'माइकल जैक्सन जैसा दूसरा नहीं'

अभिनेता और डांसर जावेद जाफ़री का कहना है कि फ़्री स्टाइल डांसिंग में माइकल जैक्सन का कोई जवाब नहीं था और उनके जैसा कोई नहीं हो सकता. फ़िल्म हो या स्टेज पर डांस, मुझ पर माइकल जैक्सन पर बहुत प्रभाव रहा है. उन्होंने मुझे बहुत प्रभावित किया.
माइकल जैक्सन का स्टाइल अनोखा था और उस स्टाइल की मुझ पर गहरी छाप पड़ी थी. मैंने उन्हें कॉपी नहीं की. लेकिन उनके स्टाइल ने मुझे काफ़ी प्रोत्साहित किया.
जहाँ तक हिंदी फ़िल्म इंडस्ट्री की बात है, उस पर पूरे हॉलीवुड का प्रभाव होता है. चाहे वो फ़िल्म हो, कहानी हो, ऐक्टिंग हो या कपड़े हों.
माइकल जैक्सन हिट थे और हर हिट चीज़ का प्रभाव तो पड़ता ही है. इस हिसाब से माइकल जैक्सन के गाने के प्रभाव में यहाँ के गाने बने. उनके रिदम और बीट्स से लोगों ने गाने बनाए.
प्रभाव
जहाँ तक उनके डांस स्टाइल की बात है, यहाँ भी कई लोगों ने उसकी कॉपी की. मेरे दोस्त प्रभु देवा भी उनसे बहुत प्रभावित हैं.
प्रभु देवा ने जैक्सन से प्रभावित होकर अपनी स्टाइल विकसित की
माइकल जैक्सन से प्रभावित होकर ही प्रभु देवा ने भी एक स्टाइल बनाया था. बाद में उन्होंने अपना एक अलग अंदाज़ बनाया.
डांस डायरेक्टरों में प्रभु देवा के अलावा गणेश हेगड़े भी उनसे काफ़ी प्रभावित रहे हैं. और भी बहुत नृत्य निर्देशकों ने कहीं-न-कहीं उन्हें कॉपी की है.
जहाँ तक माइकल जैक्सन के कारण नृत्य शैली में बदलाव की बात है, तो भारतीय सभ्यता में तो पश्चिमी नृत्य शैली बाहर की मानी जाती रही है.
माइकल जैक्सन की डांस शैली फ़्री स्टाइल शैली थी. जिसमें कोई ख़ास प्रशिक्षण की आवश्यकता नहीं. माइकल जैक्सन भी प्रशिक्षित डांसर नहीं थे.
लेकिन उन्होंने अपना एक स्टाइल बनाया. वे फ़्रैड स्टेयर से प्रभावित हुए थे, वे जेम्स ब्राउन से भी प्रभावित हुए थे.
मैं जब हिंदी फ़िल्मों में आया था, तो मैंने भी कई चीज़ों को मिलाकर एक स्टाइल विकसित किया था. जिसमें जैज था, मार्शल आर्ट था और ब्रेक डांस भी था.
हर डांसर तो पश्चिमी शैली, फ़्री स्टाइल शैली में डांस करता है, वो माइकल जैक्सन को बहुत याद करेगा. क्योंकि फ़्री स्टाइल परफ़ॉरमेंस और फ़्री स्टाइल डांस में माइकल जैक्सन जैसा दूसरा कोई नहीं.


Click it and Unblock the Notifications











