कंगाल लिंडसे लोहान की मदद का इच्छुक पेटा
जानवरों के लिए काम करने वाली संस्था-पेटा ने कहा है कि अभिनेत्री लिंड्से लोहान यदि शाकाहारी बन जाएं तो वह उनके पुनर्वास का सारा खर्च उठाने को तैयार है। वेबसाइट 'डेली स्टार डॉट को डॉट यूके' के मुताबिक नशे की लत के कारण मुश्किलों में घिरी रहने वाली लोहान बैटी फोर्ड सेंटर में अपने पुनर्वास का खर्च बमुश्किल उठा पा रही हैं।
पेटा ने लोहान को भेजे ईमेल में लिखा है, "हम जानते हैं कि आपकी वित्तीय हालत अच्छी नहीं है। हम आपकी मदद करना चाहते हैं लेकिन इसके लिए आपको शाकाहारी बनना होगा। इसके बदले पेटा आपके पुनर्वास में आने वाले खर्च में 50 हजार डॉलर की मदद करेगा।"
लोहान ने पिछले महीने बैटी फोर्ड सेंटर में दाखिला लिया था। नशे की लत से जुड़े उनके मामले की सुनवाई करने वाली अदालत ने उन्हें निर्देश दिया है कि उन्हें तीन जनवरी तक बैटी फोर्ड सेंटर में रहना होगा लेकिन लोहान इस सेंटर के महंगे खर्च को वहन नहीं कर पा रही हैं।


Click it and Unblock the Notifications












