कई शादियां और तमाम रिलेशनशिप, पर्दे पर कहलाई S*X सिंबल, 91 की उम्र में सबसे बोल्ड एक्ट्रेस की मौत
Brigitte Bardot Death: यूरोपीय सिनेमा और ग्लैमर की दुनिया का एक बड़ा नाम अब हमारे बीच नहीं रहा। फ्रेंच और हॉलीवुड फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाने वाली मशहूर अभिनेत्री और गायिका ब्रिजिट बार्डो का 91 साल की उम्र में निधन हो गया। वह सिर्फ एक फिल्म स्टार नहीं थीं, बल्कि उन्होंने अपने समय में सोच, फैशन और महिलाओं की आज़ादी को लेकर लोगों की नजर बदल दी।

सबसे बोल्ड एक्ट्रेस
1950 और 1960 के दशक में ब्रिजिट बार्डो का नाम खूबसूरती, बोल्ड अंदाज़ और ग्लैमर का दूसरा नाम बन गया था। उस दौर में जब महिलाओं को एक तय दायरे में देखा जाता था, बार्डो ने उस सोच को तोड़ा। उन्होंने खुलकर जीना सिखाया और यही वजह रही कि लोग उनसे इतना जुड़ गए। उनकी वजह से फ्रेंच सिनेमा को दुनिया भर में पहचान मिली।
बेहद कम उम्र में ग्लैमर की दुनिया में एंट्री
ब्रिजिट बार्डो का जन्म 1934 में पेरिस में हुआ था। वह एक साधारण और अनुशासित परिवार में पली-बढ़ीं। बचपन में उन्होंने डांस सीखा। उनकी खूबसूरती और आत्मविश्वास इतनी अलग थी कि कम उम्र में ही वह एक मैगजीन के कवर पर आ गईं। यहीं से फिल्मों के ऑफर मिलने लगे और देखते ही देखते वह फिल्मों की दुनिया में छा गईं।
'सेक्स सिंबल' के रूप में देखी गईं
1956 में आई फिल्म एंड गॉड क्रिएटेड वुमन ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्टार बना दिया। इस फिल्म के बाद हर कोई उनके बारे में बात करने लगा। अगले कई सालों तक वह पर्दे पर ग्लैमर और आकर्षण की पहचान बनी रहीं और अगले दो दशकों तक वह पर्दे पर 'सेक्स सिंबल' के रूप में देखी गईं, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने गंभीर और चुनौतीपूर्ण भूमिकाएं भी निभाईं।
फिल्मों के साथ-साथ उन्हें गाने का भी शौक था। उन्होंने कई फ्रेंच गाने गाए, जिन्हें लोगों ने खूब पसंद किया। मशहूर गायकों और संगीतकारों के साथ उनके गाने आज भी सुने जाते हैं।
अचानक छोड़ दी एक्टिंग
जब उनका करियर अपने सबसे ऊंचे मुकाम पर था, तब उन्होंने फिल्मों से दूर जाने का फैसला किया। 1973 में आखिरी फिल्म करने के बाद उन्होंने हमेशा के लिए एक्टिंग छोड़ दी। यह फैसला उनके फैंस के लिए चौंकाने वाला था, लेकिन बार्डो अपनी ज़िंदगी को नए तरीके से जीना चाहती थीं।
कई शादियां और रिलेशनशिप
उनकी निजी ज़िंदगी भी हमेशा चर्चा में रही। उन्होंने कई शादियां कीं और उनके रिश्तों को लेकर खूब बातें हुईं। अपने पीछे वह एक बेटे और ऐसी यादें छोड़ गई हैं, जो सिनेमा से कहीं आगे तक जाती हैं। ब्रिजिट बार्डो भले ही अब हमारे साथ नहीं हैं, लेकिन उनका अंदाज़, उनका साहस और उनका असर लोगों के दिलों में हमेशा ज़िंदा रहेगा।


Click it and Unblock the Notifications













