माइकल जैक्सन को अंतिम विदाई
माइकल जैक्सन के परिवार और उनके प्रशंसकों ने एक भावुक स्मृति समारोह में उन्हें विदाई दी है. जैक्सन की 11 वर्षीया बेटी पेरिस ने आँसू रोकने की कोशिश करते हुए उन्हें 'सर्वश्रेष्ठ पिता' बताया.
जैक्सन का ताबूत लॉस एंजेलिस में स्टेपल्स सेंटर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्टेज के सामने ही रखा गया था. सबसे अंत में जैक्सन का परिवार उन्हें श्रद्धांजलि देने स्टेज पर पहुँचा और उनसे पहले लिओनेल रिची, स्टीवी वंडर और मारिया कैरी जैक्सन को श्रद्धासुमन अर्पित कर चुके थे.
बाद में जैक्सन के भाइयों, बच्चों और माता-पिता ने एक साथ मिलकर 'वी आर द वर्ल्ड' और 'हील द वर्ल्ड' गाने गाए. इसके बाद उन्होंने लोगों को संबोधित किया. जैक्सन की बेटी पेरिस ने माइक उठाया और कहा, "मैं सिर्फ़ ये कहना चाहती हूँ कि मैं जब से पैदा हुई थी डैडी से अच्छे पिता की तो कल्पना भी नहीं की जा सकती. और मैं यही कहना चाहती हूँ कि मैं उनसे बेहद प्यार करती हूँ."
मार्लन जैक्सन ने इस मौक़े पर अपने भाई माइकल की परेशानियों का ज़िक्र किया और कहा, "बिना भीड़ के इकट्ठा हुए सड़क पर अकेले न चल पाना, हर समय लोगों की पैनी निगाहों से परखा जाना, मज़ाक उड़ाया जाना- आख़िर कोई कितना दर्द सह सकता है." मार्लन का कहना था, "माइकल वो लोग तुम्हें शायद अब अकेला छोड़ दें."
स्मृति सभा की शुरुआत में जैक्सन के भाई सोने के रंग वाले फूलों से सजा ताबूत उस हॉल में लाए जहाँ कार्यक्रम हो रहा था. उसके बाद जब स्टेज पर लगे बड़े पर्दे पर जैक्सन के जीवन की कहानी दिखाई गई तो उस हॉल में मौजूद 17,500 लोगों ने जमकर तालियाँ बजाईं.
इस मौक़े पर दक्षिण अफ़्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला और कुछ अन्य लोगों के संदेश पढ़े गए जो उस कार्यक्रम में हिस्सा नहीं ले सके. कार्यक्रम के बाद एक प्रशंसक मैरियन ग्रीन ने बीबीसी को बताया कि उनका दिल भी रो रहा था.
उन्होंने कहा, "वह बहुत ही ख़ूबसूरत कार्यक्रम था. बहुत से लोग खड़े हुए और उन्होंने काफ़ी अच्छी बातें कहीं." पामेला ग्रीन ने कहा, "हम कुछ चुटकुलों पर हँसे मगर हर कोई रोया. मैंने आज तक ऐसा नहीं देखा था."
दुनिया भर में लाखों लोगों ने ये कार्यक्रम टेलीविज़न पर देखा. परिवार के लोगों के लिए शव यात्रा की व्यवस्था फॉरेस्ट लॉन कब्रगाह में की गई थी. जैक्सन को अलविदा कहने के लिए क़रीब दस लाख लोगों ने आवेदन किया था लेकिन लॉटरी के ज़रिए क़रीब नौ हज़ार लोगों को दो-दो टिकट दिए गए हैं. हज़ारों की संख्या में वो लोग भी स्टेपल्स सेंटर पहुँचे थे जिनके पास टिकट नहीं था. इनमें से एक ब्रिटेन की विक्की स्पेंसर का कहना था, ''मैं बस यहाँ आना चाहती थी. मैं इसका हिस्सा बनना चाहती थी.''


Click it and Unblock the Notifications