोफेशनल ट्रेनिंग लूं। इस विषय में मैंने अपने निर्देशक हेमंत प्रभु से भी बात की। तब उन्होंने मुझे कहा कि जिस तरह का किरदार मैं ढुंढ रहा हूं वह काफी आम और तुम्हारे जैसा ही है। अगर तुम एक़्टिंग सीखना चाहते हो तो यह तुम्हारी इच्छा है मगर यदि तुम नैच्यूरल रहोगे तो यह मेरी फिल्म के लिए अधिक अच्छा होगा। इसलिए वह कहानी के साथ मेरी तैयारी करवाते रहे।
प्रश्न - सिंगिंग में आने के लिए 'इंडियन आइडल" और किस्मत का बहुत बडा हाथ रहा मगर एक्टिंग में आने के लिए आपको किसने प्रेरित किया ?
उत्तर - मैं आपकी बातों से पूरी तरह से सहमत हूं। लेकिन यह बात बहुत कम लोग जानते हैं कि जब मैंने 'इंडियन आइडल" जीता था तभी मुझे कई फिल्मों के ऑफर आए थे मगर वह सभी किरदार माचो मैन और स्टंट बॉय किस्म के आए थे, जैसा मैं बिल्कुल नहीं हूं। इत्तिफाक से जिस तरह का किरदार मैं निभाना चाहता था उस तरह का किरदार मुझे इस फिल्म के ज़रिए मिल गया।
प्रश्न - यानी कि टिपिकल मुंबइया फिल्म में आप काम नहीं करना चाहते हैं ?
उत्तर - यह तो निर्देशक पर निर्भर करता है कि अपनी फिल्म के लिए किस तरह का किरदार उन्हें चाहिए और किस तरह वह मुझे उसमें फिट कर सकते हैं। मैं हमेशा से यही मानता हूं कि फिल्म एक्टर से अधिक डाइरेक्टर की होती है।
प्रश्न - कहा जा रहा है कि इस फिल्म की कहानी राजीव खंडेलवाल की फिल्म 'आमिर" से काफी प्रेरित है ?
उत्तर - जी नहीं। 'आमिर" एक डार्क और गंभीर फिल्म थी। इस फिल्म का ऐसा कोई बैकग्राउंड नहीं है। 'आमिर" के डेढ साल पहले से हम इस फिल्म पर काम कर रहे हैं। सो 'आमिर" से इस फिल्म का कोई लेना देना नहीं है।
प्रश्न - 'आमिर" काफी हिट रही थी सो आप इस फिल्म से कितना उम्मीद करते हैं ?
उत्तर - मेरा मानना है कि आज फिल्म को हिट बनाने के लिए बडे कलाकार की ज़रूरत नहीं है। छोटे और नए कलाकारो को भी दर्शक अपना रहे हैं और उन्हें सराह रहे हैं। साथ ही मुझे यह भी लगता है कि अगर फिल्म की कहानी में दम है तो दर्शक सिनेमाघर में ज़रूर आएंगे।
प्रश्न - इसके अलावा और कोई फिल्म साइन की है ?
उत्तर - जी हां हाल ही में एक फिल्म पर बातचीत चल रही है। इत्तिफाक से वह फिल्म भी गंभीर फिल्म है।
प्रश्न - आप पर्सनली किस तरह की भूमिकाएं करने में खुद को सहज पाते हैं ?
उत्तर - देखिए मैं पहले ही बता चुका हूं कि मैं माचो मैन या स्टंट मैन की भूमिकाएं बिल्कुल नहीं निभाऊंगा क्योंकि मेरा फिज़िक मुझे इसकी इजाज़त नहीं देता। मुझे लगता है मेरे लिए अमोल पालेकर साहब जैसी फिल्में ही बेहतर हैं सो मैं उनकी किस्म की फिल्में करना चाहूंगा।
प्रश्न - क्या आप तब भी हमसे यूं ही मिलेंगे जब आप टॉप स्टार बन जाएंगे ?
उत्तर - देखिए तीन साल से मैं इस इंडस्ट्री में हूं और जिस तरह से फेम मैंने देखा है वैसा शायद ही किसी ने देखा हो। जब मैं इन तीन सालों में नहीं बदला तो तब क्या बदलूंगा।
प्रश्न - 'नच बलिए 4" में आकर आपने सभी को चौंका दिया। क्या कहना चाहेंगे ?
उत्तर - पहले फिल्म में मुझे देखकर भी लोग काफी चौंक गए थे। वैसे काफी लोगों को यही लगा था कि अरे यह क्या करेगा। मेरी यही आशा है कि मैं सभी को यूं ही चौकाता रहूं।
प्रश्न - इसी तरह आपने अपनी शादी के बारे में भी लोगों को चौंका दिया था ?
उत्तर - दरअसल मेरी शादी में मेरे अधिक रिश्तेदार ऐसे थे जिनके लिए मीडिया काफी नई चीज़ थी। सो मैं नहीं चाहता था कि हमें और मीडिया दोनों को कोई परेशानी पेश हो। मगर फिर भी ना चाहते हुए घर के बाहर सिद्धिविनायक के इतनी लाइन लग गई थी।


Click it and Unblock the Notifications











