जैक्सन को 7 जुलाई को दफनाया जाएगा

वेबसाइट 'द सन डॉट को डॉट यूके' के मुताबिक जैक्सन का अंतिम संस्कार लास एंजेलिस के स्टेपलेस सेंटर में होगा। ऐसा माना जा रहा है कि जैक्सन को इस्लामिक रीति-रिवाज के अनुसार दफनाया जाएगा।
स्टेपलेस सेंटर पर इवेंट मैनेजमेंट कंपनी एईजी लाइव का मालिकाना हक है। यह वही संस्था है, जिसने लंदन के ओ2 एरेना में जैक्सन के कार्यक्रम की व्यवस्था की थी।
जैक्सन को दफनाने का काम अमेरिकी समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होगा। इस कार्यक्रम के लिए एईजी लाइव स्टेपलेस सेंटर के बाहर विशालकाय स्क्रीन लगाएगी, जिसकी मदद से अधिक से अधिक संख्या में लोग जैक्सन को दफनाए जाने के दृश्य देख सकेंगे।
जैक्सन की याद में मंगलवार को होगी शोक सभा
दिवंगत पॉप स्टार माइकल जैक्सन की याद में मंगलवार को लास एंजेलिस में एक शोक सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शिरकत करेंगे।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक जैक्सन के प्रस्तावित कंसर्ट की आयोजक कंपनी एईजी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रैंडी फिलिप ने कहा कि शोकसभा का आयोजन मंगलावार को स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे से होगा।
फिलिप ने गुरुवार को बताया, "इस बारे में विवरण उस समय तैयार किया जाएगा जब मैं जैक्सन के परिवार से मुलाकात करेंगे।"
अपने नाम से कपड़ों का ब्रांड शुरू करना चाहते थे जैक्सन
दिवंगत पॉप स्टार माइकल जैक्सन अपने नाम से कपड़ों का ब्रांड शुरू करना चाहते थे। इसके लिए जैक्सन ने फ्रांसीसी फैशन डिजायनर क्रिश्चियन आउडिगियर के साथ करार करने का फैसला किया था।
वेबसाइट 'कांटेक्ट म्यूजिक डॉट कॉम' ने आउडिगियर के हवाले से लिखा है, "जैक्सन का सपना था कि उनके नाम से एक कपड़ों का ब्रांड बाजार में आए। मैं इसे लेकर काम शुरू कर चुका था।"
आउडिगियर को उनके 'वॉन डच' और 'एड हार्डी' ब्रांड के कपड़ों के लिए जाना जाता है। आउडिगियर बताते हैं कि जैक्सन ने अपने निधन से कुछ पहले तय कर लिया था कि वह अपनी शैली को कुछ कपड़ों को ब्रांड के जरिए लोगों तक पहुंचाएंगे।
माइकल जैक्सन की जगह जानेट संभाल सकती हैं स्टेज
माइकल जैक्सन के निधन के बाद लंदन में होने वाला उनका बहुप्रतिक्षित कार्यक्रम अब संभव नहीं दिख रहा है लेकिन नुकसान से बचने के लिए आयोजक इस कार्यक्रम में माइकल की बहन जानेट जैक्सन को स्टेज पर उतारने की जुगत लगा रहे हैं।
वेबसाइट 'द सन डॉट को डॉट यूके' के मुताबिक आयोजक 50 रातों के इस कार्यक्रम की श्रृंखला के लिए माइकल के 'जैक्सन-5' ग्रुप के सहयोगी स्टार भाइयों को भी जानेट के साथ स्टेज पर उतरने के लिए तैयार कर रहे हैं।
एक सूत्र ने कहा, "जानेट ने कुछ कार्यक्रमों के लिए हां की है। इसके अलावा जैक्सन के सहयोगी रहे जैकी, टिटो, जर्मेन और मार्लन से भी बात चल रही है। आशा की जा रही है कि ये सभी जैक्सन की जगह स्टेज पर उतरने के लिए तैयार हो जाएंगे।"
उल्लेखनीय है कि माइकल जैक्सन का बीते गुरुवार (25 जून) को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। वह 50 वर्ष के थे


Click it and Unblock the Notifications











