जैकलीन का सपना पूरा हुआ
टेलीविजन उद्घोषिका से राजनीतिक संवाददाता और फिर मॉडल बनीं श्रीलंकाई सुंदरी जैकलीन फर्नान्डेस का सपना 'अलादीन' फिल्म में साकार होने जा रहा है। वह बचपन से ही भारतीय फिल्म में अभिनय करना चाहती थीं।
बहरीन और श्रीलंका में कई टेलीविजन कार्यक्रमों की मेजबानी कर चुकी जैक्लीन ने कहा, "यद्यपि मैं श्रीलंकाई मूल की हूं लेकिन मेरी पैदाइश और परवरिश बहरीन में हुई। बाद में मैंने ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई की और फिर श्रीलंका लौटकर अपने दादा-दादी के साथ रहने लगी और एक टेलीविजन स्टेशन पर काम करना शुरू कर दिया।"
उन्होंने कहा, "मैं 14 बरस की उम्र से टेलीविजन पर काम कर रही हूं। मैंने बहरीन में एक फिटनेस शो की सह-मेजबानी की थी। बाद में मैं बहरीन ग्रीष्म उत्सव की मुख्य संवाददाता बनी।"
जैक्लीन कहती हैं, "मैं जब आठ बरस की थी तभी से एक बहुत बड़ी अभिनेत्री बनना चाहती थी। मैं बड़ी हुई, पढ़ाई की, टेलीविजन पर काम किया लेकिन फिल्मों में काम नहीं कर सकी।"
2006 में वह 'मिस श्रीलंका' चुनी गईं। इसके बाद उन्होंने लास एंजेलिस में आयोजित विश्व सुंदरी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और फिर कभी भी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
जब जैक्लीन श्रीलंका में आयोजित फैशन शो में मॉडलिंग कर रही थीं। उस समय उन्हें भारत आने की सलाह दी गई थी। वह कहती हैं, "मैंने भारत आने की सारी तैयारियां कर लीं। निर्देशक सुजोय (घोष) ने मुझे 'अलादीन' में जैस्मीन का किरदार करने के लिए अनुबंधित कर लिया था।"
फिल्म 'अलादीन' के साथ जैक्लीन का बरसों पहले देखा सपना सच होने जा रहा है।
30 अक्टूबर को प्रदर्शित होने जा रही 'अलादीन' में अमिताभ बच्चन, संजय दत्त और रीतेश देशमुख ने भी अभिनय किया है।


Click it and Unblock the Notifications