अभी मेरा शादी का कोई इरादा नहीं है
ज़ी बांग्ला सा रे गा मा पा के विजेता रह चुके अनिक धर सा रे गा मा पा में आने से पहले काफी विवादों में रह चुके हैं। सबसे कम उम्र के इस प्रतियोगी को कमोबेश सभी प्यार करते हैं मगर उन्हें जिससे प्यार है उसे जानने का इंतज़ार सभी को है। फिलहाल देखना यह है कि विश्व की आवाज़ बनने का सपना देखने वाले अनिक को संगीत और प्यार में किसका साथ मिलता है।
क्या आपको लगता है इस कार्यक्रम नें आपको एक पहचान दी है ?
जी हां बिल्कुल. इस कार्यक्रम से लोग हमें जानने लगे हैं. बॉलीवुड के कई संगीतकार हमारे साथ काम करना चाहते हैं.यह सब देखकर काफी खुशी होती है.
आपके अनुसार सा रे गा मा पा का असली दावेदार कौन है ?
देखिए यह तो मैं नहीं बता सकता. यह तो दर्शक और भगवान ही बता सकते हैं. जिसे दर्शक सबसे ज़्यादा प्यार करेंगें वही असली हकदार होगा. मेरी पर्सनल चॉइस की अगर बात है तो मैं अमानत अली को वोट करना चाहूंगा. मैं उससे बहुत प्यार करता हूं और वो मेरा सबसे अच्छा दोस्त है.
यहां से निकलकर सिंगिंग को ही अपना करियर बनाएंगे या और कुछ करने का इरादा है ?
सा रे गा मा पा मेरा बचपन का सपना रहा है. इसके माध्यम से मैं मुंबई आया हूं सो सिंगिंग को ही अपना करियर बनाना चाहूंगा. इसके लिए मैं काफी मेहनत कर रहा हूं साथ ही आप लोगों के प्यार और आशिर्वाद की कामना करता हूं.
आप ज़ी बांग्ला के विजेता रह चुके हैं वहां के लोगों से कितनी उम्मीद है ?
मुझे उनसे काफी उम्मीद है. बंगाल तो मेरा अपना घर है वहां से मुझे बहुत प्यार मिला है. उनको मुझ पर पूरा भरोसा है कि मैं कुछ करूंगा. मैं उनके विश्वास पर खरा उतरने की कोशिश कर रहा हूं जिससे मैं उनका विश्वासपात्र बन सकूं.
क्या बंगाल के फिल्मकारों से किसी तरह का कोई ऑफर मिला है ?
जी हां बप्पी लाहिरी जी ने मुझे एक बांग्ला फिल्म में गानें का ऑफर दिया है.। वैसे मैं बंगाल में काफी कुछ कर चुका हूं.। बंगाल में मेरा एल्बम निकलने वाला है. कुछ कार्यक्रमों में मैंने टाइटल ट्रैक भी गाए हैं. बंगाल में इससे ज़्यादा और भी बहुत कुछ है करने का इरादा है और मुंबई से मेरी अपेक्षाएं अपार हैं.
सा रे गा मा पा के माध्यम से आप काफी बॉलीवुड पर्सनैलिटी से मिल चुके हैं। क्या उनमें से किसी ने ऑफ स्क्रिन आपको कोई ऑफर दिया ?
जी नहीं अभी तक तो ऐसा कुछ नहीं हुआ. मगर हां इस बात की खुशी है कि सलमान खान मुझे अभी भी पहचानते हैं. मेरे बारे में उन्होंने किसी से पूछा भी था. यह अच्छी बात है.
आपके गुरू हिमेश को आप पर पूरा भरोसा है क्या उनकी तरफ से कोई ऑफर है ?
देखिए वे ऐसे इंसान हैं जो ऑन स्क्रिन किसी को ऑफर नहीं देते. यदि उन्हें लगता है तो वह उसे बुलाकर गवा लेते हैं. अभी तक तो उनकी तरफ से मुझे कोई ऑफर नहीं मिला है मगर मुझे पूरा यकीन है कि वह मुझे एक दिन बुलाकर अपने लिए ज़रूर गवाएंगे.
सा रे गा मा पा में आपका आगमन विवादों के साथ हुआ। उस वक़्त कैसा लगा था ?
उस वक़्त मुझे काफी डर लगा था. मेरे लिए वह स्टेज नया था और मैं चाहता था कि एक बार मुझे अपने आपको सबित करने का मौका मिल जाए. जब इस्माइल दरबार जी ने कहा "तुम लोग ऐसे चलती हुई गाडी में नहीं बैठ सकते ", उनकी इस बात से मैं काफी घबरा गया था. कई बार मैंने आदित्य से भी पूछा कि अब क्या होगा. उसने मुझे दिलासा देते हुए कहा था कि कुछ नहीं होगा. कम समय में अपनी पहचान बनाना मेरे लिए बडी चुनौती थी मगर खुशी है आज सारे गुरू मुझे बहुत चाह्ते हैं. साथ ही दर्शकों का भी प्यार मिल रहा है.
सबसे छोटे प्रतियोगी होने के कारण दूसरे प्रतियोगियों का व्यवहार आपके प्रति कैसा रहता है ?
सभी मुझे बहुत प्यार करते हैं. राजा भैया, अमानत, पूनम दीदी, सुमेधा सब मुझे बहुत पसंद करते हैं. खास तौर से अमानत मुझे बहुत प्यार करता है.
अनिक हिमेश को आप पर पूरा भरोसा है मगर फिर भी कुछ लोगों का मानना है कि आपकी आवाज़ काफी अपरिपक्व है ?
जो लोग ऐसा सोचते हैं मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं. मैं चाहता हूं कि और अच्छे से गाऊं जिससे उन्हें मेरी गायकी पसंद आए. मैं अपनी आवाज़ पर काफी काम कर रहा हूं. मेरे दोस्त तथा दर्शकों का मानना है कि शाहरूख खान पर मेरी आवाज़ काफी जंचती है.
हिमेश आपको बप्पी दा का दामाद बनाने पर तुले हुए हैं। क्या कहना चाहेंगे ?
हंसते हुए) बप्पी दा का दामाद बनना कोई छोटी मोटी बात नहीं है. हां यह सच है कि हिमेश जी मुझे बप्पी दा का दामाद बनाना चाहते हैं लेकिन अभी फिलहाल मेरा शादी का कोई इरादा नहीं है. अभी मैं इन चक्करों में पड़ना नहीं चाहता. अभी मैं अपनी गायकी पर अपना ध्यान केन्द्रित करना चाहूंगा. बाकी बाद में देखा जाएगा.
सच बताइए अनिक क्या वाकई आपको किसी से प्यार हो गया है ?
देखिए यह एक रहस्य की बात है प्लीज़ इसे रहस्य ही रहने दीजिए. बाद में यह सबको पता चल ही जाएगा। मैं पर्सनली आपको कह रहा हूं कि ऐसी कोई बात नहीं है.


Click it and Unblock the Notifications