'कुर्बान' के प्रोमो से विवेक गायब!
फिल्म 'कुर्बान' के प्रोमो में केवल अभिनेता सैफ अली खान और अभिनेत्री करीना कपूर ही दिखाई दे रहे हैं जबकि अभिनेता विवेक ओबेराय मुश्किल से ही कहीं दिखते हैं। फिल्म के निर्देशक रेनसिल डीसिल्वा कहते हैं कि विवेक का किरदार फिल्म के रहस्य से जुड़ा हुआ है और यदि उन्हें ज्यादा दिखाया गया तो रहस्य खत्म हो सकता है।
डीसिल्वा कहते हैं, "यह एक बहुत ही अनोखी स्थिति है। विवेक मुख्य किरदारों में से हैं। लेकिन उनका लगभग हर दृश्य फिल्म के रहस्य को दूर कर सकता है। हम क्या करें?" निर्देशक ने इस संबंध में विवेक से बात की थी।
डीसिल्वा ने कहा, "मैंने विवेक से बात की और उन्हें अपनी यह दुविधा बताई। उन्हें फिल्म के प्रोमो में कम दिखाए जाने पर कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने कहा कि फिल्म के लिए जो सही हो वही करें क्योंकि एक बार जब फिल्म प्रदर्शित होगी तो उनके किरदार का सच अपने आप सामने आ जाएगा।"
डीसिल्वा कहते हैं कि विवेक ने फिल्म के लिए कड़ी मेहनत की है। वह कहते हैं कि फिल्म के 80 प्रतिशत हिस्से में विवेक हैं।
आतंकवाद पर आधारित यह फिल्म 20 नवम्बर को प्रदर्शित होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications