जेड गुडी के मुरीद हुए गार्डन ब्राउन
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री गार्डन ब्राउन ने मौत के करीब पहुंच चुकीं रिएलिटी टीवी अभिनेत्री जेड गुडी के साहस और संकल्प की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।
ग्रीवा कैंसर से पीड़ित गुडी ने टीवी पर अपनी शादी रचाने के लिए लंदन का वह अस्पताल छोड़ दिया है, जिसमें वह काफी दिनों से इलाज करा रही थीं। इस शादी से गुडी को टीवी चैनलों से लाखों पाउंड की कमाई हो सकती है।
गुडी ने बुधवार को रॉयल मार्सडेन अस्पताल छोड़ दिया। वह काफी बीमार और अस्त-व्यस्त दिख रही थीं। उन्हें व्हीलचेयर पर बैठाकर एंबुलेंस तक लाया गया।
गुडी ने कहा है कि वह अगले कुछ दिनों में अपने मंगेतर जैक ट्वीड से शादी रचाएंगी, जिसका सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके लिए गुडी को बड़ी रकम मिलेगी।
गुडी ने शादी के लिए थेम्स नदी के किनारे स्थित होटल डाउन हॉल का चयन किया है। शादी की रस्म इसी सप्ताह होनी है। शादी के सीधे प्रसारण के लिए गुडी ने 'लिविंग टीवी' और चित्रों के प्रकाशन के लिए 'ओके' पत्रिका के साथ करार किया है।
'ओके' पत्रिका से गुडी को सात लाख पाउंड और 'लिविंग टीवी' सहित कई अन्य चैनलों और पत्रिकाओं से लगभग एक लाख पाउंड कमाई होने के आसार हैं।
ब्राउन ने मौत के कगार पर खड़ीं गुडी द्वारा अपने बच्चों के लिए धन जमा करने की इस मुहिम को साहसिक कदम करार दिया।
उन्होंने कहा, "यह बेहद दुखद: बात है कि इतनी कम उम्र में किसी को इतनी भयंकर बीमारी हुई। यह और भी दुखदाई है कि इलाज की उन्नत व्यवस्था के बावजूद गुडी के लिए कोई आशा नहीं है। मैं बच्चों के लिए धन जमा करने के उनके प्रयास की सराहना करता हूं। वह सचमुच एक साहस और संकल्प से भरपूर महिला हैं।"


Click it and Unblock the Notifications