फिल्म की स्क्रिप्ट जांचने का मंच हैं नाटक : विपुल शाह
उन्होंने कहा, "मेरे पास 'एक्शन रिप्ले' की पटकथा बहुत लम्बे समय से थी। मेरे पास इसे बनाने के लिए सही बजट नहीं था। अंतत: मुझे फिल्म बनाने के लिए बजट और तकनीक मिली और मैंने इसे बनाने का निर्णय लिया।" 'एक्शन रिप्ले' फिल्म 1994 के इसी नाम के गुजराती नाटक पर आधारित है। शाह मानते हैं कि रंगमंचीय प्रस्तुतियां पटकथाओं को जांचने का अच्छा जरिया हैं।
कपाड़िया ने इसकी पटकथा लिखी है। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार व अभिनेत्री ऐश्वर्या राय ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। इसमें 70 के दशक की मुम्बई को दिखाया गया है। शाह के निर्माण व निर्देशन में बनी इस फिल्म में नेहा धूपिया, रणधीर कपूर और राजपाल यादव ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। इस शुक्रवार को इसका प्रदर्शन होगा।
शाह के लिए थियेटर उनका पहला प्यार है लेकिन वह फिल्मों में व्यस्त रहते हैं। हाल ही में उन्होंने 14 साल के अंतराल के बाद 'बस इतना सा ख्वाब' नाटक पेश किया। यह उनका पांचवा नाटक था। शाह ने कहा, "मैं अपने नाटकों को पर्दे के लिए ढालता हूं। मेरा पहला नाटक जिस पर फिल्म बनी थी वह 'आंखें' था। इसके बाद मैंने आतिश कपाड़िया के नाटक पर 'वक्त' फिल्म बनाई।"
शाह कहते हैं कि उनका विश्वास है कि यदि पटकथाओं को पहले मंच पर प्रस्तुत किया जाए तो उन पर आधारित फिल्मों को बहुत सफलता मिलती है। यह कोई नई बात नहीं है और दुनिया में पहले भी ऐसा होता आया है। उन्होंने कहा कि किताबों या नाटकों पर आधारित फिल्में पहले भी बनती रही हैं।


Click it and Unblock the Notifications












