चे ग्वेरा की पत्नी से मिली कैटालीना
महान क्रांतिकारी अर्नेस्टो चे ग्वेरा के जीवन पर आधारित एक फिल्म में अपने किरदार को यथार्थवादी व जीवंत बनाने में चे की पत्नी एलीडा ने मदद दी है। इस किरदार को कोलंबियाई अभिनेत्री कैटालीना सैनडिनो निभा रही हैं।
ईएफई न्यूज एजेंसी के मुताबिक सैनडिनो ने इस भूमिका को जीवंत बनाने में चे की विधवा से मदद मांगी और वह इसके लिए तैयार हो गईं। इस अभिनेत्री ने एजेंसी से बातचीत करते हुए कहा, "उन्हें इस रोल को यथार्थवादी बनाने में मेरी काफी मदद की। खासकर, उन्होंने मुझे अपने जीवन की कई बारीक पहलुओं से अवगत कराया।"
स्टीवन सॉडरबर्ग की इस फिल्म में चे की क्रांतिकारी जिंदगी को केंद्र में रखा गया है। अभिनेत्री ने कहा, "जब चार घंटे, 17 मिनट की इस फिल्म के लिए मुझे चुना गया तो मैं थोड़ी नर्वस हुई। मैंने इस भूमिका को यादगार बनाने के लिए चे की पत्नी के बारे में तमाम तरह की जानकारियां जुटानी शुरू कर दी। फिर मैंने सोचा कि क्यों ना चे की 72 वर्षीया पत्नी से ही संपर्क साध लिया जाए। मैंने क्यूबा जाकर उनसे मिलने का फैसला किया।"
अभिनेत्री ने चे की पत्नी के साथ दो सप्ताह बिताए। इससे अभिनेत्री को उनकी जिंदगी के विभिन्न पहलुओं से वाकिफ होने का मौका मिला।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications