शादी नही करेंगे एनरिक-कुर्निकोवा
स्पेन के स्टार गायक एनरिक इग्लेसियास ने कहा है कि वह रूस की पूर्व टेनिस स्टार अन्ना कुर्निकोवा से तहे दिल से प्यार करते हैं लेकिन फिलहाल वह कुर्निकोवा के साथ शादी रचाने के बारे में नहीं सोच रहे हैं।
इग्लेसियास ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, "कुर्निकोवा बेहद आकर्षक हैं। मेरे लिए वह उपयुक्त साथी हैं लेकिन अगर आप मुझसे यह पूछना चाहते हैं कि मैं उनके साथ शादी रचाने जा रहा हूं या नहीं, तो मेरा जवाब नहीं ही होगा क्योंकि मैंने इस बारे में अभी तक सोचा ही नहीं है।"
इग्लेसियास ने कहा, "यह एक कड़वी सच्चाई है कि लोग शादी करते हैं और फिर तलाक भी ले लेते लेकिन मैं शादी के बारे में कभी नहीं सोचता। शायद मैं 90 साल का होने तक इस बारे में सोचना नहीं चाहता।"
कुर्निकोवा और इग्लेसियास 2002 से ही साथ रह रहे हैं। कुर्निकोवा अपने प्रेमी के वीडियो 'इस्केप' में इग्लेसियास की प्रेमिका की भूमिका निभा चुकी हैं। बीते दिनों खबर आई थी कि कुर्निकोवा और इग्लेसियास ने अलग होने का फैसला किया है लेकिन दोनों ने इसे नकार दिया।


Click it and Unblock the Notifications











