मुम्बई में कैटवॉक करेंगी नाओमी
अंतर्राष्ट्रीय सुपरमॉडल नाओमी कैंपबेल पिछले साल नवंबर में मुंबई पर हुए आतंकी हमले के प्रभावितों के लिए सहायता राशि जुटाने के मकसद से 27 से 31 मार्च तक होने वाले 'लैक्मे फैशन वीक' के दौरान कैटवॉक करेंगी।
इस महीने की 28 तारीख को निर्धारित इस कार्यक्रम का आयोजन अमेरिका में रह रहे भारतीय मूल के उद्योगपति विक्रम चटवाल के सौजन्य से हो रहा है। नाओमी इसमें सक्रिय भूमिका अदा कर रही हैं।
इस कार्यक्रम का नाम 'मैं-मुंबई' (आई मुंबई) रखा गया है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत भारत और विदेशों के कई प्रमुख फैशन डिजायनर अपनी पोशाकें दान करेंगे, जिनकी नीलामी से जुटाई गई राशि मुंबई हमले के प्रभावितों के परिजनों में वितरित की जाएगी।
'लैक्मे फैशन वीक' के सलाहकार अनिल चोपड़ा ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से मुंबई और न्यूयार्क के फैशन जगत के लोग आतंकवाद के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करेंगे।


Click it and Unblock the Notifications











