ब्रायन के संगीत समारोह को अनुमति नहीं, प्रशंसक परेशान

दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता रंजन भगत ने आईएएनएस को बताया, "जहां तक मैं जानता हूं, कार्यक्रम आयोजकों को अब तक अनापत्ति प्रमाणपत्र नहीं दिया गया है।"दक्षिण दिल्ली के ओखला औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एनएसआईसी प्रदर्शनी मैदान में मंगलवार शाम ब्रायन के संगीत समारोह का आयोजन होना था। दिल्लीवासी पहले ही इसके लिए टिकट खरीद चुके हैं।
संगीत समारोह का इंतजार कर रहे प्रशंसक परेशान हैं। ब्रायन के शो के लिए मंगलवार तड़के चण्डीगढ़ से दिल्ली पहुंते रोहित चौहान कहते हैं कि वह अपनी पत्नी के साथ इसी कार्यक्रम के लिए यहां आए लेकिन अब यह सब कुछ पता चलने के बाद उन्हें बहुत निराशा हुई है।शो का टिकट खरीदने में अपने जेब खर्च के दो हजार रुपये खर्च कर चुकी दिल्ली की छात्रा चारू सिंह अब भी संगीत समारोह होने की उम्मीद कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वह ब्रायन की प्रशंसक हैं और उम्मीद करती हैं कि उनका कार्यक्रम होगा।
कार्यक्रम आयोजक नेटसर्फ एंटरटेनमेंट के प्रवक्ता का कहना है, "हमारी ब्रायन के दल के साथ बैठक चल रही है। हम बैठक के बाद ही इस बात की पुष्टि कर सकेंगे कि यह कार्यक्रम होगा अथवा नहीं।"सोमवार को हुई अचानक बारिश भी आयोजकों के लिए अड़चनें पैदा कर रही है। वैसे ब्रायन ने दिल्ली में अपने शो को लेकर उम्मीद नहीं खोई है।
उन्होंने सोमवार की रात ट्विटर पर लिखा था, "मैं दिल्ली में हूं और संगीत समारोह के आयोजन को लेकर पुलिस के फैसले का इंतजार कर रहा हूं। जहां तक मेरा सवाल है तो मैं यही कहूंगा कि शो होगा, हम अपने प्रशंसकों के मनोरंजन के लिए यहां पहुंच गए हैं।"दिल्ली पुलिस एक अधिकारी ने बताया, "हमने अनापत्ति प्रमाणपत्र रोक लिया है क्योंकि स्थानीय पुलिस से सूचना मिली है कि आयोजकों ने कार्यक्रम स्थल की क्षमता से अधिक टिकटों की बिक्री की है। इसलिए कार्यक्रम का प्रबंध मुश्किल होगा।" ब्रायन इन दिनों भारत में पांच शहरों की संगीत यात्रा पर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











