हैरी पॉटर की लेखिका रोलिंग ने विन्फ्रे को पीछे छोड़ा
प्रसिद्ध किताब 'हैरी पॉटर' की लेखिका जेके रोलिंग को सर्वाधिक प्रेरणादायी कारोबारी महिलाओं की सूची में पहला स्थान दिया गया है। वर्ष 1997 में रोलिंग की 'हैरी पॉटर' श्रंखला की पहली किताब प्रकाशित होने के बाद उनके प्रशंसकों की संख्या लाखों में हो गई थी।
वेबसाइट 'कांटेक्ट म्यूजिक डॉट कॉम' के मुताबिक लंदन में किए गए सर्वेक्षण में लोगों ने रोलिंग को सबसे ज्यादा प्रेरणादायक माना है। इस सूची में पहला स्थान प्राप्त करते हुए रोलिंग ने ओपराह विनफ्रे और विक्टोरिया बेकहम को पीछे छोड़ा है।
मीडिया हस्ती विनफ्रे और गायिका से डिजायनर बनीं बेकहम पांचवें और छठे स्थान पर रही हैं। गायिका बहने डेनी और काइली मिनॉग भी प्रमुख 10 प्रेरणादायी महिलाओं में शामिल होने में कामयाब रही हैं। इस सूची में उनका स्थान नौवां और दसवां रहा है।


Click it and Unblock the Notifications












