मुम्बई में होगा जैक्सन समारोह
गायक जर्मेन जैक्सन को मुंबई शहर से प्यार हो गया है और उनका कहना है कि वह अपने दिवंगत भाई और पॉप संगीत के बादशाह माइकल जैक्सन की याद में यहां एक संगीत समारोह आयोजित करने की योजना बना रहे हैं।
जर्मेन ने कहा, "हम माइकल जैक्सन की याद में मुंबई सहित दुनिया के कई हिस्सों में संगीत समारोह आयोजित करेंगे। अब मुंबई मेरे पसंदीदा शहरों में से एक शहर है।"
प्रख्यात गायक अदनान सामी के साथ एक एलबम में गाने के लिए भारत आए जर्मेन हर जगह माइकल के विषय में प्रश्न पूछे जाने से आश्चर्यचकित हैं। वह कहते हैं, "मैं जहां भी जाता हूं, वहां माइकल के लिए असीमित प्रेम देखता हूं। मुंबई में भी मैंने यही अनुभव किया।"
जर्मेन और अदनान 'टी-सीरीज' रिकॉर्डिग स्टूडियो में गीतों की रिकॉर्डिग कर रहे हैं। जर्मेन ने कहा, "पहले हम यह गीत लॉस एंजेलिस में रिकॉर्ड करने वाले थे लेकिन अदनान की सलाह के बाद हम इसे मुंबई में रिकॉर्ड कर रहे हैं। मुंबई एक अद्भुत शहर है, मैं इसे और यहां के खान-पान को पसंद करता हूं। मुझे गानों, नृत्य और यहां के विविध रंगों के साथ बॉलीवुड की पूरी संस्कृति बहुत पसंद है।"
जर्मेन ने देश के सभी प्रसिद्ध स्थलों की यात्रा करने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा, "एक बार रिकॉर्डिग पूरी हो जाए तो मैं यह सब कुछ करूंगा।"


Click it and Unblock the Notifications











