ब्रिटेन के ऑस्कर अवार्ड शो में 'द आर्टिस्ट' का जलवा

ब्रिटिश फिल्म एकेडमी द्वारा दिए जाने वाले इन पुरस्कारों को ब्रिटेन का ऑस्कर माना जाता है। लंदन के रॉयल ओपेरा हाउस में फिल्मी हस्तियों से भरे कार्यक्रम में फिल्म द आर्टिस्ट को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिला। इस दौड़ में फिल्म ने द हेल्प और द डिसेंडेंट्स जैसी फिल्मों को पछाड़ा। इस ही फिल्म के लिए माइकल हैजेनाविशियस को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और सर्वश्रेष्ठ मूल पटकथा का पुरस्कार दिया गया।
द आर्टिस्ट को तीन गोल्डन ग्लोब पुरस्कार भी मिले थे साथ ही इसे ऑस्कर पुरस्कारों के लिए 10 श्रेणियों में नामंकित किया गया है। द आर्टिस्ट में मुख्य किरदार निभाने वाले ज्यां दुजार्दिन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला। दुजार्दिन के अभिनय के लिए उन्हें ऑस्कर पुरस्कार के लिए भी नामित किया गया है। उन्होंने बाफ्टा के लिए जॉर्ज क्लूनी, गैरी ओल्डमैन, ब्रैड पिट जैसे अभिनेताओं को इस दौड़ में पछाड़ा।
सर्वश्रेष्ठ संगीत, सिनेमैटोग्राफी और परिधान का पुरस्कार भी द आर्टिस्ट की झोली में आया। साथ ही जैसे कयास लगाए जा रहे थे, सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मेरिल स्ट्रीप को ही मिला। स्ट्रीप ने फिल्म आयरन लेडी में प्रथम ब्रिटिश महिला प्रधानमंत्री माग्र्रेट थैचर का किरदार निभाया है। इस भूमिका के लिए उन्हें गोल्डन ग्लोब पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है।
सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेता बिगिनर्स के लिए क्रिस्टोफर प्लमेर और फिल्म 'द हेल्प' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार ओक्टेविया स्पेंसर को दिया गया। एडवेंचर्स ऑफ टिनटिन को पछाड़ते हुए रैंगो को सर्वश्रेष्ठ ऐनीमेटेड फिल्म और टिंकर टेलर शोल्जर स्पाई को सर्वश्रेष्ठ रूपांतरित पटकथा और सर्वश्रेष्ठ ब्रिटिश फिल्म का पुरस्कार मिला।
स्पैनिश फिल्म 'द स्किन आई लिव इन' को सर्वश्रेष्ठ गैर अंग्रेजी फिल्म का पुरस्कार बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर द्वारा दिया गया। हैरी पार्टर एंड डैथली हैलोज़ को बेहतरीन दृश्य प्रभाव का पुरस्कार दिया गया।


Click it and Unblock the Notifications