विक्टोरिया रोज जाती हैं, ब्यूटी पार्लर
इंग्लैंड के मशहूर फुटबाल स्टार डेविड बेकहम की पत्नी और 'स्पाइस' बैंड की पूर्व सदस्य विक्टोरिया बेकहम अपनी सुंदरता को लेकर इतनी सजग हैं कि इसे बरकरार रखने के लिए वह प्रतिदिन ढाई घंटे ब्यूटी पार्लर मे बिताती हैं।
वेबसाइट 'कांटेक्ट म्यूजिक डॉट कॉम' के मुताबिक गायिका से फैशन डिजाइनर बनीं विक्टोरिया इन दिनों अपनी ही काया से नाखुश हैं और उन्होंने ठान लिया है कि इसे ठीक किए बगैर वह सार्वजनिक स्थलों पर नहीं जाएंगी।
एक सूत्र ने कहा, "विक्टोरिया ने एक तरह की कसम खा रखी है। वह तब तक सार्वजनिक स्थलों पर नहीं जाएंगी, जब तक कि उनकी काया उसके लायक नहीं हो जाती। यही कारण है कि वह रोजाना ढाई घंटे ब्यूटी पार्लर में बिताती हैं। वह मालिश कराने के साथ-साथ मेनीक्योर, पेडीक्योर और बालों की सुंदरता पर ध्यान दे रही हैं।"
विक्टोरिया और डेविड के तीन बच्चे हैं। बड़े बेटे ब्रूकलिन 10 वर्ष के हैं जबकि रोमयो सात और क्रूज चार वर्ष के हैं।
विक्टोरिया ने हाल ही में कहा था कि वह अपने होंठों की कास्मैटिक सर्जरी कराने के बारे में सोच रही हैं क्योंकि उनकी सुंदरता में कमी आ गई है और वह असुरक्षित महसूस करने लगी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications