वरूण धवन की भतीजी अंजिनी धवन के पास पांच फिल्मों के ऑफर, करण जौहर के साथ होगा डेब्यू
वरूण धवन की शादी के बाद से उनकी भतीजी अंजिनी धवन काफी लाईमलाईट में आ चुकी हैं। और अब अंजिनी धवन के डेब्यू की खबरों से गपशप गली गुलज़ार है। माना जा रहा है कि जब से अंजिनी धवन लाईमलाईट में आई हैं तब से उनके पास ऑफर ही ऑफर हैं। अंजिनी के पास चार से पांच फिल्मों की स्क्रिप्ट्स हैं जिन्हें वो पढ़ रही हैं।
लेकिन अब ये तय माना जा रहा है कि अंजिनी धवन को फिल्मों में लॉन्च करेंगे खुद करण जौहर। ठीक वैसे ही जैसे कि चाचू वरूण धवन को लॉन्च किया गया था। अंजिनी अपने डेब्यू की तैयारी भी शुरू कर चुकी हैं।

अंजिनी का ग्रांड डेब्यू 2022 में माना जा रहा है। अंजिनी ने अपने डेब्यू के लिए दो डांस फॉर्म सीखना शुरू कर दिए हैं - पहला कथक और दूसरा जैज़। हालांकि अंजिनी का डेब्यू किसके साथ होगा ये फिलहाल तय नहीं माना जा रहा है। लेकिन अंजिनी के साथ स्टार किड्स की पूरी नई खेप अपना डेब्यू करने को तैयार हैं।
इनमें अंजिनी की बेस्ट फ्रेंड खुशी कपूर, शाहरूख खान की बेटी सुहाना खान, अमिताभ बच्चन की बेटी श्वेता नंदा के बेटे अगस्त्य नंदा, सैफ अली खान के बेटे इब्राहिम अली खान, आमिर खान के बेटे जुनैद खान, चंकी पांडे के भतीजे अहान पांडे जैसे नाम शामिल हैं। इतना ही नहीं, करण जौहर भी खुद कुछ स्टार किड्स को लॉन्च करने की तैयारी में हैं।

शनाया कपूर का डेब्यू
करण जौहर की कंपनी शनाया कपूर के डेब्यू की तैयारी कर रही हैं। शनाया की मां महीप कपूर और संजय कपूर, करण जौहर के काफी करीबी हैं। महीप कपूर ने भी हाल ही में करण जौहर के नेटफ्लिक्स शो Fabulous Lives of Bollywood Wives के साथ अपना डेब्यू किया है। शनाया का डेब्यू गुरफतह पीरज़ादा और लक्ष्य लालवानी के साथ होने वाला है। ये तीनों सितारे करण जौहर की टैलेंट एजेंसी का हिस्सा हैं।

इब्राहिम अली खान
सैफ अली खान के बेटे इब्राहिम अली खान भी करण जौहर की फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में उन्हें असिस्ट कर रहे हैं और माना जा रहा है कि ये इब्राहिम के डेब्यू की तैयारी हो सकती है। इससे पहले करण जौहर को कई स्टार किड्स ने असिस्ट किया है।

लॉन्च की शुरूआत
करण जौहर ने नए टैलेंट को लॉन्च करने की शुरूआत की थी अपनी फिल्म स्टूडेंट ऑफ द ईयर के साथ। इस फिल्म में करण जौहर ने जहां चार नए चेहरों को लॉन्च किया था जिनमें से तीन स्टार किड्स थे। पहली थीं महेश भट्ट की बेटी आलिया भट्ट। हालांकि, जब आलिया ने फिल्म के लिए ऑडीशन दिया था तो करण जौहर जानते भी नहीं थे कि वो महेश भट्ट की बेटी हैं।

वरूण धवन
करण जौहर की फिल्म के दूसरे स्टार किड थे डेविड धवन के बेटे वरूण धवन। वरूण के साथ ही करण ने फिल्म में मुख्य भूमिका में सिद्घार्थ मल्होत्रा को भी लॉन्च किया था जो इंडस्ट्री के बाहर के चेहरे थे। सिद्धार्थ और वरूण, दोनों ने ही करण जौहर को उनकी फिल्म माई नेम इज़ खान में असिस्ट किया था।

कयोज़ ईरानी
इसके साथ ही करण जौहर ने सपोर्टिंग कास्ट में बमन ईरानी के बेटे कयोज़ ईरानी को लॉन्च किया था। कयोज़ ने इस फिल्म में करण जौहर को असिस्ट भी किया था। अब करण जौहर कयोज़ को एक डायरेक्टर की तरह लॉन्च करने वाले हैं और उनकी पहली फिल्म की तैयारी चल रही है।

जान्हवी कपूर
करण जौहर ने 2018 में धड़क के साथ श्रीदेवी की बेटी जान्हवी कपूर को लॉन्च किया। जान्हवी कपूर के लॉन्च पर सबकी निगाहें थीं क्योंकि उनकी डेब्यू फिल्म को लेकर काफी लंबे समय से अटकलें लगाई जा रही थीं। माना ये भी जा रहा था कि जान्हवी हिंदी की जगह साउथ फिल्म इंडस्ट्री से अपना फिल्म डेब्यू कर सकती हैं।

इशान खट्टर
जान्हवी कपूर के साथ करण जौहर ने धड़क में लॉन्च किया शाहिद कपूर के भाई इशान खट्टर को। इशान और जान्हवी की जोड़ी पहली ही फिल्म से फैन्स को काफी पसंद आई थी। लोग इन्हें साथ में देखना भी चाहते थे लेकिन अभी तक दोनों ने दोबारा कोई फिल्म साईन नहीं की।

अनन्या पांडे
करण जौहर ने चंकी पांडे की बेटी अनन्या पांडे को भी स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2 के साथ लॉन्च किया। इस फिल्म में अनन्या अकेली स्टार किड नहीं थी। फिल्म में अनन्या के साथ थे जैकी श्रॉफ के बेटे टाईगर श्रॉफ। वहीं इस फिल्म से करण जौहर ने तारा सुतारिया को भी लॉन्च किया।

अक्सर आती रही हैं खबरें
इन स्टार किड्स के अलावा, अक्सर खबरें आती रही हैं कि करण जौहर, अपनी खास दोस्त श्वेता बच्चन नंदा की बेटी और अमिताभ बच्चन की नातिन नव्या नवेली नंदा को लॉन्च करना चाहते हैं। हालांकि नव्या ने कभी फिल्मों में ज़्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई है। लेकिन अब जब नव्या के भाई अगस्त्य के डेब्यू की खबरें सामने आ रही हैं, हो सकता है कि जल्दी ही नव्या भी अपना मन बदल लें।

आर्यन खान भी करने वाले थे असिस्ट
करण जौहर को शाहरूख खान के बेटे आर्यन खान, उनकी आने वाली फिल्म तख्त में असिस्ट करने वाले थे। माना जा रहा है कि करण जौहर और शाहरूख खान मिलकर आर्यन के डेब्यू के लिए कोई बड़ा धमाका कर सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications











