पापा की स्क्रिप्ट पसंद नहीं आई तो ना बोल दूंगी- आलिया भट्ट
साल 2014 की शुरुआत में हाईवे जैसी बेहतरीन फिल्म से अपनी एक्टिंग प्रतिभा से सभी को हैरान करने के बाद आलिया भट्ट ने चेतन भगत की बेस्ट सेलर नॉवेल 2 स्टेट्स पर आधारित 2 स्टेट्स फिल्म में एक टिपिकल तमिलियन का किरदार निभाकर एक बार फिर से लोगों को काफी प्रभावित किया। इस हफ्ते आलिया भट्ट एक बार फिर से अपने करीबी दोस्त और बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन के साथ करन जौहर की फिल्म हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया में एक पंजाबी मिडिल क्लास फैमिली की लड़की काव्या के किरदार में नज़र आने वाली हैं। हाल ही में वनइंडिया के साथ हुई बातचीत के दौरान आलिया ने काफी बातें शेयर कीं।
स्टूडेंट ऑफ दी ईयर के बाद अब एक बार फिर से आप एक मस्तीभरे किरदार में नज़र आने वाली हैं। कितनी समानता है हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया और स्टूडेंट ऑफ दी ईयर में?
हम्टी शर्मा की दुल्हनिया मेरी अभी तक की फिल्मों में सबसे ज्यादा मजेदार, मस्ती भरी फिल्म है। फिल्म में मैने एक पंजाबी लड़की का किरदार निभाया है जो कि बहुत मस्ती करती है। ये फिल्मी टाइप का किरदार है। स्टूडेंट ऑफ दी ईयर और हम्टी को मैं एक जैसी फिल्म नहीं कहूंगी क्योंकि हम्टी काफी बोल्ड है। स्टूडेंट ऑफ दी ईयर वरुण और सिद्धार्थ की लव स्टोरी थी। लेकिन हम्टी शर्मा की दुल्हनिया एक टिपिकल रोमांटिक फिल्म है जो कि हमारी इंडस्ट्री का आधार है।
आपने स्टूडेंट ऑफ दी ईयर के बाद हाईवे, 2 स्टेट्स जैसी फिल्में कीं। क्या आप भी अपने करियर को अलग अलग किरदारों से सजा दुआ देखना चाहती हैं?
मुझे लगता है कि हाईवे जैसी फिल्म हर महीने तो नहीं मिल सकती। लेकिन जब भी मुझे हाईवे जैसी फिल्म मिलेगी तो मैं जरुर करना चाहूंगी लेकिन इसका ये मतलब नहीं कि मैं दूसरे जोनर की फिल्में करना बंद कर दूंगी। 2 स्टेट्स भी एक रोमांटिक फिल्म थी। लेकिन उसका विषय काफी गंभीर था। मेरा किरदार भी काफी मेच्योर था जो कि मेरे लिए काफी अलग था। किसी टिपिकल तमिलियन का किरदार करना मेरे लिए आसान नहीं था। तो मेरे लिए ये जरुरी है कि मैं अपनी फिल्मों, अपने किरदारों से लोगों को एक्साइटेड करती रहूं। लोगों को बोर ना होने दूं।
स्टूडेंट ऑफ दी ईयर के बाद एक बार फिर से वरुण के साथ आप काम कर रही हैं। बतौर एक्टर वरुण में क्या बदलाव नज़र आएं हैं आपको। पहले से कितना बेहतर हो गये हैं वो?
वरुण को मैं स्टूडेंट ऑफ दी ईयर से जानती हूं और उसके बाद से हम लगातार कॉंटेक्स में हैं। मैं तेरा हीरो जैसी फिल्में वरुण पर काफी सूट करती हैं। वो कॉमेडी में बेस्ट है। लेकिन इतने समय तक उसे जानने के बाद मुझे ये समझ आ गया है कि अब वो जब किसी किरादर में रहकर एक्टिंग करता है तो वो वरुण की तरह नहीं सोचता बल्कि वो उस किरदार की तरह सोचता है। इस फिल्म में हम्प्टी की तरह सोच रहा है, एक्टिंग कर रहा है जो कि तीन ही फिल्मों मे सीख लेना बहुत मुश्किल है। हाईवे का किरादर निभाते हुए मैं खुद को भूल गयी थी।
मैं तेरा हीरो से वरुण ने खुद को एक बेहतर एक्टर साबित किया, हाईवे से आपने खुद को। हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया करते समय कभी ऐसा हुआ कि आप दोनों में से किसी को लगा हो कि आप एक दूसरे को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे हैं, एक्टिंग के मामले में?
अगर आप सीन्स करते हुए सिर्फ खुद की परफॉर्मेंस बेस्ट देने की कोशिश करते हैं तो उस सीन का मतलब ही कई बार चला जाता है। हम्प्टी शर्मा में काफी सीन्स ऐसे थे जिनमें मुझे सिर्फ एक्सप्रेशन्स देने थे। लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया कि कुछ अलग से एक्सप्रेशन दे दूं ताकि लोगों का ध्यान मेरी तरफ चला जाए। वरुण ने भी कभी ऐसा नहीं किया। जब वो कॉमेडी कर रहे तो बात अलग है, लेकिन ऐसा कभी नहीं हुआ कि हम दोनों में से किसी ने भी दूसरे पर से ध्यान खुद पर लाने के लिए कुछ किया हो। मैं यही चाहती हूं कि आने वाले समय में भी हम दोनों के अंदर असुरक्षा की भावना ना आए। क्योंकि इससे आपकी इमेज पर भी प्रभाव पड़ता है।
हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया में काव्या किरदार करीना कपूर की काफी बड़ी फैन हैं। रियल लाइफ में आलिया काव्या से कितना रिलेट करती हैं?
काव्या करीना कपूर की फैन है और मैं भी हूं। लेकिन काव्या करीना के लंहगे की ज्यादा बड़ी फैन है। वो अंबाला की एक सिंपल सी स्वीट सी लड़की है लेकिन साथ ही वो पटाखा भी है। काव्या ऐसी लड़की है जिसके साथ कोई भी पंगा नहीं ले सकता। यानि की अगर किसी को लगता है कि वो लड़का है तो वो कुछ भी कर लेगा तो काव्या ऐसा न हीं होने देती। वो हर किसी को उसकी जगह दिखा देती है। मेरे अंदर सच में ऐसी भावना है। मैं भी कभी किसी लड़के को लड़की की बेइज्जती करते नहीं देख सकती। हालांकि ये सच है कि मुझमें लड़कों जितनी ताकत नहीं होगी लेकिन मेरी सोच में ये है कि मैं किसी चीज में लड़कों से कम नहीं हूं।
हाइवे में आपने बहुत ही डी ग्लैमर टाइप का किरदार निभाया। एक बार फिर से हम्प्टी में आप मिडिल क्लास की लड़की की तरह नज़र आने वाली हैं। कितना मुश्किल रहा ये आपके लिए?
हाईवे ने मुझे फिर से जमीन पर चलना सिखा दिया। हाईवे फिल्म की शूटिंग के दौरान मैंने काफी कुछ ऐसा किया जिसके बारे में शायद सोचा भी नहीं था। मैं ऐसी ऐसी जगहों पर सोई हूं कि जहां पर सोने से पहले लोग दस बार सोचेंगे। तो हाईवे ने मुझे काफी हद तक बदल दिया है। हम्प्टी शर्मा में भी मेरा जो किरदार हैं वो मिडिल क्लास लड़की का है और इसके लिए मुझे कुछ बहुत ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी। अंबाला की लड़की का किरदार करना काफी अलग अनुभव था। मुझे अपने दिमाग में मेरी खुद की एक कहानी रखनी थी और जो कि मैंने किया भी।
महेश भट्ट और मोहित सूरी मिलकर हमारी अधूरी कहानी फिल्म बना रहे हैं। महेश भट्ट फिल्म की कहानी लिख रहे हैं। आपको नहीं लगा कि ये फिल्म आप कर सकती हैं?
मेरे पापा चाहते हैं कि मैं हाईवे जैसी फिल्म करुं। वो पहले इस तरह की ही फिल्में बनाते थे। तो मैं भी यही चाहती हूं कि पापा कुछ इसी तरह की फिल्म और किरदार लिखें और उसे मैं निभाऊं। मैं जबरदस्ती कोई फिल्म नहीं करना चाहती। ऐसा नहीं है कि महेश भट्ट ने लिखी है फिल्म तो मैं उसमें घुस जाऊं। अगर वो कोई स्क्रिप्ट लिखें और मुझे ना पसंद आए तो मैं वो नहीं करुंगी। मैं बोल दूंगी कि कुछ और लिखें। मेरे हिसाब से जब भी आप कोई गलत फिल्म करते हैं तो दर्शक उसे रिजेक्ट कर देते हैं।
हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया के दौरान काफी हादसे हुए। आपको नहीं लगा कि कहीं ये कोई अशुभ साइन तो नहीं है?
मैं अपने आस पास की एनर्जी, कर्मा वगैरह में काफी विश्वास रखता हूं। लेकिन साथ ही मैं उन लोगों में से हूं जो कि खुद को ज्यादा सीरियसली नहीं लेते। शूटिंग के दौरान काफी कुछ हुआ लेकिन जब तक मैं सही सलामत हूं तब तक को फर्क नहीं पड़ता।


Click it and Unblock the Notifications











