स्क्रीन पुरुस्कार ना पाने का गम नहीं : 'बाल्की'
बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन, अभिनेता अभिषेक बच्चन और अभिनेत्री विद्या बालन की भूमिका वाली फिल्म 'पा' का निर्देशन कर चुके निर्देशक बाल्की को उनकी इस फिल्म को स्क्रीन पुरस्कार न मिलने का कोई गम नहीं है। प्रसिद्ध स्क्रीन पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ निर्देशन और सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार राजकुमार हिरानी की फिल्म 'थ्री इडियट्स' को मिला है। 'थ्री इडियट्स' ने बाल्की की फिल्म 'पा' को पीछे छोड़ दिया है।
विज्ञापन की दुनिया से फिल्मों की दुनिया में आए बाल्की कहते हैं कि वह इस पुरस्कार समारोह में शामिल ही नहीं होना चाहते थे। उनका कहना है, " विज्ञापन के क्षेत्र में काम के दौरान मैं कभी भी इस क्षेत्र से जुड़े़ पुरस्कार समारोहों में शामिल नहीं हुआ। जाहिर है कि मैंने फिल्मों के लिए भी यही सोचा था। हालांकि बच्चन साहब और अभिषेक चाहते थे कि मैं पुरस्कार समारोह में उनके साथ मौजूद रहूं इसलिए मैं वहां गया था। यह बहुत मजेदार रहा। मैं अमितजी, विद्या, बाल कलाकार विष्णु और अरुंधति नाग के लिए रोमांचित था।"
फिल्म 'पा' को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक या सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार न मिलने पर बाल्की ने कहा, "इसका केवल इतना ही मतलब है कि 'पा' की अपेक्षा 'थ्री इडियट्स' अधिक लोगों ने देखी है। इस बात को मैं खुशी से स्वीकार करता हूं। मैंने भी 'थ्री इडियट्स' देखी है और यह अच्छी फिल्म है।
अभिनेत्री तब्बू के साथ 'चीनी कम' में और विद्या के साथ 'पा' में काम कर चुके बाल्की आगे करीना के साथ काम करने के विषय में सोच रहे हैं। करीना के अलावा वह दीपिका पादुकोण के साथ भी काम करने के इच्छुक हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications