जैक्सन की मां को मिली बच्चों की कस्टडी
दिवंगत पाप स्टार माइकल जैक्सन के बच्चों के देखभाल की जिम्मेदारी अब पूरी तरह से उनकी मां कैथरीन जैक्सन के पास आ चुकी है।
लास एंजेलिस की एक अदालत ने दिवंगत पॉप गायक माइकल जैक्सन के बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी स्थाई रूप से उनकी मां कैथरीन को सौंप दी है। 25 जून को जैक्सन की मौत के बाद से ही 79 वर्षीया कैथरीन उनके तीन बच्चों प्रिंस माइकल, पेरिस और प्रिंस माइकल टू की देखभाल कर रही हैं।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार लास एंजेलिस की सर्वोच्च अदालत ने सोमवार को कैथरीन को जैक्सन के बच्चों की देखभाल का अधिकार दिया। बच्चों की देखभाल के मुद्दे पर कैथरीन और जैक्सन की पूर्व पत्नी डेबी रो के बीच विवाद चल रहा था।
अदालत का आदेश जैक्सन की पूर्व पत्नी डेबी रो के साथ समझौते के बाद आया है जो प्रिंस माइकल और पेरिस की मां हैं। उनका वर्ष 1999 में तलाक हो गया था। नए समझौते के तहत डेबी को अपने दोनों बच्चों से मिलने का अधिकार होगा।
वर्ष 2002 की वसीयत में जैक्सन ने अपने बच्चों की जिम्मेदारी मां को सौंपी थी। न्यायाधीश मिचेल बेकलॉफ ने कहा कि पिछले हफ्ते बच्चों की देखभाल के मुद्दे पर कैथरीन और डेबी के बीच समझौता हुआ था।
अदालत ने जैक्सन की संपत्ति में से कैथरीन को मासिक भत्ता दिए जाने को भी मंजूरी दे दी। हालांकि यह खुलासा नहीं किया गया कि कैथरीन को प्रत्येक महीने कितनी राशि मिलेगी। जैक्सन के बच्चों को भी हर महीने कुछ राशि दिए जाने का आदेश दिया गया है।


Click it and Unblock the Notifications











