विनफ़्री सबसे प्रभावशाली सेलिब्रिटी

फ़ोर्ब्स की सबसे प्रभावशाली सेलिब्रिटी सूची पिछले 12 महीनों में उनकी कमाई और मीडिया जगत में उनकी प्रसिद्धि के आधार पर तैयार की गई है. सूची में कुल 100 सेलिब्रिटी शामिल किए गए हैं.
सूची तैयार करने में इन बातों को भी आधार बनाया गया कि इन लोगों को जानी मानी पत्रिकाओं के कवर पर कितनी बार जगह दी गई और गूगल सर्च में उनकी मौजूदगी कैसी रही.
विनफ़्री अमरीकी चैट शो की प्रस्तुतकर्ता हैं और पिछले साल उनकी कमाई 31 करोड़ 50 लाख डॉलर रही. नामीगिरामी पत्रिकाओं के कवर पर वो सबसे ज़्यादा दिखाई गईं, साथ ही फ़ेसबुक और ट्विटर जैसी सोशल नैटवर्किंग वेबसाइट पर उनकी मौजूदगी भी सबसे अधिक रही.
बियोंस नॉवल्स और गागा भी
पॉप गयिका बियोंस नॉवल्स और लेडी गागा फ़ोर्ब्स सूची में पहले पांच स्थानों पर हैं. सूची में वैम्पायर मूवी सीरिज़ ट्विलाइट के 24 वर्षीय सितारे रॉबर्ट पैटिंशन भी शामिल हैं.
अमरीकी पॉप गायिका लेडी गागा फ़ोर्ब्स सूची में सबसे कम उम्र की शख्सियत हैं. सूची में वो चौथे स्थान पर हैं, इस तरह वो मैडौना और ब्रिटनी स्पियर्स जैसे स्थापित कलाकारों से काफ़ी आगे हैं. लेडी गागा की आय छह करोड़ 20 लाख डॉलर आंकी गई है.
ट्विलाइट सीरिज़ में एडवर्ड कलेन की भूमिका अदा करने वाले रॉबर्ट पैटिंशन को इस सूची में 50वें स्थान में रखा गया है. उनकी कमाई एक करोड़ 70 लाख डॉलर आंकी गई है.
अमरीकी टैलेंट शो अमरीकन आइडल में जज के तौर पर दिखने वाले साइमन कोवेल इस सूची में 11वें स्थान पर हैं.


Click it and Unblock the Notifications











