जैक्सन की वसीयत अदालत में पेश

पॉप स्टार माइकल जैक्सन की वसीयत अदालत में पेश कर दी गई है जिसके मुताबिक उन्होंने अपनी मां को अपने तीनों बच्चों का अभिभावक बनाया है. इस वसीयत के मुताबिक माइकल जैक्सन ने अपनी मां को अपने तीनों बच्चों का क़ानूनी तौर पर अभिभावक बनाया है.
माइकल जैक्सन के परिवार ने एक बयान में उनका अंतिम संस्कार कैलिफ़ोर्निया स्थित उनके चर्चित नेवरलैंड रेंच में होने की बातों का खंडन किया है.
बयान में स्पष्ट कहा गया है कि नैवरलैंड रेंच में ऐसे किसी निजी या सार्वजनिक अंत्येष्टि कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जा रहा है.
वर्ष 2002 में बनाई वसीयत
अपने तीनों बच्चों के लिए जैक्सन ने अपनी वसीयत में लिखा है कि यदि वो मर जाते हैं तो उनकी मां, कैथरीन जैक्सन ही तीनों बच्चों की क़ानूनी तौर पर अभिभावक होंगी.
माइकल जैक्सन की यह वसीयत वर्ष 2002 में लिखी गई है. इस वसीयत के मुताबिक जैक्सन अपनी पूरी संपत्ति अपने बच्चों के लिए एक ट्रस्ट को दिए जाने की बात भी कह गए हैं.
पचास वर्षीय जैक्सन संपत्ति 50 करोड़ डॉलर बताई गई है पर देहांत के समय उनपर ख़ासा कर्ज़ था
साथ ही उन्होंने अपनी साथी और गायक डायना रॉस को बच्चों के वैकल्पिक अभिभावक के तौर पर सुझाया है.
जैक्सन के आकलन के मुताबिक उनके पास 50 करोड़ डॉलर की संपत्ति हैं पर ख़बरों के मुताबिक उनकी मौत के समय तक उनपर कर्ज़ भी चढ़ चुका था.
परवरिश की ज़िम्मेदारी
वैसे कैथरिन जैक्सन पहले से ही माइकल जैक्सन के बच्चों के देख भाल की अस्थाई ज़िम्मेदारी निभा रही हैं. जैक्सन के तीनों बच्चों की उम्र सात से 12 साल के बीच है.
दुनियाभर में पॉप संगीत के सबसे बड़े नाम के तौर पर जाने जाने वाले माइकल जैक्सन का पिछले हफ़्ते लॉस एंजेलेस में निधन हो गया था. वे 50 वर्ष के थे.
उनका बड़ा लड़का माइकल जॉसेफ़ जैक्सन जूनियर 12 साल का है और उसे प्रिंस माइकल के नाम से जाना जाता है.
उनकी दूसरी संतान का नाम पेरिस माइकल कैथरिन जैक्सन है और वह 11 साल की हैं. उनकी तीसरी संतान सात वर्षीय प्रिंस माइकल-II हैं.


Click it and Unblock the Notifications











