अभिनय से ज्यादा संगीत पसंद: मीत ब्रदर्स

धारावाहिक 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में दिखे छोटे भाई हरमीत ने कहा, "संगीत हमेशा से ही मेरी प्राथमिकता रहा है और अभिनय मेरे लिए उतना महत्व नहीं रखता।"
'कलश' और 'अमानत' जैसे धारावाहिकों में दिख चुके मनमीत कहते हैं, "जब हम इस क्षेत्र में आए थे, तब कई स्थापित संगीतकारों के बीच खुद को खड़ा कर पाना हमारे लिए मुश्किल हो गया था। ऐसे में मुझे अभिनय करना पड़ा।"
हरमीत ने एंकर स्विचिज और मयूर सूटिंग्स के विज्ञापनों में काम किया है। दोनों भाइयों ने 7 साल की उम्र से ही स्कूल में मंचित होने वाले नाटकों में अभिनय करना शुरू कर दिया था।
महज 12 और 10 साल की उम्र से उन्होंने संगीत का अभ्यास शुरू कर दिया था, लेकिन मीका के साथ विवादित गीत 'भाई तूने पप्पी क्यों ली?' गाने के बाद वे चर्चा में आए।
अब वे अपना पूरा ध्यान संगीत की ओर लगाना चाहते हैं। जल्दी ही वे अपनी खुद की मीत ब्रदर्स म्यूजिक कंपनी खोलने जा रहे हैं, ताकि नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का काम कर सकें।
हाल ही में 'नेहा द रॉकस्टार' एलबम से नेहा कक्कड़ को लांच करने के बाद अब अपने अगले एलबम में वे निकिता को लांच करने की योजना बना रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications