प्रतिद्वंदी नहीं दुश्मन हैं शाहरूख और अमिताभ
अमिताभ बच्चन और शाहरूख खान के बीच चल रहे शीत युद्ध का पता आखिरकार सबको चल ही गया. कई दिनों से चली आ रही अपनी लड़ाई को दोनों नकार रहे थे मगर पिछले दिनों अंधेरी के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पुलिस मेला के आयोजन के दौरान अमिताभ ने अपनी तरफ से शाहरूख के खिलाफ शस्त्र निकाल लिए.
दरअसल हुआ यूं कि शाहरूख के आगमन से पहले अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन तथा ऐश्वर्या राय बच्चन कार्यक्रम को काफी इंजॉय कर रहे थे मगर ठीक साढे दस बजे जैसे ही शाहरूख अपनी ओम शांति ओम टीम के साथ वहां पहुंचे अमिताभ की आंखों में खटक गए. शाहरूख ने अमिताभ को देखकर औपचारिकता निभाने के ख्याल से उनसे हाथ मिलाया मगर महानायक अमिताभ अपने आस-पास के लोगों का ख्याल न करते हुए शाहरूख को देखते ही वहां से उठे और बाहर निकल गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अमिताभ का रवैया काफी चौंकाने वाला था. विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार दोनों के बीच इस लडाई की शुरुआत हुई स्टार प्लस के कार्यक्रम कौन बनेगा करोड़पति में शाहरूख खान के प्रवेश से. यह तो सभी जानते हैं शाहरूख से पहले इस कार्यक्रम के होस्ट अमिताभ थे मगर अमिताभ के बीमार पड़ने के कारण यह काम शाहरूख की झोली में जा गिरा.
अमिताभ के साथ साथ पूरा बच्चन परिवार शाहरूख से नाराज़ है. हो भी क्यों न अभिषेक की शादी के बाद से अपने जन्मदिन पर प्रशंसकों द्वारा मिलने वाली शुभकामनाओं से भी अमिताभ हाथ धो बैठे. इस बार अमिताभ की बजाय शाहरूख के जन्मदिन पर शाहरूख के बंगले के बाहर बधाइयां देनें के लिए प्रशंसकों का तांता लगा हुआ था.
शाहरूख ने अमिताभ के स्टाइल में सभी के उपहार और अभिवादन को अपनाया. इसे देखकर यह बात सच साबित हो जाती है कि इतिहास अपने आपको दोहराता ज़रूर है. अमिताभ और शाहरूख रवि चोपडा की फिल्म भूतनाथ में एक साथ काम कर रहे हैं. ज़ाति ज़िंदगी में एक-दूसरे को अपना प्रतिद्वंदी मानने वाले, इस फिल्म में अमिताभ भूतनाथ के रूप में शाहरूख के बेटे के दोस्त बनें हैं.


Click it and Unblock the Notifications