माइकल: मौत की वजह जानने में समय

माइकल जैक्सन के निधन के बाद जाँचकर्ताओं ने कहा है कि उनकी मौत के कारणों की जाँच के लिए और परीक्षण किए जाएंगे. दूसरी ओर जानी-मानी हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है.
माइकल जैक्सन का शव-परीक्षा के बाद जाँचदल के प्रवक्ता क्रेग हार्वे ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनकी मौत में गड़बड़ी के संकेत नहीं मिले हैं और न ही माइकल जैक्सन के शरीर पर किसी तरह की ज़ोर-ज़बरदस्ती के निशान मिले हैं.
उन्होंने कहा कि टॉक्सिकॉलोजी टेस्ट यानी विष परीक्षण का आदेश दिया गया है जिसमें चार से छह हफ़्ते लग सकते हैं.
माइकल जैक्सन: कुछ तथ्य पूरा नाम: माइकल जोसेफ़ जैक्सन जन्म: 29 अगस्त, 1958, गैरी, इंडियाना, अमरीका सबसे बड़े हिट अलबम: आई वॉन्ट यू बैक, डॉन्ट स्टॉप टिल यू गेट एनफ़, बिली जॉन, बैड, ब्लैक और व्हाइट, अर्थ सांग
इसके पहले माइकल जैक्सन के घर से गुरुवार को आपातसेवाओं को किए गए फ़ोन कॉल की रिकॉर्डिंग का विवरण जारी किया गया.
इसमें फ़ोन करने वाले व्यक्ति को ये कहते सुना जा सकता है कि जैक्सन होश खो बैठे हैं और सांस नहीं ले रहे हैं और उनका ख़्याल उनके निजी डॉक्टर रख रहे हैं.
उनके दोस्तों और सहयोगियों ने कहा है कि उनके दर्द निवारक दवाओं के सेवन से वे चिंतित थे.
साँस रुकने की शिकायत के बाद स्थानीय समय के मुताबिक़ गुरुवार दोपहर के आसपास पैरामेडिक्स टीम को जैक्सन के लॉस एंजेलेस स्थित घर पर बुलाया गया.
बाद में उन्हें शहर के उकला हेल्थ सेंटर में भर्ती कराया गया. लेकिन दो घंटे बाद डॉक्टरों ने उनकी मौत की घोषणा कर दी.
जैक्सन परिवार की ओर से उनके भाई जरमेन जैक्सन ने पत्रकारों को बताया कि डॉक्टरों ने एक घंटे तक उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली.
माइकल जैक्सन की मौत की ख़बर आते ही अस्पताल के बाहर प्रशंसकों का ताँता लगना शुरू हो गया था.
दुनियाभर में शोक
माइकल जैक्सन के निधन के बाद दुनियाभर के संगीत प्रेमी शोक में डूब गए हैं. पचास वर्षीय माइकल जैक्सन का गुरुवार को लॉस एंजेलेस में निधन हो गया था.
माइकल जैक्सन पिछले कई सालों से वित्तीय और क़ानूनी संकट झेल रहे थे
जैक्सन के निधन पर अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ-साथ बीटल सर पॉल मैकार्टनी, मैडोना और कई जानी-मानी हस्तियों समेत अनेक देशों में फैले उनके प्रशंसकों ने दुख व्यक्त किया है और उन्हें श्रद्धांजलि दी है.
माइकल जैक्सन ने अपना संगीत करियर अपने परिवार के पॉप ग्रुप द जैक्सन फ़ाइव के साथ शुरू किया था.
लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने इस क्षेत्र में अपना स्थान बनाया. बिली जॉन और बैड जैसे सुपरहिट संगीत अलबम से उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रियता हासिल हुई.
वर्ष 1982 में रिलीज़ हुआ उनका संगीत अलबम थ्रिलर अब तक का सबसे ज़्यादा बिकने वाले अलबम है.
माइकल जैक्सन ने ब्रिटेन में भी कई बेहतरीन संगीत अलबम बनाए थे और 13 ग्रैमी अवार्ड्स भी जीते थे.
जैक्सन को कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएँ थी. लेकिन अगले महीने वे लंदन से अपना 'कमबैक' कॉंसर्ट शुरू करने वाले थे.
माइकल जैक्सन पिछले कई वर्षों से वित्तीय और क़ानूनी संकट झेल रहे थे और वर्ष 2001 के बाद से उन्होंने कोई बड़ा लाइव शो नहीं किया था.
जानी-मानी हस्तियों समेत अनेक देशों में फैले उनके प्रशंसकों ने दुख व्यक्त किया है


Click it and Unblock the Notifications











